Haryana Board Exam 2026: हरियाणा बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन (HBSE) ने वर्ष 2026 के लिए छात्रों के हित में एक अहम फैसला लिया है। अब कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं साल में दो बार आयोजित की जाएंगी। यह बदलाव राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) के दिशा-निर्देशों के अनुसार किया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य छात्रों को अपने अंकों में सुधार करने का एक अतिरिक्त अवसर प्रदान करना है, ताकि वे बिना दबाव के बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
किन छात्रों को मिलेगा लाभ
आपको बता दें कि, यह नई व्यवस्था सेकेंडरी 10वीं, सीनियर सेकेंडरी 12वीं और गुरुकुल विद्यापीठ स्ट्रीम के सभी छात्रों पर लागू होगी। बोर्ड के अध्यन पवन कुमार शर्मा के अनुसार, इस पहल से छात्रों के मानसिक दबाव में कमी आएगी और वे अपने कमजोर विषयों में सुधार कर सकेंगे। खासतौर पर उन छात्रों के लिए यह योजना फायदेमंद है, जो किसी विषय में अंक आने के कारण असंतुष्ट रहते हैं।
दूसरी परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया
जो छात्र फरवरी-मार्च 2026 में आयोजित मुख्य परीक्षा में शामिल हो चुके हैं और अपने परिणाम से संतुष्ट नहीं हैं, वे दूसरी बार परीक्षा देने के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 4 अप्रैल 2026 से शुरू हो चुकी है। आवेदन की अंतिम तिथि 10 अप्रैल 2026 निर्धारित की गई है।
इच्छुक छात्र बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट bseh.org.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। छात्र अधिकतम तीन विषयों में दोबारा परीक्षा दे सकते हैं। प्रत्येक विषय के लिए 1000 रुपये का शुल्क निर्धारित किया गया है। यह सुविधा उन छात्रों के लिए एक सुनहरा अवसर है, जो अपने अंकों में सुधार करना चाहते हैं।
परीक्षा और मूल्यांकन की जानकारी

हरियाणा बोर्ड ने इस वर्ष 10वीं और 12वीं की मुख्य परीक्षाएं 25 फरवरी से 1 अप्रैल 2026 के बीच आयोजित की थीं। परीक्षाएं समाप्त होने के बाद अब कॉपियों के मूल्यांकन का कार्य तेजी से किया जा रहा है।
12वीं कक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 3 अप्रैल से 28 अप्रैल 2026 तक चलेगा, जबकि 10वीं कक्षा की कॉपियों का मूल्यांकन 2 अप्रैल से 24 अप्रैल 2026 तक किया जाएगा। इस प्रक्रिया के लिए राज्य के विभिन्न जिलों में विशेष केंद्र बनाए गए हैं। 10वीं के लिए 22 जिलों में 75 केंद्रों पर लगभग 6,969 शिक्षक कार्यरत हैं, जबकि 12वीं के लिए 52 केंद्रों पर 5,009 शिक्षक मूल्यांकन कार्य में जुटे हुए हैं। बोर्ड ने इस पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और समयबद्ध रखने पर जोर दिया है।
रिजल्ट जारी होने की संभावित तारीख
बोर्ड के अनुसार, 10वीं और 12वीं कक्षाओं का परिणाम मई 2026 के दूसरे सप्ताह तक घोषित किया जा सकता है। मूल्यांकन पूरा होते ही छात्रों के अंक आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिए जाएंगे। छात्र ऑनलाइन ही अपना रिजल्ट देख सकेंगे और डिजिटल मार्कशीट डाउनलोड कर पाएंगे।
रिजल्ट चेक करने का आसान तरीका
- छात्र अपना रिजल्ट आसानी से ऑनलाइन देख सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले bseh.org.in वेबसाइट पर जाएं।
- होमपेज पर “Haryana Board 10th/12th Result 2026” लिंक पर क्लिक करें।
- इसके बाद अपना रोल नंबर और जन्मतिथि दर्ज करें।
- जैसे ही जानकारी सबमिट करेंगे, आपकी मार्कशीट स्क्रीन पर दिखाई देगी।
- इसे डाउनलोड कर सुरक्षित रख लें, ताकि भविष्य में काम आ सके।
छात्रों के लिए राहत भरा कदम
हरियाणा बोर्ड का यह निर्णय छात्रों के लिए काफी राहत भरा साबित हो सकता है। इससे न केवल उन्हें दूसरा मौका मिलेगा, बल्कि परीक्षा से जुड़े तनाव में भी कमी आएगी और वे अपने भविष्य को बेहतर बना सकेंगे।










