Haryana Crime: सोनीपत कोर्ट परिसर में खूनी खेल! पेशी पर आए युवक की सरेआम गोलियां बरसाकर हत्या, हमलावर फरार!

हरियाणा के सोनीपत में खरखौदा कोर्ट परिसर के बाहर शनिवार को दिनदहाड़े एक सनसनीखेज वारदात हुई।

Haryana News

Wrriten By :

Nivedita Kasaudhan

Published On :

मई 16, 2026

Haryana Crime: हरियाणा के सोनीपत जिले से एक बेहद सनसनीखेज और कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली खबर सामने आई है। जिला स्थित खरखौदा कोर्ट परिसर शनिवार को उस समय गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा, जब अदालत में पेशी पर आए एक युवक की सरेआम गोलियां बरसाकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। कोर्ट जैसे सुरक्षित और वीआईपी इलाके में दिनदहाड़े हुई इस खूनी वारदात से पूरे परिसर में भगदड़ मच गई और वहां मौजूद वकील, पुलिसकर्मी और आम लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

Haryana News: 590 करोड़ का महाघोटाला! 5 IAS अफसरों पर गिरेगी CBI की गाज, हरियाणा सरकार का बड़ा एक्शन!

क्या है पूरा मामला?

मृतक की पहचान नीरज उर्फ कातिया के रूप में हुई है, जो मूल रूप से झज्जर के गांव दुबलधन का रहने वाला था और फिलहाल सेक्टर-37सी गाड़ौली खुर्द, गुरुग्राम में रह रहा था। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, नीरज की शादी सोनीपत के किढ़ौली गांव की रहने वाली नीतू नाम की महिला से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही पति-पत्नी और ससुराल पक्ष के बीच गंभीर विवाद शुरू हो गया।

यह पारिवारिक कलह इतनी बढ़ गई कि फरवरी 2019 में पत्नी नीतू ने पति नीरज के खिलाफ दहेज प्रताड़ना की गंभीर धाराओं में प्राथमिकी (FIR) दर्ज करा दी। यह मामला वर्तमान में खरखौदा अदालत में विचाराधीन है। शनिवार को भी नीरज इसी मुकदमे के सिलसिले में तारीख और पेशी भुगतने के लिए खरखौदा कोर्ट पहुंचे थे, लेकिन उन्हें क्या मालूम था कि आज वे मौत के जाल में कदम रख रहे हैं।

घात लगाकर बैठे हमलावरों ने फिल्मी अंदाज में बोला धावा

प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस सूत्रों के अनुसार, वारदात उस समय हुई जब नीरज अदालत के भीतर अपनी पेशी की प्रक्रिया पूरी करने के बाद कोर्ट परिसर से बाहर निकल रहे थे। जैसे ही वह कोर्ट से सटे लघु सचिवालय के मुख्य गेट के पास पहुंचे, वहां पहले से ही हथियारों से लैस हमलावर कार में घात लगाए बैठे थे।

हमलावरों ने पहले फिल्मी अंदाज में नीरज की गाड़ी को अपनी कार से जोरदार टक्कर मारी ताकि वह भाग न सकें। जैसे ही नीरज संभल पाते, हमलावरों ने गाड़ी से उतरकर उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई इस गोलीबारी से पूरा सचिवालय परिसर गूंज उठा। हमलावरों ने बेहद करीब से नीरज पर कई राउंड गोलियां दागीं, जिनमें से करीब चार से पांच गोलियां सीधे उनके शरीर के आर-पार हो गईं। गोलियां लगते ही नीरज लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

चश्मदीदों ने बताया कि हमलावर सफेद रंग की ब्रेजा कार में सवार होकर आए थे और वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद अपनी तेज रफ्तार गाड़ी सहित मौके से फरार होने में कामयाब रहे। घटना के वक्त नीरज के साथ उनके कुछ दोस्त और साथी भी मौजूद थे, जिन्होंने हिम्मत दिखाकर हमलावरों का मुकाबला करने और नीरज को बचाने का प्रयास किया, लेकिन गोलीबारी इतनी भीषण थी कि जब तक वे नीरज को संभालते, तब तक अत्यधिक खून बहने के कारण मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो चुकी थी।

दिनदहाड़े और भारी पुलिस सुरक्षा वाले कोर्ट परिसर में मर्डर की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसीपी जोगिंद्र शर्मा तुरंत भारी पुलिस बल और क्राइम सीन इन्वेस्टिगेशन (FSL) की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पूरे घटनास्थल को सील कर दिया है और वहां से खाली कारतूस व अन्य अहम साक्ष्य जुटाए हैं।

हमलावरों की पहचान और उनकी गाड़ी का सुराग लगाने के लिए कोर्ट और लघु सचिवालय के आसपास लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है। पुलिस इस हत्याकांड को आपसी रंजिश और ससुराल पक्ष के विवाद से जोड़कर देख रही है। हालांकि, कोर्ट परिसर के भीतर हुई इस वारदात ने स्थानीय पुलिस और अदालतों की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं।

Haryana News: अदालतों में कानून अफसरों की कमी पर HC नाराज, सरकार को दिए सख्त निर्देश