
Uttarakhand News: हरिद्वार में आगामी कुंभ मेले के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। मेले में लाखों श्रद्धालुओं की आवाजाही और संभावित आपातकालीन परिस्थितियों को देखते हुए व्यापक स्वास्थ्य व्यवस्था तैयार की जा रही है। इसके तहत धर्मनगरी में अलग-अलग क्षमता के 45 अस्थायी अस्पताल स्थापित किए जाएंगे। इसके अलावा छह निजी चिकित्सालयों को भी स्वास्थ्य सेवाओं के लिए पैनल में शामिल किया जाएगा।
Uttarakhand News: उत्तराखंड पुलिस की वर्दी और पहचान में बदलाव, बैज से टोपी तक दिखेगा नया रूप
1800 स्वास्थ्यकर्मियों की होगी तैनाती
कुंभ मेले के दौरान चिकित्सा सेवाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए लगभग 1800 स्वास्थ्यकर्मियों की तैनाती की जाएगी। विभाग का उद्देश्य श्रद्धालुओं को समय पर उपचार उपलब्ध कराने के साथ ही किसी भी आपात स्थिति में तेजी से चिकित्सा सहायता पहुंचाना है। कुंभ मेला अधिकारी स्वास्थ्य डॉ. मनीष दत्त के अनुसार, मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है।
बैरागी कैंप और गौरी शंकर क्षेत्र में बनेंगे बड़े अस्पताल
स्वास्थ्य विभाग की योजना के अनुसार, बैरागी कैंप और चंडीपुल के नीचे गौरी शंकर क्षेत्र में 50-50 बेड की क्षमता वाले दो अस्थायी अस्पताल बनाए जाएंगे। इसके अलावा रोड़ी बेलवाला और पंतद्वीप क्षेत्र में 40-40 बेड के दो अस्पताल स्थापित किए जाएंगे। इन अस्पतालों के माध्यम से मेले के प्रमुख क्षेत्रों में श्रद्धालुओं को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
पांच गांवों में निशुल्क योग शिविरों का समापन
हरिद्वार के बहादराबाद क्षेत्र के पांच गांवों में पतंजलि विश्वविद्यालय की ओर से आयोजित चार दिवसीय निशुल्क योग शिविरों का रविवार को समापन हुआ। समापन कार्यक्रम यज्ञ, मंत्रोच्चार और सामूहिक संकल्प के साथ संपन्न हुआ। इन शिविरों के जरिए ग्रामीणों को योग, प्राणायाम, एक्यूप्रेशर और आयुर्वेद के प्रति जागरूक किया गया। अभियान का उद्देश्य लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
योग और आयुर्वेद के प्रति ग्रामीणों को किया जागरूक

विश्वविद्यालय की प्रति-कुलपति साध्वी डॉ. देवप्रिया की प्रेरणा और स्वामी आर्षदेव के मार्गदर्शन में शिविर खेड़ली, बहादराबाद, अहमदपुर, बोंगला और रुहालकी में आयोजित किए गए। इनमें आदर्श इंटर कॉलेज, वात्सल्य वाटिका, नए पंचायत भवन, आर्य इंटर कॉलेज और आर्य समाज मंदिर जैसे स्थान शामिल रहे। शिविरों में प्रतिभागियों को नियमित योगाभ्यास से शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन और सकारात्मक जीवनशैली के लाभ बताए गए। विभिन्न प्रशिक्षकों ने अपनी टीमों के साथ शिविरों का संचालन किया।
विद्यार्थियों ने औद्योगिक इकाइयों का किया शैक्षणिक भ्रमण
हरिद्वार में एचईसी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स के विद्यार्थियों ने औद्योगिक कार्यप्रणाली को समझने के लिए शैक्षणिक भ्रमण किया। बीकॉम, बीकॉम ऑनर्स और बीसीए प्रथम सेमेस्टर के 57 विद्यार्थी पदार्था स्थित पतंजलि फूड एंड हर्बल लिमिटेड पहुंचे। वहीं, बीबीए के विद्यार्थियों ने सिडकुल स्थित आईटीसी कंपनी का भ्रमण किया।
उत्पादन और पैकेजिंग प्रक्रिया की मिली जानकारी
पतंजलि में पर्यवेक्षक शत्रुघ्न ने विद्यार्थियों को आंवला कैंडी, एलोवेरा जूस संयंत्र और व्यक्तिगत देखभाल उत्पादों से जुड़ी इकाइयों की जानकारी दी। इस दौरान शिक्षिकाएं रश्मि सक्सेना, रीना पेटवाल और स्पर्श सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे। आईटीसी में मानव संसाधन अधिकारी रोशन राणा ने प्रस्तुतीकरण के जरिए उत्पादन प्रक्रिया समझाई। इसके बाद मानव संसाधन सहयोगी विदूषी और गुणवत्ता प्रबंधक सुधांशु कपिल ने विद्यार्थियों को पैकेजिंग एवं छपाई इकाई का भ्रमण कराया। इस तरह विद्यार्थियों को उद्योगों की व्यावहारिक कार्यप्रणाली समझने का अवसर मिला।











