Abhishek Banerjee Illegal Notice : कोलकाता नगर पालिका (केएमसी) ने तृणमूल कांग्रेस के अखिल भारतीय महासचिव अभिषेक बनर्जी की संपत्ति और उनके घर के अवैध हिस्सों को गिराने के संबंध में एक कड़ा नोटिस जारी किया था। नोटिस के मुताबिक, अवैध निर्माण को हटाने के लिए दी गई समय-सीमा सोमवार यानी आज समाप्त होने वाली थी। इस बीच, अभिषेक बनर्जी ने रविवार को कोलकाता नगर पालिका को एक पत्र लिखकर नोटिस का औपचारिक जवाब देने के लिए अतिरिक्त समय की मांग की थी। केएमसी ने उनके इस अनुरोध को स्वीकार करते हुए अवैध हिस्से को हटाने की डेडलाइन को 10 दिनों के लिए आगे बढ़ा दिया है। इसी गहमा-गहमी के बीच सोमवार दोपहर कोलकाता पुलिस अचानक अभिषेक बनर्जी के हरीश चटर्जी रोड स्थित आवास पर पहुंच गई।
अभिषेक बनर्जी के शांतिनिकेतन आवास पर कोलकाता पुलिस की दस्तक
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, हरीश चटर्जी रोड पर स्थित ‘शांतिनिकेतन’ आवास वास्तव में अभिषेक बनर्जी की विवादित कंपनी ‘लिप्स एंड बाउंड्स’ की संपत्ति है। पश्चिम बंगाल की मौजूदा तृणमूल सरकार के कार्यकाल के दौरान इस कंपनी को लेकर पहले भी कई बड़े राजनीतिक विवाद सामने आ चुके हैं। सोमवार को जैसे ही नगर पालिका की डेडलाइन खत्म होने और राहत मिलने की खबरें आईं, वैसे ही कोलकाता पुलिस की एक विशेष टीम अचानक अभिषेक के घर पहुंच गई। इस औचक दौरे के बाद राजनीतिक गलियारों में यह सवाल तैरने लगा है कि क्या लिप्स एंड बाउंड्स से जुड़े मामलों के चलते शांतिनिकेतन आवास पुलिस की नई रडार पर है, या फिर मौजूदा तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए सुरक्षा कारणों से पुलिस ने यह सरप्राइज विजिट की है। हालांकि, जांच अधिकारी मीडिया के किसी भी सवाल का जवाब दिए बिना वहां से निकल गए।
अभिषेक बनर्जी की सत्रह संपत्तियां कोलकाता नगर पालिका की रडार पर
बीते सोमवार को कोलकाता म्युनिसिपैलिटी ने सख्त रुख अपनाते हुए अभिषेक बनर्जी के दो प्रमुख पतों—कालीघाट रोड और हरीश मुखर्जी रोड पर नोटिस तामिल कराया था। इस नोटिस के जरिए टीएमसी सांसद से पूछा गया था कि क्या उनके आवासों में किए गए अतिरिक्त निर्माण के लिए नगर पालिका से उचित परमिशन ली गई थी? इसके साथ ही केएमसी ने शांतिनिकेतन आवास के उस हिस्से को भी चिन्हित किया है जो अवैध रूप से बनाया गया है और उसे गिराने का आदेश जारी किया है। बताया जा रहा है कि अभिषेक बनर्जी से जुड़ी करीब 17 संपत्तियां इस समय नगर पालिका और प्रशासन की पैनी निगरानी में हैं, जिनकी जांच चल रही है।
नोटिस के सवाल पर पत्रकारों के सामने बिफरे टीएमसी सांसद
कुछ दिनों पहले, अभिषेक बनर्जी तृणमूल सुप्रीमो ममता बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास पर एक महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होने के बाद बाहर निकले थे। जब वे अपनी कार में बैठ रहे थे, तब वहां मौजूद पत्रकारों ने उन्हें घेर लिया और नगर पालिका द्वारा जारी नोटिसों को लेकर ताबड़तोड़ सवाल पूछने शुरू कर दिए। शुरुआत में तो अभिषेक ने इन सवालों को पूरी तरह नजरअंदाज किया, लेकिन बाद में उन्होंने कार की खिड़की नीचे की और अंदर बज रहे गाने की धुन पर गुनगुनाते हुए बेहद आक्रामक अंदाज में जवाब दिया। उन्होंने उंगली उठाते हुए और धमकी भरे लहजे में मीडिया से कहा कि पहले वे यह पता लगाएं कि घर का कौन सा हिस्सा अवैध है, उसके बाद ही उनसे सवाल पूछें। हालांकि, बाद में डायमंड हार्बर से सांसद अभिषेक बनर्जी के तेवर कुछ नरम पड़ते दिखाई दिए।
Read More: Gulmarg Cable Car : मशहूर गुलमर्ग गंडोला में तकनीकी खराबी, बीच हवा में फंसे सैकड़ों लोग










