Haryana News: हरियाणा के कद्दावर नेता और कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर एक बार फिर अपने चिरपरिचित अंदाज में बड़ा सियासी हमला बोला है। अनिल विज ने राहुल गांधी के उस बयान पर बेहद तीखी प्रतिक्रिया दी, जिसमें राहुल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विदेश दौरों की आलोचना की थी। विज ने साफ शब्दों में कहा कि देश के प्रधानमंत्री जब भी विदेश जाते हैं, तो उनके दौरों के पीछे देश का बड़ा हित और करोड़ों रुपये का निवेश छिपा होता है। वे कांग्रेस नेता की तरह केवल घूमने-फिरने के मकसद से विदेशी सरजमीं पर कदम नहीं रखते।
Haryana News: हरियाणा के अंबाला एयरपोर्ट से जल्द शुरू होंगी उड़ानें, कई शहरों से जुड़ेगा हवाई रूट
‘नानके’ जाने से राहुल गांधी को तकलीफ
दरअसल, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इटली दौरे पर निशाना साधते हुए कहा था कि देश पर ‘आर्थिक तूफान’ का खतरा मंडरा रहा है और हमारे प्रधानमंत्री इटली में टॉफियां बांट रहे हैं, जो नेतृत्व नहीं बल्कि नौटंकी है।
राहुल गांधी के इस बयान पर पलटवार करते हुए कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने करारा व्यंग्य कसा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इटली जाने से राहुल गांधी को इतनी तकलीफ इसलिए हो रही है क्योंकि वह उनका ‘नानका’ (ननिहाल) है। विज ने आंकड़ों का हवाला देते हुए दावा किया कि प्रधानमंत्री का यह दौरा कोई मनोरंजन नहीं था, बल्कि वे देश के लिए 20 अरब डॉलर का भारी-भरकम निवेश (Investment) लेकर वापस आए हैं, जिससे देश की अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।
वैश्विक संकट और प्रधानमंत्री की कूटनीति
अनिल विज ने प्रधानमंत्री मोदी की दूरदर्शी विदेश नीति और वैश्विक मंच पर भारत की मजबूत स्थिति का भी पुरजोर बचाव किया। राहुल गांधी द्वारा देश में आर्थिक तंगी की आशंका जताए जाने पर विज ने कहा कि वैश्विक स्तर पर जो आर्थिक उतार-चढ़ाव दिख रहे हैं, उसके लिए भारत सरकार कतई जिम्मेदार नहीं है। दुनिया के अन्य हिस्सों में जो भीषण युद्ध चल रहे हैं, उन्हें हम नहीं लड़ रहे हैं।
विज ने पीएम मोदी की अंतरराष्ट्रीय मित्रता का उदाहरण देते हुए कहा कि आज भारत की कूटनीति इतनी मजबूत है कि युद्ध के हालातों के बीच भी दुनिया के सबसे तनावग्रस्त ‘स्ट्रेट ऑफ हरमुज’ (हॉर्मुज जलडमरूमध्य) जैसे संवेदनशील समुद्री रास्तों से हमारे अनेकों व्यापारिक जहाज सुरक्षित बाहर निकल सके। उन्होंने भरोसा जताया कि जैसे ही वैश्विक स्तर पर स्थितियां सामान्य होंगी, आर्थिक मोर्चे पर सब कुछ पूरी तरह ठीक हो जाएगा।
गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग का समर्थन
पार्टी के राजनीतिक मुद्दों से इतर, अनिल विज ने गोवंश के संरक्षण और गाय की कुर्बानी को पूरी तरह रोकने के बयान पर भी अपनी सहमति जताई। हाल ही में एक मुस्लिम नेता द्वारा गाय की कुर्बानी न देने और इसे राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग पर प्रतिक्रिया देते हुए विज ने इस पहल का स्वागत किया।
विज ने कहा कि यह बेहद सराहनीय और सकारात्मक सोच है। उन्होंने नसीहत देते हुए कहा कि हिंदुस्तान के बाकी मुसलमानों को और खास तौर पर पश्चिम बंगाल के मुस्लिम समाज को इस बयान से बड़ी शिक्षा लेनी चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि गाय हमारी पूजनीय गौमाता है और मजहब से ऊपर उठकर हर एक हिंदुस्तानी को दिल से उनका सम्मान करना चाहिए और गोवंश की रक्षा के लिए आगे आना चाहिए।










