
Haryana News: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भिवानी के ऐतिहासिक भीम स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में एशियन और पैरा एशियन खेलों के पदक विजेताओं सहित कुल 123 खिलाड़ियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहन स्वरूप 185 करोड़ रुपये के नकद पुरस्कार चेक सौंपे। इसके साथ ही उन्होंने भीम स्टेडियम के कायाकल्प के लिए 50 करोड़ रुपये की नई सौगात दी और क्षेत्र में 8 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास भी किया।
Haryana News: CM नायब सैनी का किसानों को बड़ा तोहफा, अब गन्ने के प्रति क्विंटल मिलेंगे इतने रुपये
खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी और अग्रिम आर्थिक सहायता

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उत्कृष्ट खिलाड़ी भर्ती नियमों के तहत अब तक 260 खिलाड़ियों को ग्रुप-सी और ग्रुप-डी में सरकारी पद दिए जा चुके हैं। खेल ग्रेडेशन नीति में बदलाव किया गया है, जिससे अब ‘हरियाणा स्टेट गेम्स’ में भाग लेने वाले एथलीटों को भी सरकारी योजनाओं का लाभ मिलेगा। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए खिलाड़ियों को अग्रिम (एडवांस) आर्थिक राशि दी जा रही है ताकि वे पैसे की तंगी के बिना केवल अपने खेल पर ध्यान केंद्रित कर सकें।
नकद पुरस्कार और खेल पुरस्कार विजेताओं को मानदेय
हरियाणा सरकार ने अब तक 17,802 खिलाड़ियों को कुल 936 करोड़ रुपये की नकद पुरस्कार राशि वितरित की है। इसके अलावा, प्रमुख खेल पुरस्कार प्राप्तकर्ताओं को मासिक मानदेय भी दिया जा रहा है:
मेजर ध्यानचंद, अर्जुन, द्रोणाचार्य और खेल रत्न पुरस्कार विजेता: ₹20,000 प्रतिमाह
भीम पुरस्कार विजेता: ₹5,000 प्रतिमाह

खेल नर्सरियां, छात्रवृत्ति और बुनियादी ढांचा
ग्रामीण स्तर से प्रतिभाओं को तराशने के लिए राज्य में 2,000 खेल नर्सरियां स्थापित की गई हैं।
छात्रवृत्ति प्रावधान: 8 से 14 वर्ष के बाल खिलाड़ियों को ₹1,500 तथा 15 से 19 वर्ष के खिलाड़ियों को ₹2,000 मासिक स्कॉलरशिप दी जा रही है।
खेल अकादमियां: 25 आवासीय अकादमियां खोली गई हैं, जहां खिलाड़ियों को रोजाना ₹500 डाइट मनी मिलती है।
बजट और इन्फ्रास्ट्रक्चर: बीते 12 वर्षों में खेल ढांचे पर ₹1,100 करोड़ खर्च किए गए हैं। खेल विभाग का बजट 2013-14 के ₹163 करोड़ से बढ़ाकर ₹668.42 करोड़ कर दिया गया है। पंचकूला में ₹10 करोड़ की लागत से अत्याधुनिक साइंटिफिक ट्रेनिंग सेंटर भी बनाया गया है।
नशे के खिलाफ खेल और प्रशिक्षकों का योगदान

सीएम सैनी ने युवाओं से खेलों से जुड़कर नशे से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने खिलाड़ियों को समाज और नई पीढ़ी का रोल मॉडल बताया। समारोह में उपस्थित भिवानी-महेंद्रगढ़ सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह और महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी ने भी विचार रखे। उन्होंने कहा कि हरियाणा की बेटियां और युवा अब कुश्ती, मुक्केबाजी, हॉकी, कबड्डी, शूटिंग और तीरंदाजी जैसे हर खेल में अपनी पहचान बना रहे हैं। खिलाड़ियों की इस शानदार सफलता में उनकी कड़ी मेहनत, परिजनों के अटूट विश्वास और प्रशिक्षकों के सही मार्गदर्शन का सबसे बड़ा योगदान है।











