Haryana News: हरियाणा में 207 लोगों पर FIR, केस वापस लेने की मांग को लेकर ग्रामीणों का विरोध

चरखी दादरी के समसपुर गांव में बिजली संकट को लेकर एनएच-334बी पर जाम लगाने वाले 207 ग्रामीणों पर पुलिस केस दर्ज होने के विरोध में ग्रामीणों ने रोष जताया है।

Haryana News

Wrriten By :

Nivedita Kasaudhan

Published On :

जुलाई 20, 2026

Haryana News: हरियाणा के चरखी दादरी जिले के अंतर्गत आने वाले गांव समसपुर में बिजली की घोर समस्या और कटौती से त्रस्त होकर नेशनल हाईवे 334-बी पर जाम लगाने वाले 207 ग्रामीणों के खिलाफ पुलिस द्वारा मामला दर्ज किए जाने का मामला तूल पकड़ गया है। इस पुलिस कार्रवाई के विरोध में ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है। सोमवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण और महिलाएं ट्रैक्टर-ट्रालियों में सवार होकर दादरी लघु सचिवालय पहुंचे और कड़ा विरोध प्रदर्शन किया।

Haryana News: सढौरा के पूर्व विधायक के निधन से हरियाणा की राजनीति में शोक की लहर

बिजली समस्या को लेकर हुआ था हाईवे जाम

विदित हो कि गांव समसपुर में लंबे समय से बिजली आपूर्ति बाधित चल रही थी, जिससे आम जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया था। ग्रामीणों की मुख्य मांग थी कि उनके गांव की बिजली आपूर्ति को 33 केवी मोरवाला सब-स्टेशन से हटाकर दादरी शहर के पावरहाउस से जोड़ा जाए। संबंधित अधिकारियों और बिजली निगम को बार-बार शिकायत देने के बावजूद जब कोई ठोस समाधान नहीं निकला, तो गत शनिवार को ग्रामीणों को मजबूर होकर एनएच-334बी पर दरी-गद्दे बिछाकर शांतिपूर्ण धरना देना पड़ा था। करीब पांच घंटे तक चले इस जाम के दौरान प्रशासनिक और बिजली निगम के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर 24 घंटे के भीतर समस्या समाधान का भरोसा दिया था, जिसके बाद जाम हटा लिया गया था।

207 लोगों के खिलाफ पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

प्रशासनिक आश्वासन के विपरीत, बिजली निगम के सिटी एसडीओ अनुराग की शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुल 207 ग्रामीणों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। इस प्राथमिकी में 27 लोगों को नामजद किया गया है, जिनमें सुरेंद्र, सुभाष पंच, पवन पंच, जय किशन पंडित, संदीप, ओमप्रकाश, सज्जन, ललित पंडित, नसीब, संजय, काला, मोटू, अंकित, कासिम नाई, मंगल डीजे वाला, जीतू, बोका, सोनू, संडू, अमित, नंदू छिप्पी टैंट वाला, दया, बिमला, निशा, सूरती और कमला शामिल हैं। इनके अलावा, 100 अज्ञात पुरुष और 80 अन्य महिलाओं पर भी बीएनएस की धारा 190, 191(2), 285 और नेशनल हाईवे एक्ट की धारा 8 (बी) के तहत केस दर्ज किया गया है। वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी के आधार पर इन प्रदर्शनकारियों की पहचान की गई थी।

फोगाट खाप की अगुवाई में लघु सचिवालय पहुंचे ग्रामीण

अपने ऊपर दर्ज मुकदमों की खबर मिलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। फोगाट खाप के प्रधान सुरेश फोगाट और गांव के पूर्व सरपंच सुरेंद्र सिंह की अगुवाई में एक प्रतिनिधिमंडल ने डीएसपी कप्तान सिंह और सदर एसएचओ सतबीर सिंह की मौजूदगी के बीच लघु सचिवालय का रुख किया। पुलिस ने सुरक्षा और व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए बैरिकेडिंग की थी और वाहनों को विश्रामगृह में खड़ा कराया। इसके बाद शांतिपूर्वक ढंग से ग्रामीणों ने उपायुक्त (डीसी) मनदीप कौर से मुलाकात कर अपना मांगपत्र सौंपा और पूरी स्थिति से अवगत कराया।

डीसी ने दिया आश्वासन, खाप ने दी चेतावनी

डीसी मनदीप कौर ने ग्रामीणों का पक्ष गंभीरता से सुनते हुए आश्वस्त किया कि वे इस मामले में पुलिस अधीक्षक (एसपी) से चर्चा करेंगी और आंदोलन के दौरान दर्ज मुकदमों को वापस लेने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। साथ ही, डीसी ने भविष्य में हाईवे जाम न करने की हिदायत भी दी। फोगाट खाप के प्रधान सुरेश फोगाट ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि प्रशासन जल्द से जल्द इन मुकदमों को रद नहीं करता है, तो खाप के बैनर तले बड़ा धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। हालांकि, प्रशासन के सकारात्मक रुख और गांव की बिजली समस्या के समाधान होने से फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।

Haryana News: CM सैनी का शिक्षा पर बड़ा दांव, हर ब्लॉक की टॉप स्कूल समिति होगी सम्मानित