Hanuman Ansh Box Office: 31वें दिन ‘हनुमान अंश’ ने मचाया तहलका, 8 बड़ी फिल्मों को पछाड़ा

‘हनुमान अंश’ बॉक्स ऑफिस कलेक्शन ने सबको चौंका दिया है। धीमी शुरुआत के बाद फिल्म ने 31वें दिन 22.75 करोड़ रुपये की कमाई की। फिल्म का कुल नेट कलेक्शन 122.13 करोड़ रुपये पहुंच गया है। शानदार प्रदर्शन के दम पर ‘हनुमान अंश’ 2026 की हाईएस्ट ग्रॉसिंग फिल्मों की टॉप-10 लिस्ट में भी शामिल हो गई है।

Hanuman Ansh Box Office

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

सितम्बर 7, 2026

Hanuman Ansh Box Office: फिल्म ‘हनुमान अंश’ की बॉक्स ऑफिस पर रफ्तार लगातार तेज होती जा रही है। रिलीज के शुरुआती दिनों में धीमी शुरुआत करने वाली यह फिल्म अब थिएटर में जबरदस्त प्रदर्शन कर रही है। खास बात यह है कि फिल्म की कमाई हर गुजरते दिन के साथ बढ़ती नजर आ रही है। 31वें दिन के कलेक्शन ने ट्रेड एनालिस्ट्स का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है।

‘हनुमान अंश’ ने 31वें दिन बॉक्स ऑफिस पर किया बड़ा धमाका

सैकनिल्क के मुताबिक, ‘हनुमान अंश’ ने 31वें दिन 22.75 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है। फिल्म को इस दिन 7,077 शोज मिले और इसकी ऑक्यूपेंसी करीब 73 प्रतिशत रही। एक महीने से ज्यादा समय पूरा होने के बाद भी फिल्म के शोज और दर्शकों की संख्या में बढ़ोतरी इसे बॉक्स ऑफिस का खास सरप्राइज बना रही है।

31वें दिन की कमाई में ‘हनुमान अंश’ ने बड़े रिकॉर्ड तोड़े

आपकी जानकारी के लिए बता दे कि, 22.75 करोड़ रुपये के 31वें दिन के कलेक्शन के साथ फिल्म ने कई चर्चित फिल्मों को पीछे छोड़ दिया। तुलना करें तो ‘धुरंधर’ ने 12.75 करोड़, ‘छावा’ ने 8 करोड़, ‘उरी’ ने 5.66 करोड़, ‘स्त्री 2’ ने 5.40 करोड़ और ‘महावतार नरसिम्हा’ ने 6.15 करोड़ रुपये कमाए थे। वहीं ‘पुष्पा 2’, ‘तान्हाजी’ और ‘बाहुबली 2’ की 31वें दिन की कमाई भी ‘हनुमान अंश’ से कम रही।

कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन कितना हुआ?

बताते चले कि, फिल्म के कुल कारोबार की बात करें तो अब तक ‘हनुमान अंश’ 122.13 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर चुकी है। वहीं फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 144.40 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। हालांकि फिल्म की शुरुआत बेहद धीमी रही थी। पहले दिन फिल्म ने महज 10 लाख रुपये कमाए थे और पहले हफ्ते का कारोबार करीब 1.08 करोड़ रुपये रहा था।

तीसरे हफ्ते में बदली ‘हनुमान अंश’ की किस्मत

पहले और दूसरे हफ्ते में कमजोर प्रदर्शन के बाद फिल्म की कहानी तीसरे सप्ताह में बदल गई। दूसरे हफ्ते में फिल्म ने करीब 40 लाख रुपये का कारोबार किया और इसके शोज भी घटकर 25-30 के आसपास रह गए थे। इसके बाद पॉजिटिव वर्ड ऑफ माउथ का असर देखने को मिला और तीसरे सप्ताह में फिल्म ने करीब 10.40 करोड़ रुपये कमा लिए।

चौथे हफ्ते में ‘हनुमान अंश’ ने किया चौंकाने वाला कलेक्शन

फिल्म की असली रफ्तार चौथे सप्ताह में देखने को मिली। रिपोर्ट के मुताबिक, चौथे हफ्ते में ‘हनुमान अंश’ ने करीब 61 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इसके बाद 29वें दिन फिल्म ने 10 करोड़, 30वें दिन 16.50 करोड़ और 31वें दिन 22.75 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। इसी के साथ फिल्म के शोज बढ़कर करीब 7 हजार तक पहुंच गए।

2026 की हाईएस्ट ग्रॉसिंग फिल्मों में ‘हनुमान अंश’ की एंट्री

बेहतरीन बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन के दम पर ‘हनुमान अंश’ ने 2026 की हाईएस्ट ग्रॉसिंग फिल्मों की टॉप-10 लिस्ट में जगह बना ली है। कोईमोई के मुताबिक, फिल्म 122.13 करोड़ रुपये के कलेक्शन के साथ आठवें स्थान पर पहुंच गई है। इस दौरान उसने ‘कॉकटेल 2’ और ‘मिर्जापुर: द मूवी’ जैसी फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है।

2026 की टॉप-10 हाईएस्ट ग्रॉसिंग फिल्मों की लिस्ट

रिपोर्ट के मुताबिक, 2026 की इस सूची में ‘धुरंधर 2’ 1186.32 करोड़ रुपये के साथ पहले नंबर पर है। ‘बॉर्डर 2’ 326.76 करोड़ के साथ दूसरे, ‘भूत बंगला’ 199.23 करोड़ के साथ तीसरे और ‘धमाल 4’ 177.92 करोड़ के साथ चौथे स्थान पर है। ‘आवारापन 2’ 155.86 करोड़ के साथ पांचवें नंबर पर है।

छठे स्थान पर ‘टॉक्सिक’ हिंदी 142.95 करोड़, सातवें पर ‘वेलकम टू द जंगल’ 137.93 करोड़, आठवें पर ‘हनुमान अंश’ 122.13 करोड़, नौवें पर ‘कॉकटेल 2’ 104.53 करोड़ और दसवें स्थान पर ‘मिर्जापुर: द मूवी’ 97.69 करोड़ रुपये के साथ है।

‘हनुमान अंश’ की स्टारकास्ट और कहानी से जुड़ी खास बातें

‘हनुमान अंश’ का निर्देशन विशाल चतुर्वेदी ने किया है और फिल्म की अवधि करीब 2 घंटे 30 मिनट है। फिल्म में पूर्णिमा तिवारी, शोभिनव सत्य और चंदन आनंद जैसे कलाकार नजर आते हैं। शोभिनव सत्य ने फिल्म में लीड भूमिका निभाई है और वह नीम करौली बाबा के किरदार में दिखाई देते हैं। फिल्म के गानों को भी दर्शकों की ओर से अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है।

बॉक्स ऑफिस पर अभी जारी है ‘हनुमान अंश’ का सफर

शुरुआत में बेहद धीमी कमाई करने वाली ‘हनुमान अंश’ ने जिस तरह एक महीने बाद बॉक्स ऑफिस पर रफ्तार पकड़ी है, वह फिल्म की सबसे बड़ी खासियत बन गई है। बढ़ते शोज, मजबूत ऑक्यूपेंसी और 31वें दिन के शानदार कलेक्शन ने फिल्म को 2026 की चर्चित फिल्मों की सूची में पहुंचा दिया है। फिल्म अभी भी सिनेमाघरों में लगी हुई है, इसलिए इसके कलेक्शन में आगे और इजाफा हो सकता है।