Hapur Accident: हापुड़ जिले के धौलाना क्षेत्र में रविवार की रात एक ऐसा हृदयविदारक हादसा हुआ जिसने शादी वाले घर की खुशियों को ताउम्र के मातम में बदल दिया। डासना से गुलावठी गई एक बारात जब वापस लौट रही थी, तभी काल बनकर आए एक ट्रक ने बस को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण टक्कर में दूल्हे के करीबियों सहित 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 13 अन्य बाराती गंभीर रूप से घायल हो गए।
Weather Update: पछुआ हवाओं ने छोड़ा साथ, अब तपाएगा सूरज; जानें आपके शहर में कितनी बढ़ेगी गर्मी
आधी रात को धौलाना-मसूरी मार्ग पर मची चीख-पुकार
यह दर्दनाक हादसा रविवार देर रात करीब 1:30 बजे धौलाना-मसूरी मार्ग पर अरविंद डेयरी के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, गाजियाबाद के डासना निवासी इकराम कुरैशी के बेटे की शादी बुलंदशहर के गुलावठी में थी। निकाह के बाद बाराती बस में सवार होकर वापस लौट रहे थे। जैसे ही बस अरविंद डेयरी के समीप पहुंची, सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक और बस के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस ट्रक के अगले हिस्से के नीचे दब गई और दोनों वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी खाई में पलट गए। रात के सन्नाटे में चीख-पुकार मच गई, जिसे सुनकर आसपास के लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे।
हाईड्रा मशीन की मदद से निकाले गए शव
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। बस और ट्रक के आपस में बुरी तरह फंस जाने के कारण बचाव कार्य में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल ‘हाईड्रा मशीन’ बुलाई गई। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बस को ट्रक के नीचे से निकाला जा सका।
पुलिस और स्थानीय लोगों ने खिड़कियां तोड़कर बस में फंसे लोगों को बाहर निकाला। इस हादसे में 6 लोगों ने दम तोड़ दिया, जिनकी पहचान सोनू, यूसुफ, अख्तर, यूनुस, मुन्ना और बस चालक अशोक के रूप में हुई है। वहीं, घायलों को तुरंत पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनका उपचार कर रही है।
प्रशासनिक कार्रवाई और जांच के आदेश
हादसे की जानकारी मिलते ही जिले के आला अधिकारी, जिनमें जिलाधिकारी (DM), पुलिस अधीक्षक (SP) और क्षेत्राधिकारी पिलखुवा शामिल थे, तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने राहत कार्यों का जायजा लिया और अस्पतालों में जाकर घायलों का हाल जाना।
जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए हैं कि घायलों के इलाज में किसी भी तरह की कोताही न बरती जाए। फिलहाल 4 घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है, जबकि अन्य का इलाज जारी है।









