UP News: गोरखपुर में सीएम योगी का जनता दर्शन, करीब 150 लोगों की सुनी समस्याएं; अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन के दौरान करीब 150 लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को जन शिकायतों का त्वरित, पारदर्शी और संवेदनशील समाधान करने के निर्देश दिए। जमीन कब्जे और इलाज के लिए आर्थिक सहायता से जुड़ी शिकायतों पर भी सीएम ने जरूरी कार्रवाई के निर्देश दिए।

UP News

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

सितम्बर 29, 2026

UP News: गोरखनाथ मंदिर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोगों की समस्याएं गंभीरता से सुनी। अधिकारियों को त्वरित, पारदर्शी और संवेदनशील तरीके से जन समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए। इलाज के लिए आर्थिक मदद मांगने पहुंचे लोगों को भी हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।

गोरखपुर जनता दर्शन में सीएम योगी ने सुनी जन समस्याएं

UP News

बताते चले कि, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को गोरखपुर दौरे पर पहुंचे थे। मंगलवार सुबह उन्होंने गोरखनाथ मंदिर परिसर में नियमित जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान विभिन्न जिलों से आए लोगों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने करीब 150 लोगों की समस्याएं एक-एक करके सुनी और संबंधित अधिकारियों को उनके प्रार्थना पत्र सौंपते हुए जल्द समाधान के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने लोगों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सरकार पूरी गंभीरता से काम कर रही है।

जन शिकायतों के समाधान में लापरवाही पर होगी कार्रवाई

गोरखनाथ मंदिर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में लोगों को कुर्सियों पर बैठाया गया था। मुख्यमंत्री खुद उनके बीच पहुंचे और बारी-बारी से सभी की बातें सुनीं। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जन समस्याओं का समाधान तत्परता और संवेदनशीलता के साथ किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर शिथिलता या लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारी या कर्मचारी की जवाबदेही तय की जाएगी और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण समाधान पर जोर

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों से कहा कि जनता की समस्याओं का निस्तारण केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रहना चाहिए। हर शिकायत का समाधान गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और संतुष्टिपरक तरीके से किया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया में पीड़ित व्यक्ति की स्थिति और उसकी जरूरतों को ध्यान में रखा जाए।

जमीन कब्जे और उत्पीड़न की शिकायतों पर सख्त निर्देश

जनता दर्शन में जन शिकायतें सुनते हुए मुख्यमंत्री योगी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए। कमजोर और जरूरतमंद लोगों की शिकायतों को प्राथमिकता के साथ सुना जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी की जमीन पर अवैध कब्जा करने या कमजोर लोगों को परेशान करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से ऐसे मामलों में कानून के अनुसार प्रभावी कदम उठाने को कहा।

पीड़ितों के प्रति संवेदनशील व्यवहार का निर्देश

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि शिकायत लेकर आने वाले प्रत्येक व्यक्ति के साथ संवेदनशील व्यवहार किया जाए। उन्होंने लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि घबराने की जरूरत नहीं है और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी। जनता दर्शन में आए फरियादियों के प्रार्थना पत्रों को संबंधित विभागों तक भेजते हुए मुख्यमंत्री ने समयबद्ध निस्तारण पर जोर दिया।

इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने पहुंचे फरियादी

गोरखपुर जनता दर्शन में कई लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर भी पहुंचे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को इलाज से जुड़े दस्तावेज तथा एस्टीमेट की प्रक्रिया जल्द पूरी कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गंभीर बीमारियों से जूझ रहे जरूरतमंद लोगों के इलाज के लिए सरकार की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया तेजी से पूरी की जाए।

गोरखनाथ मंदिर में सीएम योगी ने की गोसेवा

UP News

गोरखनाथ मंदिर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोशाला में गोसेवा भी की। मंगलवार सुबह उन्होंने गोशाला पहुंचकर गायों, गोवंश और नंदी को दुलारा तथा उन्हें गुड़ खिलाया। इस दौरान उन्होंने गोशाला में मौजूद कार्यकर्ताओं से गोवंश की देखभाल की जानकारी ली और पशुओं के लिए उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

गोवंश की समुचित देखभाल के निर्देश

मुख्यमंत्री ने गोशाला के कार्यकर्ताओं से कहा कि गोवंश की देखभाल में किसी तरह की कमी नहीं होनी चाहिए। चारा, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। इस तरह मंगलवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में एक ओर जनता दर्शन के जरिए लोगों की समस्याओं के समाधान पर जोर दिया गया, वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री ने गोशाला पहुंचकर गोसेवा की।