Hamirpur News: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में रविवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। बागेश्वर धाम से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की कार को तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। यह हादसा कानपुर-सागर हाईवे पर मौदहा कोतवाली क्षेत्र के छिरका गांव के पास हुआ, जिसमें पति-पत्नी समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
UP Politics: UP में मंत्रियों को क्यों नहीं मिल रहे विभाग? सपा प्रमुख के तीखे तंज पर राजभर का सबसे बड़ा पलटवार
एक ही परिवार के लोग लौट रहे थे दर्शन कर
जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे कानपुर नगर के नवाबगंज क्षेत्र निवासी 55 वर्षीय नरेंद्र अपनी 52 वर्षीय पत्नी रेखा और अन्य रिश्तेदारों के साथ बागेश्वर धाम से दर्शन कर वापस लौट रहे थे। उनके साथ कानपुर निवासी 57 वर्षीय राजकपूर, उनकी पत्नी 54 वर्षीय मीना और लखनऊ निवासी 25 वर्षीय चालक आयुष चौहान भी कार में सवार थे।
जैसे ही उनकी वैगनआर कार छिरका गांव के पास पहुंची, सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में नरेंद्र, उनकी पत्नी रेखा, राजकपूर और चालक आयुष चौहान शामिल हैं। यह सभी लोग बागेश्वर धाम से दर्शन करके लौट रहे थे।
एक महिला गंभीर रूप से घायल
इस हादसे में राजकपूर की पत्नी मीना गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तुरंत प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनकी हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें कानपुर रेफर कर दिया है। उनका इलाज जारी है।
पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा
घटना की जानकारी मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार वर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
एएसपी ने बताया कि ट्रक और कार की टक्कर में चार लोगों की मौत हुई है और एक महिला गंभीर रूप से घायल है। मामले की जांच की जा रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
परिवारों में मचा कोहराम
इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया है। एक ही हादसे में चार लोगों की मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजन सदमे में हैं और गांव का माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया है।










