Hanuman Ansh Box Office: ‘ये फिल्म नहीं सत्संग है’… कंगना ने की हनुमान अंश की तारीफ, कमाई ने चौंकाया

नीम करौली बाबा के जीवन और शिक्षाओं पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई की है। शुरुआती दो हफ्तों की धीमी रफ्तार के बाद तीसरे हफ्ते फिल्म ने जोरदार वापसी की। 26 दिनों में फिल्म की नेट कमाई 54.13 करोड़ रुपये बताई गई है। कंगना रनौत ने भी इसकी तारीफ की।

Hanuman Ansh Box Office

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

सितम्बर 2, 2026

Hanuman Ansh Box Office: सिनेमाघरों में इन दिनों ‘हनुमान अंश’ की चर्चा लगातार बनी हुई है। नीम करौली बाबा के जीवन और उनकी शिक्षाओं से प्रेरित इस फिल्म ने दर्शकों के बीच अपनी अलग पहचान बनाई है। खास बात यह है कि रिलीज के शुरुआती दो हफ्तों में फिल्म की कमाई काफी धीमी रही, लेकिन तीसरे हफ्ते से इसकी रफ्तार अचानक बढ़ गई। कम बजट में बनी फिल्म अब बॉक्स ऑफिस पर बड़ी कामयाबी हासिल कर चुकी है।

कंगना रनौत भी हुईं फिल्म की मुरीद

बताते चले कि, फिल्म की बढ़ती लोकप्रियता के बीच बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत ने भी ‘हनुमान अंश’ की जमकर तारीफ की है। कंगना ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए फिल्म को लेकर अपनी प्रतिक्रिया साझा की। उन्होंने फिल्म देखने की अपील करते हुए इसे महज मनोरंजन की फिल्म न बताकर आध्यात्मिक अनुभव से जोड़ दिया।

‘ये फिल्म नहीं, सत्संग है’

कंगना रनौत ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा कि ‘हनुमान अंश’ सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि एक सत्संग है। उन्होंने कहा कि फिल्म में उन लोगों की छोटी-छोटी कहानियों को खूबसूरती से पिरोया गया है, जिन्होंने नीम करौली बाबा को अपने जीवन में अनुभव किया था। कंगना ने लोगों से अपनी दूसरी व्यस्तताओं से समय निकालकर यह फिल्म देखने की अपील भी की।

शोबिनाव सत्या ने निभाया नीम करौली बाबा का किरदार

‘हनुमान अंश’ में शोबिनाव सत्या ने नीम करौली बाबा की भूमिका निभाई है। फिल्म की कहानी और निर्देशन की जिम्मेदारी विशाल चतुर्वेदी ने संभाली है। फिल्म का केंद्र नीम करौली बाबा के जीवन, उनकी शिक्षाओं और उनसे जुड़े अनुभवों को बताया गया है, जिसे दर्शकों के सामने सिनेमाई अंदाज में पेश किया गया है.

बॉक्स ऑफिस पर ‘हनुमान अंश’ की शुरुआत बेहद धीमी रही थी। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक फिल्म ने पहले दिन करीब 10 लाख रुपये का कारोबार किया। इसके बाद भी शुरुआती दो हफ्तों में फिल्म की कमाई में खास तेजी नहीं आई और भारत में इसकी कुल कमाई लगभग 1.48 करोड़ रुपये तक ही पहुंच सकी।

तीसरे हफ्ते में बदली फिल्म की किस्मत

फिल्म के लिए असली बदलाव तीसरे हफ्ते में देखने को मिला। इस दौरान ‘हनुमान अंश’ की कमाई में अचानक तेजी आई और तीसरे हफ्ते में फिल्म ने करीब 10.40 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। इसके बाद चौथे हफ्ते में फिल्म ने ऐसी रफ्तार पकड़ी, जिसने ट्रेड और दर्शकों दोनों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।

26वें दिन तक 54 करोड़ के पार

चौथे हफ्ते में फिल्म ने लगातार मजबूत प्रदर्शन किया। 22वें दिन करीब 6.25 करोड़, 23वें दिन 9.25 करोड़ और 24वें दिन 12.75 करोड़ रुपये की कमाई बताई गई। वहीं 25वें दिन फिल्म ने 25 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। इसके बाद 26वें दिन भी फिल्म ने करीब 8.50 करोड़ रुपये कमाए।

1.8 करोड़ के बजट में बनाया बड़ा रिकॉर्ड

इन आंकड़ों के मुताबिक ‘हनुमान अंश’ ने रिलीज के 26 दिनों में भारत में करीब 54.13 करोड़ रुपये नेट कमा लिए हैं, जबकि इसका ग्रॉस कलेक्शन करीब 63.82 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। खास बात यह है कि फिल्म का बजट महज 1.8 करोड़ रुपये बताया गया है। ऐसे में कम बजट के मुकाबले इसकी कमाई बेहद बड़ी है और फिल्म ने करीब 2907 प्रतिशत मुनाफे का दावा किया है।

सफलता के बाद आगे क्या?

कम बजट में बनी ‘हनुमान अंश’ की बॉक्स ऑफिस सफलता ने साबित कर दिया है कि मजबूत विषय और दर्शकों से जुड़ाव वाली फिल्में बिना बड़े बजट के भी लंबी रेस जीत सकती हैं। अब कंगना रनौत जैसे सितारों की तारीफ और लगातार बढ़ती कमाई के बाद फिल्म को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी और बढ़ गई है।