UP News: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में शनिवार को हुई मूसलाधार बारिश के बाद शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति गंभीर हो गई है। सड़कें और गलियां पानी में डूबी नजर आईं, जबकि कई निचले इलाकों में बारिश का पानी घरों और दुकानों के अंदर तक पहुंच गया। लोगों के घरों में बर्तन, कुर्सियां और अन्य सामान पानी में तैरते दिखाई दिए। कई परिवारों को घंटों तक जलभराव की परेशानी का सामना करना पड़ा। लगातार बारिश के कारण शहर में आवागमन भी प्रभावित हुआ है।
गोरखपुर जलभराव के बीच बिजली और जलनिकासी की समस्या बढ़ी

बताते चले कि, भारी बारिश के अगले दिन भी कई इलाकों में जलनिकासी की समस्या बनी रही। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई जगहों पर घंटों तक पानी जमा रहा और कुछ मोहल्लों में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई। बेतियाहाता समेत कई इलाकों में नगर निगम की टीमें पंपिंग सेट के जरिए पानी निकालने में जुटी नजर आईं। प्रशासन और नगर निगम की ओर से जलनिकासी के लिए कार्रवाई की जा रही है, लेकिन प्रभावित इलाकों में लोगों की परेशानी लगातार बनी हुई है।
रवि किशन के घर के बाहर भी गोरखपुर में जलभराव
भारी बारिश का असर गोरखपुर के सांसद रवि किशन के आवास के आसपास भी दिखाई दिया। रामगढ़ताल लेक व्यू लेन स्थित उनके घर के बाहर सड़क पर पानी जमा होने का वीडियो सामने आया है। इसके बाद सोशल मीडिया पर गोरखपुर में जलभराव और सांसद के पुराने ‘स्पेन’ वाले बयान को लेकर भी चर्चाएं शुरू हो गईं। रिपोर्टों के अनुसार रवि किशन ने अधिकारियों और नगर निगम की टीम के साथ शहर के प्रभावित इलाकों का जायजा भी लिया।
गोरखपुर बारिश की शिकायत पर फोन कॉल में सियासी तंज
जलभराव की समस्या को लेकर बेतियाहाता वार्ड के पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी ने सांसद रवि किशन से फोन पर बात की। सामने आए वीडियो के मुताबिक बातचीत के दौरान जलनिकासी की समस्या पर चर्चा के बीच सियासी तंज भी शुरू हो गया। रवि किशन ने कथित तौर पर पार्षद से पूछा कि क्या वह सपा में चले गए हैं। इसके जवाब में पार्षद ने पलटवार करते हुए पूछा कि क्या सांसद बसपा में चले गए हैं। इस फोन बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
पार्षद बोले- जलनिकासी की समस्या बताना राजनीति नहीं
विश्वजीत त्रिपाठी का कहना है कि उनका उद्देश्य शहर में जलभराव की समस्या की ओर ध्यान दिलाना था। वायरल बातचीत के बाद यह मामला गोरखपुर में बारिश और जलनिकासी की समस्या के साथ राजनीतिक चर्चा का विषय भी बन गया। वहीं रिपोर्टों के अनुसार रवि किशन बाद में नगर निगम और अधिकारियों के साथ प्रभावित इलाकों का निरीक्षण करते दिखाई दिए।
गोरखपुर में रिकॉर्ड बारिश, एक घंटे में 115 MM पानी

आपकी जानकारी के लिए बता दे कि, 26 सितंबर की शाम गोरखपुर में बेहद तेज बारिश दर्ज की गई। रिपोर्टों के मुताबिक शाम करीब 4:30 बजे से पौने 7 बजे तक कुल 164 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि 4:30 से 5:30 बजे के बीच एक घंटे में 115 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इतनी तेज बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में सड़कें जलमग्न हो गईं और घरों-दुकानों तक पानी पहुंच गया।
भारी बारिश के बाद हादसों में चार लोगों की मौत
गोरखपुर में शनिवार को हुई भारी बारिश के दौरान अलग-अलग घटनाओं में चार लोगों की मौत की भी सूचना सामने आई है। तेज बारिश के कारण कई जगह पेड़ उखड़ गए और बिजली के पोल गिर गए। सड़कों पर पानी भरने से यातायात प्रभावित हुआ और लोगों को आवाजाही में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। अब प्रशासन और नगर निगम के सामने सबसे बड़ी चुनौती प्रभावित इलाकों से तेजी से पानी निकालने और सामान्य स्थिति बहाल करने की है।










