Haryana News: बकरीद से पहले नूंह में पुलिस अलर्ट, आसमान से ड्रोन रखेंगे नजर, गायों का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार

बकरीद पर प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी रोकने के लिए नूंह पुलिस ने हर गौपालक का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया है। गांवों और पशु पालकों की मैपिंग की गई है।

Haryana News

Wrriten By :

Nivedita Kasaudhan

Published On :

मई 28, 2026

Haryana News: हरियाणा के नूंह (मेवात) जिले में आगामी बकरीद के त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने और प्रतिबंधित पशुओं की अवैध कुर्बानी व तस्करी पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए पुलिस प्रशासन ने एक अभूतपूर्व और बेहद सख्त सुरक्षा खाका तैयार किया है। संवेदनशील इलाकों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए नूंह पुलिस इस बार हाईटेक तकनीक और व्यापक स्तर पर मैपिंग का सहारा ले रही है। प्रशासन ने न केवल सुरक्षाबलों की भारी तैनाती की है, बल्कि असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए आसमान से लेकर जमीन तक चौतरफा घेराबंदी कर दी है।

Haryana News: कैथल ITI में दाखिले की तैयारी पूरी, छात्रों के लिए विशेष इंतजाम

हाईटेक सुरक्षा

इस बार नूंह पुलिस ने गोकशी और अवैध परिवहन को रोकने के लिए एक अनोखा और बेहद कड़ा कदम उठाया है। जिले के भीतर मौजूद तमाम दुधारू और पालतू पशुओं, विशेषकर गायों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने एक विस्तृत डिजिटल डेटाबेस तैयार किया है। पुलिस की विशेष टीमों ने जिले के सभी गांवों का दौरा करके प्रत्येक गौपालक और उनके पास मौजूद गायों का पूरा रिकॉर्ड दर्ज किया है।

हर गाय की फोटो और वीडियो ग्राफी की गई है, जिससे एक तरह का डिजिटल पहचान पत्र या रिकॉर्ड तैयार हो गया है। इस कदम का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि त्योहार के दौरान कोई भी प्रतिबंधित पशु गायब न हो या उसकी अवैध खरीद-बख्त न की जा सके।

ड्रोन से होगी निगरानी

नूंह जिले की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए, जहां पहाड़ी और जंगली इलाके अपराधियों के लिए छिपने के सुरक्षित ठिकाने बनते रहे हैं, पुलिस ने आधुनिक निगरानी उपकरणों का इस्तेमाल शुरू किया है। अरावली की पहाड़ियों और घने जंगलों वाले इलाकों में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए हाई-रिजॉल्यूशन कैमरों से लैस ड्रोन तैनात किए गए हैं। अगले तीन दिनों तक इन दुर्गम क्षेत्रों की ड्रोन से लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी।

पुलिस ने खुफिया इनपुट के आधार पर जिले के ऐसे 26 गांवों को चिन्हित किया है, जिनका अतीत में गोकशी या पशु तस्करी से जुड़ा पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। इन गांवों में सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।

एक्सप्रेसवे और टोल प्लाजा पर नाकेबंदी

त्योहार के दौरान पशुओं के अवैध अंतरराज्यीय परिवहन को रोकने के लिए दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे और केएमपी (कुंडली-मानेसर-पलवल) एक्सप्रेसवे के सभी एंट्री और एग्जिट पॉइंट्स (उतार-चढ़ाव) पर कड़े सुरक्षा नाके स्थापित कर दिए गए हैं।

सभी प्रमुख टोल प्लाजा पर संदिग्ध वाहनों, विशेषकर कमर्शियल पिकअप और ट्रकों की बारीकी से जांच करने के आदेश दिए गए हैं। सुरक्षा की गंभीरता को देखते हुए सभी पुलिसकर्मियों की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी गई हैं। नूंह में जहां करीब 860 अतिरिक्त जवान मुस्तैद किए गए हैं, वहीं पड़ोसी जिले फरीदाबाद में भी 1,000 से अधिक पुलिसकर्मियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।

वरिष्ठ अधिकारी संभालेंगे कमान

नूंह के पुलिस अधीक्षक (SP) डॉ. अर्पित जैन ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। इस पूरे सुरक्षा अभियान को सुचारू रूप से चलाने के लिए एडिशनल एसपी वाई.वी.आर. शशि शेखर को नोडल ऑफिसर नियुक्त किया गया है। जिले के सभी डीएसपी और थाना प्रभारियों (SHO) को निर्देश दिए गए हैं कि वे अगले तीन दिनों तक लगातार फील्ड में रहकर हर छोटी-बड़ी गतिविधि पर कड़ी नजर रखें और शांति समितियों के साथ मिलकर आपसी सौहार्द बनाए रखें।

Haryana BJP President: हरियाणा BJP में नई नियुक्ति, डॉ. अर्चना गुप्ता ने संभाली कमान