Gurgaon News: गुरुग्राम में सोमवार को हुई भारी बारिश और जलभराव के बाद जिला प्रशासन ने 25 अगस्त के लिए Work From Home की एडवाइजरी जारी की है। एडवाइजरी में सभी सरकारी और निजी संस्थानों से कहा गया है कि वे अपने कर्मचारियों को घर से काम करने की सुविधा दें। प्रशासन का मानना है कि इससे सड़कों पर वाहनों का दबाव कम होगा और लोगों को जलभराव व ट्रैफिक जाम की परेशानी से राहत मिल सकती है।
गुरुग्राम Work From Home एडवाइजरी क्यों जारी हुई?
बताते चले कि, प्रशासन की ओर से जारी एडवाइजरी में कहा गया है कि भारी बारिश के कारण गुरुग्राम के कई हिस्सों में जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति बन सकती है। ऐसे में कर्मचारियों के घर से काम करने से सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव कम करने में मदद मिलेगी। इसके अलावा प्रशासन को सड़कों और नालियों की मरम्मत तथा रखरखाव से जुड़े काम करने में भी आसानी होगी। लोगों से अपील की गई है कि वे मौसम और सड़क की स्थिति को ध्यान में रखते हुए अपनी यात्रा की योजना बनाएं.
भारी बारिश से गुरुग्राम की सड़कें हुईं जलमग्न
सोमवार को हुई तेज बारिश के बाद गुरुग्राम के कई इलाकों में सड़कें पानी से लबालब हो गईं। जलभराव का सीधा असर यातायात व्यवस्था पर पड़ा और कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई। दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर भी बारिश के बाद जाम की स्थिति देखने को मिली। नरसिंहपुर, हीरो होंडा चौक, राजीव चौक, इफको चौक और पुराने गुरुग्राम के कई इलाकों में पानी भरने के कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
गुरुग्राम में 1:30 बजे तक 70mm बारिश दर्ज
जिला प्रशासन के मुताबिक, सोमवार दोपहर 1:30 बजे तक गुरुग्राम में करीब 70 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। लगातार बारिश के चलते राजीव चौक पर कई वाहन पानी में फंस गए। सोहना रोड पर भी जलभराव का असर देखने को मिला, जहां स्कूल बस और एंबुलेंस के फंसने की तस्वीरें सामने आईं। प्रशासन के अनुसार राजीव चौक, इफको चौक, रेलवे रोड, सेक्टर-5, ओल्ड दिल्ली रोड, महरौली रोड और बसई रोड समेत कई प्रमुख इलाके प्रभावित रहे।
अंडरपास और पुराने गुरुग्राम में भी जलभराव
बारिश के बाद नहरपुर अंडरपास में पानी भर गया, जिसके चलते यहां से गुजरने वाले वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। शहर के कई अन्य मार्गों पर भी ट्रैफिक की रफ्तार काफी धीमी रही। पुराने गुरुग्राम के सदर बाजार, गुरुद्वारा रोड और ओल्ड दिल्ली रोड जैसे इलाकों में दोपहर तक जलभराव के कारण जाम की स्थिति बनी रही। स्थानीय लोगों और वाहन चालकों को पानी से भरी सड़कों से गुजरने में काफी परेशानी हुई।
शीतला माता रोड पर सबसे ज्यादा बारिश का असर
एक वरिष्ठ ट्रैफिक पुलिस अधिकारी के मुताबिक, दोपहर के समय सरहौल बॉर्डर, राजीव चौक, नरसिंहपुर समेत कई इलाकों में वाहनों की आवाजाही लगभग थम गई थी। जलभराव और लगातार बारिश के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए ट्रैफिक पुलिस के जवानों को प्रमुख स्थानों पर तैनात किया गया। अधिकारी के मुताबिक, गुरुग्राम का शीतला माता रोड सबसे ज्यादा प्रभावित इलाकों में रहा, जहां जलभराव के कारण वाहनों की आवाजाही पर सबसे अधिक असर पड़ा।
25 अगस्त को घर से काम करने की अपील
भारी बारिश के बाद प्रशासन ने 25 अगस्त को Work From Home को लेकर एडवाइजरी जारी की है। सरकारी और निजी संस्थानों से कर्मचारियों को घर से काम करने की सुविधा देने की अपील की गई है।
प्रशासन का कहना है कि इस कदम से एक तरफ लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचाया जा सकेगा, वहीं दूसरी तरफ सड़कों पर ट्रैफिक कम होने से राहत और बचाव कार्यों के साथ सड़क-नाली रखरखाव का काम भी सुचारु रूप से किया जा सकेगा। बारिश के बाद गुरुग्राम में बने हालात को देखते हुए लोगों से सावधानी बरतने और यात्रा से पहले सड़क की स्थिति की जानकारी लेने की अपील की गई है।










