Haryana News: हरियाणा में हाल ही में आए भीषण आंधी-तूफान ने बिजली व्यवस्था को बुरी तरह चरमरा दिया है। इस प्राकृतिक आपदा का कड़ा संज्ञान लेते हुए प्रदेश के ऊर्जा मंत्री अनिल विज पूरी तरह एक्शन मोड में आ गए हैं। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को दो टूक लहजे में निर्देश दिए हैं कि प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति को युद्धस्तर पर बहाल किया जाए।
ऊर्जा मंत्री ने स्पष्ट किया है कि संकट की इस घड़ी में उपभोक्ताओं की परेशानी को कम करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए बिजली बहाली के काम में किसी भी प्रकार की कोताही या देरी को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
Haryana News: तेज आंधी बनी आफत, घर पर गिरा पेड़, दंपति की बाल-बाल बची जान
आंधी-तूफान का भयंकर कहर
ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने आपदा से हुए नुकसान के आधिकारिक आंकड़े साझा करते हुए बताया कि तेज आंधी और तूफान के कारण राज्य के विभिन्न जिलों में कुल 13,277 बिजली के खंभे या तो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं या उखड़ गए हैं। इन खंभों को बदलने और मरम्मत करने का काम तेजी से जारी है।
बिजली निगमों के अनुसार नुकसान का विवरण इस प्रकार है, उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम (UHBVN): इसके अंतर्गत कुल 2,791 बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त हुए हैं।
दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (DHBVN): इस क्षेत्र में तूफान का ज्यादा असर देखा गया, जहां कुल 10,486 खंभे धराशायी हो गए।
फील्ड में दिन-रात डटे 1500 से अधिक कर्मचारी
प्रभावित इलाकों में बिजली आपूर्ति को जल्द से जल्द सुचारु करने के लिए ऊर्जा विभाग ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। अनिल विज ने बताया कि फील्ड में दिन-रात काम करने के लिए 1,552 तकनीकी कर्मचारियों और विशेषज्ञों की विशेष टीमें तैनात की गई हैं। इनमें यूएचबीवीएन (UHBVN) के 620 और डीएचबीवीएन (DHBVN) के 932 कर्मचारी शामिल हैं, जो कड़कड़ाती धूप और विपरीत परिस्थितियों के बीच ट्रांसफार्मरों, बिजली लाइनों और अन्य बुनियादी ढांचों को दुरुस्त करने में जुटे हैं।
तूफान की वजह से ग्रामीण और शहरी इलाकों में बड़े पैमाने पर आपूर्ति ठप हुई है, प्रदेश के कुल 233 गांवों में बिजली गुल हुई है, जिसमें उत्तर हरियाणा के 32 गांव और दक्षिण हरियाणा के 201 गांव शामिल हैं। राज्य के कुल 842 बिजली फीडर इस आपदा की चपेट में आए हैं। इनमें यूएचबीवीएन के 458 और डीएचबीवीएन के 384 फीडर बंद पड़े हैं, जिन्हें चालू करने का प्रयास किया जा रहा है।
निर्बाध बिजली सेवा के लिए सरकार प्रतिबद्ध
अनिल विज ने जनता को भरोसा दिलाते हुए कहा कि हरियाणा सरकार आमजन को बेहतर, सुरक्षित और निर्बाध बिजली सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने मुख्यालय से लेकर फील्ड के आला अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे मरम्मत कार्यों की लगातार लाइव मॉनिटरिंग (निगरानी) करें।
ऊर्जा मंत्री ने अधिकारियों को अधिकार दिए हैं कि जहाँ भी मैनपावर या अतिरिक्त संसाधनों की आवश्यकता हो, वहाँ तुरंत बजट और सामग्री उपलब्ध कराई जाए ताकि जनता को इस भीषण गर्मी में बिना बिजली के न रहना पड़े।
Haryana News: पेंशनर्स के लिए राहत भरी खबर, जुलाई में मिलेगा बढ़ा हुआ डीए और एरियर










