Haryana News: जींद के 200 बच्चों के लिए खास मौका, पीएम मोदी के साथ करेंगे हाइड्रोजन ट्रेन का सफर

हरियाणा के जींद में 17 जुलाई को भारतीय रेलवे नया इतिहास रचने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। इस खास मौके पर जींद के 200 स्कूली बच्चों को प्रधानमंत्री के साथ उद्घाटन यात्रा करने का अवसर मिलेगा। आखिर इन बच्चों का चयन कैसे होगा और यह सफर क्यों खास है? जानिए पूरी रिपोर्ट।

पीएम मोदी के साथ करेंगे हाइड्रोजन ट्रेन का सफर

Wrriten By :

Neha Mishra

Published On :

जुलाई 11, 2026

Haryana News: भारतीय रेलवे 17 जुलाई को एक नई उपलब्धि अपने नाम करने जा रही है। इस दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरियाणा के जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ईंधन आधारित यात्री ट्रेन को हरी झंडी दिखाकप रवाना करेंगे। यह पहल भारत के रेल नेटवर्क को आधुनिक, पर्यावरण-अनुकूल और भविष्य की तकनीक से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

इस ऐतिहासिक अवसर को और भी खास बनाने के लिए जींद जिले के 200 स्कूली विद्यार्थियों को प्रधानमंत्री के साथ इस विशेष ट्रेन की उद्घाटन यात्रा का हिस्सा बनने का अवसर दिया जाएगा। यह अनुभव बच्चों के लिए जीवनभर की यादगार उपलब्धि साबित हो सकता है।

बांकीपुर सीट पर BJP के दो बड़े विवाद, पहले टिकट बदला अब नए उम्मीदवार के बायोडाटा पर सवाल

प्रतियोगिताओं के माध्यम से होगा विद्यार्थियों का चयन

इस विशेष यात्रा के लिए विद्यार्थियों का चयन प्रतियोगिताओं के आधार पर किया जाएगा। उत्तरी रेलवे के दिल्ली मंडल ने जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग को आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं। ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (BEO) के सहयोग से क्षेत्र के पांच चयनित विद्यालयों में कक्षा 7 और 8 के विद्यार्थियों के लिए ड्राइंग और निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन प्रतियोगिताओं का विषय ‘हाइड्रोजन ऊर्जा और विकसित भारत’ रखा गया है। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 200 विद्यार्थियों को उद्घाटन यात्रा में शामिल होने का अवसर मिलेगा। इसके अलावा विजेताओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों सम्मानित किए जाने की भी योजना बनाई गई है।

पांडू पिंडारा तक होगी विशेष उद्घाटन यात्रा

उद्घाटन समारोह के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए यात्रा का विशेष रूट तैयार किया गया है। चयनित सभी विद्यार्थी जींद रेलवे स्टेशन से हाइड्रोजन ट्रेन में सवार होंगे और पांडू पिंडारा रेलवे स्टेशन तक यात्रा करेंगे। यात्रा पूरी होने के बाद बच्चों को पांडू पिंडारा स्टेशन पर उतारा जाएगा। वहां से प्रशासन द्वारा बसों के माध्यम से उन्हें सुरक्षित वापस जींद पहुंचाया जाएगा। पूरे कार्यक्रम के दौरान रेलवे, जिला प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां समन्वय बनाकर व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगी।

जींद-सोनीपत रेलखंड पर दौड़ेगी आधुनिक हाइड्रोजन ट्रेन

देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन जींद-सोनीपत रेल मार्ग पर संचालित की जाएगी। इस ट्रेन को भारतीय इंजीनियरों और रेलवे विशेषज्ञों की मदद से स्वदेशी तकनीक के आधार पर विकसित किया गया है। यह परियोजना भारत की तकनीकी क्षमता और हरित परिवहन की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

हाइड्रोजन ईंधन आधारित यह ट्रेन पारंपरिक डीजल इंजनों की तुलना में अधिक पर्यावरण-अनुकूल है। संचालन के दौरान इससे प्रदूषण नहीं होगा और यह केवल जलवाष्प (Water Vapour) का उत्सर्जन करेगी। इससे कार्बन उत्सर्जन कम होगा और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा।

भारत वैश्विक तकनीकी देशों की सूची में होगा शामिल

इस ट्रेन के संचालन के साथ भारत उन चुनिंदा देशों की श्रेणी में शामिल हो जाएगा, जिन्होंने हाइड्रोजन ट्रेन तकनीक को अपनाया है। जर्मनी, जापान और चीन जैसे देशों के बाद भारत का इस क्षेत्र में कदम रखना रेलवे के आधुनिकीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि भविष्य में इस तकनीक का विस्तार होने से रेलवे में स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को नई गति मिलेगी और पर्यावरण संरक्षण के लक्ष्य को भी मजबूती मिलेगी।

PM Modi New Zealand Visit: 25 साल पुराना मफलर आज भी मेरे पास, पीएम मोदी ने सुनाया भावुक किस्सा

अमृत भारत रेलवे स्टेशनों का भी होगा लोकार्पण

17 जुलाई के कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जींद और नरवाना के नवनिर्मित अमृत भारत रेलवे स्टेशनों का भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इन स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए आधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं। हाइड्रोजन ट्रेन के शुभारंभ और रेलवे स्टेशनों के लोकार्पण के साथ यह दिन भारतीय रेलवे के विकास, हरित ऊर्जा और आधुनिक बुनियादी ढांचे की दिशा में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर साबित होने जा रहा है।