UP News: गोरखपुर में सीएम योगी की बड़ी सौगात, 40 करोड़ की 119 परियोजनाओं का लोकार्पण

गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने करीब 40 करोड़ रुपये की लागत वाली 119 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। जंगल नकहा नंबर-2 में कल्याण मंडपम का उद्घाटन करते हुए सीएम योगी ने कानून व्यवस्था, रोजगार, इंफ्रास्ट्रक्चर, पेंशन और सरकारी योजनाओं को लेकर सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।

UP News

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

सितम्बर 17, 2026

UP News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि किसी गांव या शहर में नागरिकों के जीवन स्तर का आकलन वहां के विकास और उपलब्ध जनोपयोगी सुविधाओं से होता है। इसके लिए कानून का राज और सुरक्षित वातावरण जरूरी है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि 2017 के बाद गोरखपुर समेत पूरे उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है और इसी के साथ विकास की नई श्रृंखला खड़ी की गई है।

गोरखपुर में 40 करोड़ की 119 विकास परियोजनाओं की सौगात

UP News

बताते चले कि, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को गोरखपुर के वार्ड नंबर 53, उर्वरक नगर के अंतर्गत जंगल नकहा नंबर-2 में नवनिर्मित कल्याण मंडपम का लोकार्पण किया। इसके साथ ही गोरखपुर विकास प्राधिकरण, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग और नगर निगम की करीब 40 करोड़ रुपये की लागत वाली 119 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

यूपी में कानून व्यवस्था और सुरक्षा पर सीएम योगी का बयान

इसी कड़ी में आगे, सीएम योगी ने कहा कि 2017 के बाद उत्तर प्रदेश में सुरक्षा का बेहतर माहौल बना है। उनके मुताबिक प्रदेश अब कर्फ्यू, दंगा और अराजकता के बजाय कानून के राज के लिए जाना जाता है। उन्होंने कहा कि माफिया के खिलाफ कार्रवाई से प्रदेश में सुरक्षा का वातावरण मजबूत हुआ है और आम लोगों को सुरक्षित माहौल में पर्व-त्योहार मनाने की सुविधा मिल रही है।

उत्तर प्रदेश बना अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन

UP News

मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर कानून व्यवस्था के साथ उत्तर प्रदेश में विकास की रफ्तार भी बढ़ी है। उनके अनुसार यूपी अब बीमारू राज्य की पहचान से आगे निकलकर देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बन रहा है। उन्होंने कहा कि बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर, नई औद्योगिक इकाइयों और मजबूत कनेक्टिविटी ने प्रदेश की तस्वीर बदली है। सीएम ने दावा किया कि अब दूसरे राज्यों और देशों से लोग उत्तर प्रदेश में निवेश और काम के लिए आने में रुचि दिखा रहे हैं।

विकास और सामाजिक एकता को लेकर सीएम योगी की अपील

सीएम योगी ने कहा कि विकास के लिए समाज की एकजुटता जरूरी है। उन्होंने लोगों से जाति, क्षेत्र और भाषा के नाम पर समाज को बांटने वाली राजनीति से सावधान रहने की अपील की। मुख्यमंत्री के मुताबिक सामाजिक विभाजन से अराजकता और असुरक्षा का माहौल पैदा हो सकता है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के विकास और भविष्य के लिए डबल इंजन सरकार की भूमिका महत्वपूर्ण है।

गोरखपुर में इंसेफेलाइटिस और माफिया पर कार्रवाई का दावा

मुख्यमंत्री ने 2017 के बाद गोरखपुर में हुए बदलावों का जिक्र करते हुए इंसेफेलाइटिस, मच्छर और माफिया के खिलाफ उठाए गए कदमों को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि पहले इंसेफेलाइटिस के कारण बड़ी संख्या में मौतें होती थीं, लेकिन सरकार ने इस समस्या पर प्रभावी तरीके से काम किया। सीएम ने दावा किया कि वर्षों पुरानी बीमारी पर दो साल के भीतर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया गया।

