UP News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को गोरखपुर में ग्रीन सिटी से माधोपुर बांध तक सड़क चौड़ीकरण परियोजना का लोकार्पण किया। सूरजकुंड में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना ने शहर के विकास को नई दिशा दी है और लोगों के आवागमन को पहले से अधिक सुगम बनाया है। उन्होंने कहा कि आज गोरखपुर तेजी से बदल रहा है और विकास कार्यों की बदौलत शहर को नई पहचान मिल रही है।
70 करोड़ की लागत से तैयार हुई दो किलोमीटर लंबी सड़क
बताते चले कि, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि लगभग दो किलोमीटर लंबी इस सड़क परियोजना को करीब 70 करोड़ रुपये की लागत से पूरा किया गया है। इस मार्ग के चौड़ीकरण से स्थानीय नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी। पहले संकरी सड़क होने के कारण भारी वाहनों और ट्रकों के आवागमन में दिक्कत होती थी, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। अब सड़क के चौड़ीकरण से यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और क्षेत्र के आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।
बेहतर कनेक्टिविटी से गोरखपुर के लोगों को होगा लाभ
सीएम योगी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य गोरखपुर की कनेक्टिविटी को और मजबूत करना है। उन्होंने बताया कि अब सोनौली या वाराणसी की ओर जाने वाले लोगों को शहर के भीड़भाड़ वाले हिस्सों में प्रवेश करने की आवश्यकता नहीं होगी। नई सड़क और बंधों के चौड़ीकरण से वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध होंगे, जिससे यात्रा का समय कम होगा और ट्रैफिक दबाव भी घटेगा।
हर्बर्ट बंधे के चौड़ीकरण से लखनऊ मार्ग होगा आसान
मुख्यमंत्री ने बताया कि हर्बर्ट बंधे के चौड़ीकरण का कार्य भी तेजी से चल रहा है। इससे लखनऊ की ओर जाने वाले लोगों को गोलघर और टीपी नगर जैसे व्यस्त इलाकों से होकर नहीं गुजरना पड़ेगा। लोग सीधे बंधे के रास्ते कलेसर होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार की कोशिश है कि हर विकास परियोजना आम लोगों के जीवन में सुविधा और सुगमता लेकर आए।
गोरखपुर विकास परियोजनाओं से बदल रही शहर की तस्वीर
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गोरखपुर में लगातार हो रहे विकास कार्यों ने शहर की तस्वीर बदल दी है। सड़क, कनेक्टिविटी और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार से न केवल लोगों का जीवन आसान हो रहा है, बल्कि व्यापार और निवेश की संभावनाएं भी बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में गोरखपुर प्रदेश के प्रमुख विकसित शहरों में शामिल होगा।
कार्यक्रम में सीएम योगी का दिखा हल्का-फुल्का अंदाज
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का मजाकिया अंदाज भी देखने को मिला। उन्होंने सांसद की ओर इशारा करते हुए कहा कि आज सांसद जी ने भाषण नहीं दिया, लगता है कि उन्हें ज्यादा दावत मिल गई है। मुख्यमंत्री के इस बयान पर कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों ने ठहाके लगाए। इसके अलावा उन्होंने कालीबाड़ी के बाबा और उनकी फिल्म का जिक्र करते हुए भी लोगों से हल्के-फुल्के अंदाज में सवाल पूछा, जिससे कार्यक्रम का माहौल और भी रोचक बन गया।










