Haryana News: हरियाणा में लगातार बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी को देखते हुए राज्य सरकार ने व्यापक स्तर पर स्वास्थ्य संबंधी एडवाइजरी जारी की है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने बताया कि राज्य में संभावित हीट वेव को ध्यान में रखते हुए सभी जिलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। सरकार का मुख्य उद्देश्य लोगों को गर्मी से होने वाली बीमारियों से बचाना और स्वास्थ्य सेवाओं को पूरी तरह तैयार रखना है।
उन्होंने बताया कि राज्य में “हीट हेल्थ एक्शन प्लान” को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके। इसके तहत स्वास्थ्य विभाग ने सभी जिलों को सतर्क रहने और जरूरी इंतजाम सुनिश्चित करने के लिए कहा है।
Haryana News: हरियाणा विधानसभा में टकराव, स्पीकर ने मांगा औपचारिक जवाब
निगरानी और आपात सेवाएं मजबूत
गर्मी से संबंधित बीमारियों पर नजर रखने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने केंद्रीकृत निगरानी प्रणाली को सक्रिय कर दिया है। इसके माध्यम से हीट स्ट्रोक और अन्य गर्मी से जुड़ी बीमारियों की रोजाना मॉनिटरिंग और रिपोर्टिंग अनिवार्य कर दी गई है। साथ ही एम्बुलेंस सेवाओं को भी पूरी तरह अलर्ट मोड पर रखा गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत सहायता पहुंचाई जा सके।
आम जनता के लिए जरूरी सावधानियां
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें। यदि बाहर जाना जरूरी हो तो सिर को ढककर रखें, हल्के और ढीले कपड़े पहनें तथा पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें। लोगों को सलाह दी गई है कि वे अधिक समय तक धूप में रहने से बचें और जहां संभव हो, छायादार या हवादार स्थानों पर रहें।
श्रमिकों और कार्यस्थलों के लिए दिशा-निर्देश
गर्मी के प्रभाव को कम करने के लिए श्रमिकों और कार्यस्थलों के लिए भी विशेष निर्देश जारी किए गए हैं। काम के समय को सुबह और शाम के ठंडे समय में निर्धारित करने की सलाह दी गई है। इसके साथ ही काम के दौरान पर्याप्त विश्राम देने और पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है।
श्रमिकों को हीट स्ट्रेस के लक्षणों के बारे में जागरूक करने के निर्देश दिए गए हैं। “बडी सिस्टम” अपनाने की भी सलाह दी गई है, जिसमें कर्मचारी एक-दूसरे की स्थिति पर नजर रख सकें और जरूरत पड़ने पर तुरंत सहायता प्रदान कर सकें। कार्यस्थलों पर फर्स्ट एड किट और आपातकालीन रिस्पांस सिस्टम की व्यवस्था भी अनिवार्य की गई है।
सार्वजनिक आयोजनों के लिए भी सख्त नियम
सरकार ने सार्वजनिक और निजी आयोजनों के लिए भी दिशा-निर्देश जारी किए हैं। अत्यधिक गर्मी के दौरान खुले स्थानों पर बड़े आयोजनों से बचने की सलाह दी गई है। यदि आयोजन जरूरी हो, तो वहां पेयजल, छाया, कूलिंग व्यवस्था और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा।









