UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार, 16 सितंबर को गोरखपुर के जंगल नकहा नंबर-2 में नवनिर्मित कल्याण मंडपम का लोकार्पण करेंगे। गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) की ओर से मुख्यमंत्री की विधायक निधि से करीब 3.08 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किए गए इस कल्याण मंडपम का उद्देश्य अल्प और मध्यम आय वर्ग के परिवारों को शादी-विवाह और अन्य मांगलिक आयोजनों के लिए किफायती एवं सुविधाजनक स्थान उपलब्ध कराना है।
गोरखपुर कल्याण मंडपम से मध्यम वर्ग को मिलेगी रियायती सुविधा
बताते चले कि, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ईज ऑफ लिविंग यानी जीवन सुगमता के विजन के तहत गोरखपुर में वार्ड स्तर पर आधुनिक सुविधाओं से लैस कल्याण मंडपम की श्रृंखला तैयार की जा रही है। इसका सबसे बड़ा फायदा उन परिवारों को मिलने की उम्मीद है, जो महंगे मैरिज हाउस या निजी आयोजन स्थलों का खर्च वहन नहीं कर पाते। कल्याण मंडपम को ऐसे परिवारों के लिए रियायती और बेहतर विकल्प के तौर पर विकसित किया जा रहा है।
योगी सरकार की कल्याण मंडपम योजना का विस्तार

आपको बता दे कि, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर विकास प्राधिकरण और नगर निगम को निम्न एवं मध्यम आय वर्ग के लोगों के लिए बेहतर मांगलिक स्थल विकसित करने का निर्देश दिया था। इसी विजन के तहत गोरखपुर में कल्याण मंडपम का निर्माण शुरू हुआ। मुख्यमंत्री ने अपनी विधायक निधि से इसके लिए धनराशि की व्यवस्था भी कराई। अब तक शहर में सात कल्याण मंडपम का लोकार्पण हो चुका है, जबकि जंगल नकहा नंबर-2 का मंडपम इस श्रृंखला का आठवां केंद्र होगा।
3.08 करोड़ की लागत से बना आधुनिक कल्याण मंडपम
जीडीए के उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल के अनुसार, वार्ड नंबर 54 उर्वरक नगर के जंगल नकहा नंबर-2 में 2461 वर्गमीटर भूमि पर कल्याण मंडपम का निर्माण कराया गया है। करीब 3.08 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह भवन दो मंजिल का है और इसमें एक साथ लगभग 300 लोगों के आयोजन की क्षमता है। आधुनिक शहरी सुविधाओं और आकर्षक वास्तुकला के साथ तैयार किए गए इस परिसर में सामाजिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे।
शादी-विवाह और सामाजिक आयोजनों के लिए मिलेंगी कई सुविधाएं
कल्याण मंडपम में बड़े हॉल के साथ किचन, स्टोर, ऑफिस और चेंज रूम की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। दोनों मंजिलों पर महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय बनाए गए हैं। इसके अलावा परिसर के भीतर वाहनों के लिए पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था भी की गई है। पार्किंग क्षेत्र में इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाई गई हैं, जबकि परिसर में फव्वारे के साथ आकर्षक लॉन भी विकसित किया गया है।
गोरखपुर में दो और कल्याण मंडपम निर्माणाधीन
गोरखपुर में कल्याण मंडपम की श्रृंखला का विस्तार लगातार जारी है। जीडीए के उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल ने बताया कि दो अन्य कल्याण मंडपम का निर्माण भी तेजी से चल रहा है। इनमें पहला वार्ड नंबर 7 महादेव झारखंडी और दूसरा वार्ड नंबर 2 बाबा राघवदास नगर के सेमरा में बनाया जा रहा है। दोनों परियोजनाओं पर करीब ढाई-ढाई करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
इन इलाकों में पहले हो चुका है कल्याण मंडपम का लोकार्पण
गोरखपुर में अब तक खोराबार, सूरजकुंड, मानबेला, राप्तीनगर विस्तार क्षेत्र के टोला पीरू शहीद, बिछिया जंगल तुलसीराम, जंगल बेनी माधव और बशारतपुर में कल्याण मंडपम का लोकार्पण हो चुका है। बशारतपुर के कल्याण मंडपम का लोकार्पण मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 29 अगस्त को किया था। अब जंगल नकहा नंबर-2 में आठवें कल्याण मंडपम के शुरू होने से स्थानीय लोगों को नई सुविधा मिलेगी।
सीएम योगी करेंगे आईएमए चैरिटेबल ब्लड सेंटर का उद्घाटन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को गोरखपुर दौरे के दौरान इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) गोरखपुर के चैरिटेबल ब्लड सेंटर का भी उद्घाटन करेंगे। यह ब्लड सेंटर आईएमए के तारामंडल क्षेत्र स्थित भवन में स्थापित किया गया है। इसके शुरू होने से जरूरतमंद मरीजों को रक्त उपलब्ध कराने की व्यवस्था को और मजबूती मिलने की उम्मीद है। गोरखपुर दौरे के दौरान कल्याण मंडपम और ब्लड सेंटर का उद्घाटन मुख्यमंत्री के जनहित और नागरिक सुविधाओं से जुड़े विजन को आगे बढ़ाने वाला कदम माना जा रहा है।










