Haryana News: हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने सोमवार को अलग-अलग सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को आर्थिक सहायता का वितरण किया। इसी क्रम में उन्होंने दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना की 10वीं किस्त भी जारी की। इस किस्त के तहत प्रदेश की करीब 9 लाख 98 हजार महिलाओं और बेटियों के बैंक खातों में 209 करोड़ 62 लाख रुपये की राशि सीधे ट्रांसफर की गई।
मुख्यमंत्री ने बताया कि योजना शुरू होने के बाद अब तक 10 किस्तों के माध्यम से लाभार्थियों को कुल 2,042 करोड़ 31 लाख रुपये की सहायता दी जा चुकी है। सरकार का कहना है कि राशि सीधे बैंक खातों में भेजने से योजना का लाभ पारदर्शी तरीके से पात्र परिवारों तक पहुंच रहा है।
Haryana News: हरियाणा में बदली BPL राशन व्यवस्था, 39.89 लाख परिवारों को
सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत भी भुगतान
सीएम सैनी ने बताया कि सरकार ने सोमवार को 15 सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत भी बड़ी राशि जारी की है। इन योजनाओं के अंतर्गत करीब 34 लाख 93 हजार 978 लाभार्थियों के खातों में 1,124 करोड़ 94 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए। सरकार के मुताबिक, यह भुगतान डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने इसे पारदर्शिता, जवाबदेही और सुशासन की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता का हिस्सा बताया।
दयालु योजना के तहत हजारों परिवारों को आर्थिक मदद
मुख्यमंत्री ने आगे बताया कि दयालु योजना के अंतर्गत भी 6,224 परिवारों को आर्थिक सहायता दी जा रही है। इस मद में कुल 234 करोड़ 77 लाख रुपये जारी किए गए हैं। इसके साथ ही योजना के तहत अब तक 83,536 परिवारों को करीब 3,152 करोड़ 48 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा चुकी है। सरकार का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक संकट की स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराना है।
हर घर हर गृह योजना की सब्सिडी भी जारी
कार्यक्रम के दौरान हर घर हर गृह योजना के तहत भी लाभार्थियों को राहत दी गई। जून महीने की सब्सिडी के रूप में 4 लाख 93 हजार 434 महिलाओं के बैंक खातों में 19 करोड़ 17 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए। मुख्यमंत्री के अनुसार, इस भुगतान के बाद योजना के तहत अब तक दी गई कुल सब्सिडी की राशि 340 करोड़ 14 लाख रुपये हो चुकी है।
किसानों के खातों में भी पहुंचे 7 करोड़ रुपये
सरकार ने हरित खाद को बढ़ावा देने के लिए किसानों को भी आर्थिक प्रोत्साहन दिया। खरीफ सीजन 2026-27 के दौरान ढेंचा, मूंग और अन्य हरित खाद वाली फसलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 13,237 किसानों के खातों में 7 करोड़ रुपये की राशि भेजी गई। सरकार के अनुसार, करीब 70 हजार एकड़ क्षेत्र में हरित खाद फसलों को अपनाने के लिए यह सहायता जारी की गई है। खरीफ 2026 के दौरान 5,844 किसानों द्वारा 36,670 एकड़ में ढेंचा की खेती और 7,393 किसानों द्वारा मूंग व अन्य हरित खाद फसलों की खेती का सत्यापन किया गया है।
19 योजनाओं के 50 लाख से ज्यादा लाभार्थियों को भुगतान
मुख्यमंत्री ने बताया कि सोमवार को विभिन्न 19 सरकारी योजनाओं के तहत कुल 50 लाख 4,873 पात्र लाभार्थियों के बैंक खातों में 1,595 करोड़ 50 लाख रुपये की राशि ट्रांसफर की गई। वहीं, 14 अगस्त को गुरुग्राम में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
गोबर-पराली से बनेगा ईंधन, हरियाणा में 100 CBG प्लांट लगाने का लक्ष्य










