Protest Against Gyanesh Kumar: कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ देश के अलग-अलग हिस्सों में विरोध प्रदर्शन तेज कर दिया है। पार्टी की ओर से दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में मार्च और प्रदर्शन किए जा रहे हैं। कांग्रेस कार्यकर्ता चुनाव आयोग की भूमिका और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर सवाल उठा रहे हैं। वहीं, केंद्रीय मंत्री और बीजेपी नेता जेपी नड्डा ने कांग्रेस के आंदोलन और उसके आरोपों पर निशाना साधा है।
ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन
बताते चले कि, कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को अपने विरोध प्रदर्शन का प्रमुख मुद्दा बनाया है। पार्टी का कहना है कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में मुख्य निर्वाचन आयुक्त का इस्तीफा पहला कदम होना चाहिए। कांग्रेस का आरोप है कि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं और इन मुद्दों पर जवाबदेही तय की जानी चाहिए।

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने भी चुनाव आयोग की भूमिका को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR के दौरान नागरिकता निर्धारित किए जाने के मुद्दे पर आपत्ति जताई। उनका दावा है कि नागरिकता तय करना निर्वाचन आयोग के अधिकार क्षेत्र में नहीं आता।
SIR और नागरिकता को लेकर जयराम रमेश का बड़ा दावा
जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि निर्वाचन आयोग का काम नागरिकता निर्धारित करना नहीं है। उन्होंने अपने दावे के समर्थन में सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश जस्टिस सुधांशु धूलिया के एक हालिया साक्षात्कार का हवाला दिया। जयराम रमेश के मुताबिक, देश में नागरिकता का निर्धारण नागरिकता अधिनियम, 1955 और संसद की ओर से समय-समय पर किए गए संशोधनों के तहत होता है। कांग्रेस नेता का कहना है कि SIR की प्रक्रिया के दौरान चुनाव आयोग द्वारा नागरिकता से जुड़े सवाल उठाना उसके अधिकार क्षेत्र को लेकर बहस पैदा करता है।
दिल्ली में यूथ कांग्रेस का ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मार्च

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ दिल्ली में यूथ कांग्रेस ने भी विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने मार्च निकालकर चुनाव आयोग की भूमिका पर सवाल उठाए और मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग की। प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रास्ते को रोकने की कोशिश की। इसके बावजूद कांग्रेस कार्यकर्ता जंतर-मंतर रोड की ओर मार्च करने के लिए आगे बढ़े। दिल्ली के अलावा उत्तर प्रदेश में भी कांग्रेस के प्रदर्शन देखने को मिले।
उत्तर प्रदेश में उन्नाव और मुरादाबाद में कांग्रेस का प्रदर्शन
उत्तर प्रदेश के उन्नाव में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। वहीं, मुरादाबाद में प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चुनाव प्रक्रिया और SIR को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं का कहना है कि मतदाता सूची में संशोधन की प्रक्रिया को लेकर पारदर्शिता और स्पष्टता जरूरी है। कांग्रेस लगातार इस मुद्दे को लेकर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर सवाल उठा रही है।
जयपुर में कांग्रेस का प्रदर्शन, पुलिस ने किया वाटर कैनन का इस्तेमाल
राजस्थान की राजधानी जयपुर में भी कांग्रेस ने ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ता शहीद स्मारक से मार्च करते हुए चुनाव आयोग के प्रदेश कार्यालय का घेराव करने के लिए आगे बढ़े।पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए रास्ते में बैरिकेडिंग की। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए वाटर कैनन भी तैनात किए गए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के आगे बढ़ने पर पुलिस ने पानी की बौछार की। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प की स्थिति भी बनी।
महाराष्ट्र में भी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे को लेकर मार्च

महाराष्ट्र के नासिक, पुणे और कोल्हापुर में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। नासिक में पार्टी कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर अपना विरोध दर्ज कराया। पुणे में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मार्च निकाला।कोल्हापुर में जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर कांग्रेस की ओर से आंदोलन किया गया। इस प्रदर्शन में सांसद शाहू महाराज और सतेज पाटील के शामिल होने की बात सामने आई। महाराष्ट्र के अन्य हिस्सों में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से प्रदर्शन किए जाने की जानकारी सामने आई है।
जेपी नड्डा ने कांग्रेस के आरोपों पर साधा निशाना
कांग्रेस के देशव्यापी प्रदर्शन के बीच केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने सोमवार को एक्स पर पोस्ट करते हुए कांग्रेस और INDI गठबंधन पर देश की प्रगति से निराश होने का आरोप लगाया।जेपी नड्डा ने कहा कि कांग्रेस की ओर से लगाए जा रहे आरोप तथ्यों की कसौटी पर बार-बार खारिज हुए हैं। उन्होंने कांग्रेस पर बिना नीति और विजन के भ्रम तथा अराजकता फैलाने का आरोप लगाया।
चुनाव आयोग के जवाब का हवाला देकर कांग्रेस पर पलटवार
जेपी नड्डा ने अपने बयान में कहा कि चुनाव आयोग कांग्रेस के आरोपों पर तथ्य स्पष्ट कर चुका है, इसके बावजूद माहौल बिगाड़ने की कोशिश जारी है। उन्होंने राहुल गांधी को संबोधित करते हुए कहा कि किसी बात को बार-बार दोहराने से वह सच नहीं बन जाती।

इस पूरे विवाद में एक तरफ कांग्रेस ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे, SIR और नागरिकता निर्धारण को लेकर सवाल उठा रही है, तो दूसरी ओर बीजेपी कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए चुनाव आयोग की ओर से दिए गए जवाबों का हवाला दे रही है। ऐसे में चुनाव आयोग की भूमिका, SIR की प्रक्रिया और मतदाता सूची को लेकर राजनीतिक बहस फिलहाल जारी है।










