Hanuman Ansh Box Office: ‘हनुमान अंश’ का बॉक्स ऑफिस पर चमत्कार! 26वें दिन भी छापे करोड़ों, सीक्वल का ऐलान

नीम करौली बाबा के जीवन पर आधारित ‘हनुमान अंश’ चौथे हफ्ते में भी बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। 26वें दिन फिल्म ने 8.5 करोड़ रुपये कमाए और कुल नेट कलेक्शन 54.13 करोड़ रुपये पहुंच गया। 1.8 करोड़ के बजट वाली फिल्म के सीक्वल पर भी काम शुरू हो चुका है।

Hanuman Ansh Box Office

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

सितम्बर 2, 2026

Hanuman Ansh Box Office: नीम करौली बाबा के जीवन और उनकी आध्यात्मिक शिक्षाओं से प्रेरित फिल्म ‘हनुमान अंश’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है। रिलीज के चौथे हफ्ते में पहुंच चुकी यह फिल्म अभी भी सिनेमाघरों में दर्शकों को खींच रही है। जहां इस समय तक ज्यादातर फिल्मों की कमाई धीमी पड़ जाती है, वहीं ‘हनुमान अंश’ ने अपनी रफ्तार बरकरार रखी है। फिल्म अब ब्लॉकबस्टर का तमगा हासिल कर चुकी है और मेकर्स ने इसके सीक्वल पर भी काम शुरू कर दिया है।

26वें दिन भी शानदार कमाई

बताते चले कि, फिल्म ने रिलीज के 26वें दिन यानी चौथे मंगलवार को भी उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन किया। शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, ‘हनुमान अंश’ ने इस दिन करीब 8.5 करोड़ रुपये की कमाई की। इसके साथ ही फिल्म का भारत में कुल नेट बॉक्स ऑफिस कलेक्शन बढ़कर 54.13 करोड़ रुपये हो गया है। वहीं फिल्म की ग्रॉस कमाई करीब 63.87 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

26 दिन बाद भी नहीं थमी ‘हनुमान अंश’ की कमाई

आपको बता दे कि, चौथे हफ्ते में भी फिल्म की कमाई का इस तरह मजबूत बने रहना मेकर्स के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। खास बात यह है कि सीमित बजट में बनी इस फिल्म ने दर्शकों के बीच अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। फिल्म की कहानी और आध्यात्मिक विषय ने खास तौर पर उन दर्शकों को आकर्षित किया है, जो धार्मिक और प्रेरणादायक सिनेमा पसंद करते हैं।

फिल्म के दूसरे पार्ट का हुआ ऐलान

‘हनुमान अंश’ की कहानी के अंत में ही इसके अगले भाग की संभावना का संकेत दे दिया गया था। क्लाइमेक्स में दिखाई गई स्लेट में यह बताया गया कि नीम करौली बाबा की जीवन यात्रा और कहानी अभी आगे जारी रहेगी। इसके बाद से ही दर्शकों के बीच फिल्म के सीक्वल को लेकर उत्सुकता बढ़ गई थी।

अब इस इंतजार को और बढ़ाने के बजाय मेकर्स ने आधिकारिक तौर पर संकेत दे दिया है कि दूसरे पार्ट पर काम शुरू हो चुका है। फिल्म के लेखक और निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने आगरा के एक मल्टीप्लेक्स में दर्शकों से बातचीत के दौरान बताया कि ‘हनुमान अंश’ के सीक्वल पर काम शुरू कर दिया गया है।

Hanuman Ansh 2 में दिखेगा नीम करौली बाबा का आगे का जीवन

निर्देशक के मुताबिक, आगामी फिल्म में नीम करौली बाबा के जीवन के उन महत्वपूर्ण अध्यायों को पर्दे पर लाया जाएगा, जिनका संबंध उनके जन्मस्थान फिरोजाबाद से है। इसके बाद कहानी आगरा, मथुरा और अन्य स्थानों तक जाएगी, जहां उनके जीवन और आध्यात्मिक यात्रा के अलग-अलग पहलुओं को विस्तार से दिखाया जाएगा।

यानी ‘हनुमान अंश 2’ में दर्शकों को पहले पार्ट से आगे की कहानी देखने को मिल सकती है। फिल्म की कहानी किस दौर और किन घटनाओं पर केंद्रित होगी, इसे लेकर फिलहाल ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है।

‘हनुमान अंश’ Box Office: 1.8 करोड़ के बजट से करोड़ों की कमाई

फिल्म की सबसे चौंकाने वाली बात इसका बॉक्स ऑफिस रिटर्न है। रिपोर्ट्स के अनुसार ‘हनुमान अंश’ करीब 1.8 करोड़ रुपये के बजट में तैयार हुई है। वहीं फिल्म अब तक 54.13 करोड़ रुपये नेट कमा चुकी है।

इस हिसाब से फिल्म ने 26 दिनों में अपने बजट की तुलना में करीब 52.33 करोड़ रुपये का अतिरिक्त रिटर्न हासिल किया है। रिपोर्ट में इसे करीब 2907.22 प्रतिशत रिटर्न बताया गया है। कम बजट में बनी किसी फिल्म के लिए यह प्रदर्शन निश्चित तौर पर बेहद खास है।

इन कलाकारों ने निभाए अहम किरदार

फिल्म की स्टार कास्ट में शोभिनव सत्या, चंदन आनंद, पूर्णिमा तिवारी और विहान शेडगे जैसे कलाकार शामिल हैं। सभी कलाकारों ने कहानी में महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं।

‘हनुमान अंश’ 7 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। रिलीज के करीब एक महीने बाद भी फिल्म का बॉक्स ऑफिस पर टिके रहना और लगातार कमाई करना इसकी लोकप्रियता को दर्शाता है। अब फिल्म की सफलता के बाद दर्शकों की नजरें इसके सीक्वल पर टिक गई हैं। नीम करौली बाबा की कहानी का अगला अध्याय आखिर पर्दे पर कितना असर छोड़ता है, यह देखना दिलचस्प होगा।