Haryana News: CM सैनी को अभय चौटाला का पत्र, हाईकोर्ट जज से जांच कराने की अपील

इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को पत्र लिखकर हरियाणा में बड़े पैमाने पर हो रहे भ्रष्टाचार और घोटालों का मुद्दा उठाया है।

Haryana News

Wrriten By :

Nivedita Kasaudhan

Published On :

जुलाई 8, 2026

Haryana News: हरियाणा की सियासत में भ्रष्टाचार के मुद्दे पर एक बार फिर गरमाहट आ गई है। इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला ने प्रदेश में बड़े पैमाने पर हो रहे कथित भ्रष्टाचार, सरकारी निधियों के दुरुपयोग और वित्तीय अनियमितताओं को लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को एक बेहद तल्ख पत्र लिखा है। इस पत्र के जरिए अभय चौटाला ने बीजेपी सरकार के शासनकाल में हुए विभिन्न घोटालों की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई करने की पुरजोर मांग की है।

Haryana-NCR News: दो साल में इलेक्ट्रिक बसों से बदलेगी सफर की तस्वीर, सभी प्रमुख रूट होंगे कवर

‘मगरमच्छ खुले घूम रहे हैं’, चौटाला ने गिनाए सरकार के बड़े घोटाले

अभय चौटाला ने अपने पत्र में सरकार को उसकी मूल जिम्मेदारी याद दिलाते हुए कहा कि किसी भी लोकतांत्रिक सरकार का प्राथमिक कर्तव्य जनता को सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना होता है। लेकिन हरियाणा में स्थिति इसके बिल्कुल विपरीत है।

उन्होंने पत्र में सीधे तौर पर आरोप लगाया कि बीजेपी राज में सरकारी धन का जमकर दुरूपयोग हुआ है। खरीद प्रक्रियाओं में भारी अनियमितताएं बरती गईं, चहेते ठेकेदारों को ठेकों का आवंटन करने में पक्षपात किया गया, और सरकारी नौकरियों की भर्ती व परीक्षाओं में सरेआम धांधली की गई। चौटाला ने सरकार को घेरते हुए प्रदेश के प्रमुख घोटालों की सूची गिनाई, जिनमें शामिल हैं:

धान और गेहूं खरीद घोटाला

शराब और रजिस्ट्री घोटाला

पेपर लीक और अवैध खनन

प्राइवेट बैंकों में सरकारी फंड का अनुचित प्रयोग

छात्रवृत्ति घोटाला

नगर निगमों और पालिकाओं में हजारों करोड़ के घोटाले

चौ चौटाला का कहना है कि इन मामलों में कोई ठोस कार्रवाई नहीं किए जाने के कारण घोटालों में शामिल ‘बड़े मगरमच्छ’ आज भी कानून की गिरफ्त से बाहर सरेआम खुले घूम रहे हैं।

केंद्रीय मंत्री और अनिल विज के बयानों का दिया हवाला

अपने आरोपों को पुख्ता करने के लिए इनेलो नेता ने बीजेपी सरकार के ही मंत्रियों और कद्दावर नेताओं के बयानों को ढाल बनाया।

केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुज्जर का वाकया: पत्र में जिक्र किया गया कि पिछले दिनों फरीदाबाद नगर निगम के अधिकारियों, विधायकों और मंत्रियों की एक उच्च स्तरीय बैठक के दौरान केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुज्जर ने भरी सभा में भ्रष्टाचार को उजागर किया था। उन्होंने तमतमाते हुए अधिकारियों से यहाँ तक कह दिया था कि तुम सबने मिलकर हजारों करोड़ रुपए का घोटाला किया है, तुम्हारे कीड़े पड़ेंगे।

अनिल विज का खुलासा: इसके साथ ही उन्होंने पूर्व गृहमंत्री अनिल विज द्वारा श्रम विभाग में उजागर किए गए कथित 1500 करोड़ रुपए के घोटाले का भी हवाला दिया। अभय चौटाला ने याद दिलाया कि उन्होंने 27 जुलाई 2020 को भी मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर सरकार के 9 मुख्य घोटालों की सूची सौंपी थी, लेकिन सालों बीत जाने के बाद भी आज तक उन पर कोई संज्ञान नहीं लिया गया।

“अगर सरकार साफ-सुथरी है, तो सिटिंग जज से जांच कराए”

चौधरी अभय सिंह चौटाला ने सरकार की नीयत पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब सूबे के रक्षक ही भक्षक बन जाएं, तो आम जनता को न्याय मिलना असंभव हो जाता है। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को खुली चुनौती देते हुए कहा कि अगर बीजेपी सरकार वाकई ईमानदारी का दम भरती है और खुद को साफ-सुथरा बताने का दावा करती है, तो उसे डरना नहीं चाहिए।

उन्होंने मांग की कि इन सभी घोटालों की निष्पक्ष जांच के लिए पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय (High Court) के किसी ‘सटिंग जज’ (मौजूदा न्यायाधीश) की अध्यक्षता में एक स्वतंत्र जांच कमेटी नियुक्त की जाए। जांच समयबद्ध हो और जो भी दोषी पाए जाएं, चाहे वे कितने भी रसूखदार क्यों न हों, उनके खिलाफ तुरंत एफआईआर दर्ज कर उन्हें जेल की सलाखों के पीछे भेजा जाए।

Haryana News: BPL राशन कार्ड धारकों को अगले महीने से नहीं मिलेगा मुफ्त तेल, सरकार का बड़ा फैसला