Haryana News: हरियाणा में आगामी चुनावों की तैयारियों को अमलीजामा पहनाते हुए भारत निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूचियों के विशेष पुनरीक्षण (Special Revision) कार्यक्रम का एलान कर दिया है। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) श्री ए. श्रीनिवास ने चंडीगढ़ स्थित नए हरियाणा सिविल सचिवालय में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस देशव्यापी अभियान की विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि यह विशेष पुनरीक्षण अभियान 15 जून से 14 जुलाई, 2026 तक चलाया जाएगा, जबकि इसके बाद त्रुटिहीन और अपडेटेड अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 22 सितंबर, 2026 को किया जाएगा।
Haryana News: हरियाणा में बिजली सब-स्टेशनों पर मॉक ड्रिल, सुरक्षा तैयारियों की होगी जांच
घर-घर जाकर सर्वे करेंगे BLO
चुनाव आयोग इस बार मतदाता सूची को 100% सटीक बनाने के लिए मुस्तैद है। यदि किसी कारणवश गणना प्रपत्र (Enumeration Forms) वापस नहीं मिलते हैं, तो बूथ स्तर के अधिकारी (BLO) आस-पड़ोस के लोगों से पूछताछ कर नाम छूटने या गड़बड़ी के कारणों जैसे- “मृत्यु”, “स्थान परिवर्तन”, “अनुपस्थित” या “दोहराव (Duplicate)” की पहचान कर उसे रिकॉर्ड करेंगे। BLOs को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे सटीक जानकारी जुटाने के लिए प्रत्येक लक्षित घर का कम से कम तीन बार दौरा अवश्य करें। यदि घर का मुख्य सदस्य अनुपस्थित है, तो परिवार का कोई भी वयस्क सदस्य फॉर्म पर हस्ताक्षर कर उसे BLO को सौंप सकता है।
पारदर्शिता के लिए सूचना पट्ट और वेबसाइटों पर दिखेगी सूची
आम जनता की सहूलियत और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए उन मतदाताओं की बूथ-वार सूची (जिनके नाम मसौदा सूची में शामिल नहीं हैं) पंचायत भवनों, शहरी स्थानीय निकायों और खंड विकास एवं पंचायत अधिकारियों (BDPO) के कार्यालयों के नोटिस बोर्ड पर प्रदर्शित की जाएगी। इसके साथ ही, नाम शामिल न होने के संभावित कारण भी लिखे होंगे। यह पूरा चुनावी डेटा संबंधित जिला निर्वाचन अधिकारियों और मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) की आधिकारिक वेबसाइटों पर भी डाउनलोड करने योग्य प्रारूप में उपलब्ध रहेगा।
नए मतदाताओं के लिए फॉर्म-6 और राजनीतिक दलों की भागीदारी
घर-घर सर्वे के दौरान नए और पात्र मतदाताओं के पंजीकरण को आसान बनाने के लिए BLOs को अपने साथ कम से कम 30-40 खाली ‘फॉर्म-6’ आवेदन पत्र और घोषणा पत्र रखने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों से बूथ लेवल एजेंट (BLA 1 और 2) नियुक्त करने की अपील की है। अब तक आयोग को 14,520 BLAs की सूची मिल चुकी है, जिसमें भाजपा से 6,438, कांग्रेस से 7,704, माकपा से 165 और अन्य दलों के एजेंट शामिल हैं। ये एजेंट मतदाताओं से फॉर्म एकत्र कर सीधे BLO को सौंप सकते हैं।
हेल्पलाइन नंबर ‘1950’ और लॉजिकल एरर को सुधारने की चुनौती
हरियाणा में आखिरी बार इस तरह का ‘स्पेशल ज्यूल रिवीजन’ साल 2002 में हुआ था। जनता की सहायता के लिए सभी जिला मुख्यालयों और विधानसभा क्षेत्रों में एक विशेष हेल्पलाइन नंबर 1950 शुरू किया गया है, जो दो शिफ्टों में (सुबह 7:00 बजे से रात 9:00 बजे तक) चालू रहेगा। श्री श्रीनिवास ने बताया कि अन्य राज्यों की तुलना में हरियाणा के चुनावी डेटा में करीब 18 प्रतिशत लॉजिकल एरर (जैसे गलत नाम और स्पेलिंग की गलतियाँ) हैं, जिन्हें इस अभियान के तहत ठीक किया जाएगा।
हरियाणा का वर्तमान चुनावी गणित और जिलों की मैपिंग रिपोर्ट
21 मई, 2026 तक के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, हरियाणा में कुल पंजीकृत मतदाताओं की संख्या 2,06,52,760 है, जिनके लिए कुल 20,629 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। अब तक 1,32,51,717 मतदाताओं की चुनावी मैपिंग (64.16%) पूरी हो चुकी है।
जिलों की मैपिंग का प्रदर्शन (प्रतिशत में)
शीर्ष प्रदर्शन वाले जिले: फतेहाबाद (86.56%), चरखी दादरी (82.36%), सिरसा (80.82%), कैथल (78.59%), महेंद्रगढ़ (77.20%), नूंह (77.01%), भिवानी (76.61%), यमुनानगर (75.81%), रेवाड़ी (74.98%), हिसार (73.82%) और जींद (71.93%)।
मध्यम व अन्य जिले: कुरुक्षेत्र (69.71%), करनाल (68.13%), पलवल (67.04%), झज्जर (64.07%), अंबाला (63.45%), रोहतक (59.72%), पानीपत (58.88%) और सोनीपत (58.39%)।
सबसे कम मैपिंग वाले जिले: पंचकुला (51.20%), गुरुग्राम (35.06%) और फरीदाबाद (29.66%)।
हाई-राइज सोसायटियों पर विशेष ध्यान और अधिकारियों के तबादलों पर रोक
कम मैपिंग वाले शहरी क्षेत्रों, विशेषकर फरीदाबाद, गुरुग्राम, सोनीपत और पंचकुला की ऊंची इमारतों तथा हाई-राइज सोसायटियों में BLO की पहुंच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। भारत निर्वाचन आयोग (ECI) के कड़े निर्देशों के अनुसार, इस पुनरीक्षण कार्य से जुड़े किसी भी निर्वाचन अधिकारी, जिला निर्वाचन अधिकारी या सहायक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी का पद खाली नहीं रखा जाएगा। साथ ही, इस काम में लगे किसी भी अधिकारी या कर्मचारी का स्थानांतरण (Transfer) चुनाव आयोग की पूर्व अनुमति के बिना नहीं किया जा सकेगा।
Haryana News: UAE में नौकरी का मौका, NOON कंपनी भारतीय युवाओं को दे रही डिलीवरी राइडर जॉब










