GT vs CSK: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) का रोमांच अपने चरम पर पहुँच चुका है, जहाँ चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के सामने अब अस्तित्व बचाने का संकट खड़ा हो गया है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जा रहे इस महामुकाबले में गुजरात टाइटंस (GT) ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में बोर्ड पर 3 विकेट के नुकसान पर 229 रनों का विशाल स्कोर टांग दिया है। चेन्नई सुपर किंग्स के लिए यह मुकाबला ‘करो या मरो’ की स्थिति वाला है। अगर ऋतुराज गायकवाड़ की पलटन को प्लेऑफ की उम्मीदों को जिंदा रखना है, तो हर हाल में इस पहाड़ जैसे लक्ष्य को हासिल करना होगा, वरना सफर यहीं थम सकता है।
IPL लीग स्टेज के आखिरी मैच में RCB और SRH आमने-सामने
शुभमन गिल और साई सुदर्शन का तूफान
अहमदाबाद की सपाट पिच पर गुजरात टाइटंस के बल्लेबाजों ने चेन्नई के गेंदबाजी आक्रमण की धज्जियां उड़ाकर रख दीं। सलामी बल्लेबाज और कप्तान शुभमन गिल के साथ-साथ इन-फॉर्म बल्लेबाज साई सुदर्शन ने चेन्नई के किसी भी गेंदबाज को संभलने का मौका नहीं दिया। दोनों ही बल्लेबाजों ने मैदान के हर कोने में चौके-छक्कों की बरसात करते हुए शानदार अर्धशतकीय पारियां खेलीं और पहले विकेट के लिए रिकॉर्ड साझेदारी की। इन दोनों की आतिशी बल्लेबाजी के बूते गुजरात ने चेन्नई के सामने 230 रनों का बेहद कड़ा और मानसिक दबाव बनाने वाला लक्ष्य रखा।
इतिहास रचना होगा CSK को
चेन्नई सुपर किंग्स को अगर इस मैच में दो अंक हासिल करने हैं, तो उन्हें अपने आईपीएल इतिहास की सबसे बड़ी बाधा को पार करना होगा। रिकॉर्ड्स पर नजर डालें तो चेन्नई ने अपने पूरे आईपीएल इतिहास में कभी भी 210 रनों से बड़ा टारगेट सफलतापूर्वक चेज नहीं किया है। आईपीएल में उनका सबसे बड़ा सफल रन चेज 208 रनों का है, जो उन्होंने इसी सीजन (2026) में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ और इससे पहले साल 2012 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ हासिल किया था।
इतना ही नहीं, अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम के इतिहास में भी आज तक कभी 205 रनों से बड़ा लक्ष्य चेज नहीं हो पाया है। ऐसे में यदि धोनी की मौजूदगी वाली चेन्नई यह मैच जीतती है, तो यह न सिर्फ उनका बल्कि इस मैदान का भी सबसे बड़ा सफल रन चेज साबित होगा।
विकेटटेकर अंशुल कंबोज की फिर हुई बेरहम कुटाई
चेन्नई सुपर किंग्स के युवा तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज के लिए आईपीएल 2026 का यह दौर किसी बुरे सपने जैसा साबित हो रहा है। भले ही वह इस सीजन में चेन्नई के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में ऊपर हों, लेकिन पिछले कुछ मैचों से विरोधी बल्लेबाजों ने उन्हें निशाने पर ले रखा है। गुजरात टाइटंस के खिलाफ भी अंशुल की जमकर क्लास लगी और उन्होंने अपने 4 ओवर के कोटे में बिना किसी खास प्रभाव के 56 रन लुटा दिए।
पिछले 5 मुकाबलों की बात करें तो अंशुल कंबोज बेहद महंगे साबित हुए हैं; इन मैचों में वह सिर्फ 4 विकेट चटका पाए हैं और उनके खिलाफ बल्लेबाजों ने 261 रन कूट दिए हैं। अंशुल के अलावा गुजरात की पारी के दौरान स्पेंसर जॉनसन और नूर अहमद जैसे गेंदबाजों की भी टाइटंस के बल्लेबाजों ने बेरहमी से पिटाई की। अब पूरा दारोमदार चेन्नई के स्टार बल्लेबाजों पर है कि वे इस नामुमकिन से दिखने वाले लक्ष्य को मुमकिन कैसे बनाते हैं।