गोरखपुर में इंफ्रास्ट्रक्चर और कनेक्टिविटी का विस्तार

सीएम योगी ने गोरखपुर के बंद पड़े खाद कारखाने के दोबारा शुरू होने, फोरलेन कनेक्टिविटी, फ्लाईओवर और ओवरब्रिज निर्माण का उल्लेख किया। उन्होंने रामगढ़ताल के पर्यटन स्थल के रूप में विकास, बीआरडी मेडिकल कॉलेज में सुविधाओं के विस्तार और गोरखपुर में एम्स की स्थापना को भी शहर के बदलाव से जोड़ा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से गोरखपुर की पहचान में बड़ा परिवर्तन आया है।

छह महीने में एक लाख युवाओं को सरकारी नौकरी का दावा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़े हैं। उन्होंने बताया कि उनकी सरकार अब तक करीब साढ़े नौ लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दे चुकी है। साथ ही उन्होंने कहा कि अगले छह महीने में एक लाख और युवाओं को सरकारी नौकरी देने की दिशा में काम किया जा रहा है। उन्होंने गोरखपुर के गीडा में स्थापित करीब 500 कारखानों का जिक्र करते हुए कहा कि इससे लगभग 50 हजार युवाओं को रोजगार मिला है।

पेंशन राशि और लाभार्थियों की संख्या बढ़ाने की तैयारी

सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश में करीब एक करोड़ 10 लाख वृद्धजन, निराश्रित महिलाओं और दिव्यांगजनों को फिलहाल 12 हजार रुपये सालाना पेंशन दी जा रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में पेंशन की धनराशि के साथ लाभार्थियों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी। मुख्यमंत्री ने इसे जरूरतमंद वर्गों को सामाजिक सुरक्षा देने की दिशा में सरकार का कदम बताया।

सरकारी योजनाओं का लाभ और विशेष संतृप्ति अभियान

मुख्यमंत्री ने कहा कि पात्र लोगों को बिना भेदभाव सरकारी योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने आवास, शौचालय, राशन, रसोई गैस, बेटियों की पढ़ाई और विवाह से जुड़ी योजनाओं का उल्लेख किया। सीएम के अनुसार जो पात्र लोग अभी किसी कारण से योजनाओं से वंचित हैं, उन्हें भी लाभ पहुंचाने के लिए विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि यह अभियान 7 अक्टूबर से सेवा संकल्प अभियान के तहत चलाया जाएगा।

कल्याण मंडपम बना गोरखपुर की नई जनसुविधा

UP News

जंगल नकहा नंबर-2 में 2,461 वर्गमीटर भूमि पर 3.09 करोड़ रुपये की लागत से कल्याण मंडपम तैयार किया गया है। दो मंजिला इस भवन में करीब 300 लोगों की क्षमता वाले आयोजन किए जा सकेंगे। यहां हॉल, किचन, स्टोर, कार्यालय, चेंज रूम और महिला-पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय बनाए गए हैं। परिसर में फव्वारा, लॉन और पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था भी की गई है। यहां लोगों को रियायती दर पर मांगलिक और सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित करने की सुविधा मिलेगी।

गोरखपुर में 115 विकास कार्यों का शिलान्यास

मुख्यमंत्री ने नगर निगम की करीब 28.91 करोड़ रुपये की लागत वाली 115 विकास परियोजनाओं का भी शिलान्यास किया। ये कार्य अलग-अलग कॉलोनियों में सड़क, नाली और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े हैं। इसके अलावा करीब 11.04 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाले चार विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया। इनमें कल्याण मंडपम के साथ ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के सड़क और नाली निर्माण से जुड़े तीन कार्य शामिल हैं।

पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

मंचीय कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच फीता काटकर कल्याण मंडपम का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने परिसर का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। जीडीए उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल ने परियोजना की विशेषताओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। निरीक्षण के बाद सीएम योगी ने परिसर में मौलश्री का पौधा लगाया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

जनप्रतिनिधियों ने विकास कार्यों को बताया महत्वपूर्ण

कार्यक्रम में महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने कहा कि मुख्यमंत्री के गोरखपुर दौरे के दौरान शहर को विकास परियोजनाओं की सौगात मिलती रही है। उन्होंने कल्याण मंडपम को आमजन के लिए उपयोगी सुविधा बताया। एमएलसी और भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह ने भी सरकार के विकास कार्यों का उल्लेख किया। कार्यक्रम के अंत में जीडीए बोर्ड के अध्यक्ष एवं मंडलायुक्त इंद्र विक्रम सिंह ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिह्न भेंट कर उनका अभिनंदन किया।