Gold Rate Today: सितंबर के आखिरी दिन घरेलू बाजार में सोने की कीमतों में हल्की गिरावट देखने को मिली। पश्चिमी एशिया में जारी तनाव, बॉन्ड यील्ड में बढ़ोतरी और अमेरिकी ब्याज दरों को लेकर बन रहे संकेतों का असर बुलियन मार्केट पर दिखाई दे रहा है। एक दिन तक भाव स्थिर रहने के बाद सोने की कीमत में लगातार दूसरे दिन कमी आई है।
पिछले तीन दिनों की बात करें तो 24 कैरट सोने के 10 ग्राम भाव में कुल ₹3,890 की गिरावट दर्ज की गई है। वहीं, 22 कैरट सोना भी इस अवधि में ₹3,560 तक सस्ता हुआ है। बुधवार, 30 सितंबर को 24 कैरट और 22 कैरट दोनों तरह के सोने के दाम में ₹10 की मामूली कमी आई।
Stock Market Crash : लगातार दूसरे दिन धड़ाम हुआ बाजार, छह महीने के
दिल्ली से पटना तक क्या है सोने का रेट?

- देश के प्रमुख शहरों में सोने की कीमतें अलग-अलग बनी हुई हैं। दिल्ली में 24 कैरट सोने के 10 ग्राम की कीमत ₹1,48,940 है, जबकि 22 कैरट सोना ₹1,36,540 और 18 कैरट सोना ₹1,11,740 प्रति 10 ग्राम के भाव पर है।
- मुंबई और कोलकाता में 24 कैरट सोने का भाव ₹1,48,790, 22 कैरट ₹1,36,390 और 18 कैरट ₹1,11,590 है। चेन्नई में 24 कैरट सोना ₹1,48,790 और 22 कैरट ₹1,36,390 है, जबकि 18 कैरट सोने का भाव ₹1,14,090 दर्ज किया गया।
- बेंगलुरु और हैदराबाद में भी सोने के भाव मुंबई और कोलकाता के समान हैं। लखनऊ और जयपुर में 24 कैरट सोना ₹1,48,940, 22 कैरट ₹1,36,540 और 18 कैरट ₹1,11,740 है। पटना और अहमदाबाद में 24 कैरट सोने का भाव ₹1,48,840, 22 कैरट ₹1,36,440 और 18 कैरट ₹1,11,640 है।
चांदी की कीमत भी फिसली
सोने के साथ चांदी के भाव में भी सितंबर के आखिरी दिन नरमी आई है। एक दिन तक कीमत स्थिर रहने के बाद 30 सितंबर को दिल्ली में एक किलोग्राम चांदी ₹100 सस्ती होकर ₹2,39,900 पर पहुंच गई। मुंबई, कोलकाता और चेन्नई में भी चांदी का भाव ₹2,39,900 प्रति किलोग्राम दर्ज किया गया है। इससे पहले 28 सितंबर को चांदी की कीमत में ₹5,000 की बड़ी गिरावट आई थी।
क्यों दबाव में है सोने की कीमत?
बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, सोने की कीमतों पर अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम का असर बना हुआ है। अमेरिका और ईरान के बीच तनाव, कच्चे तेल की ऊंची कीमतें और महंगाई को लेकर चिंता निवेशकों की धारणा को प्रभावित कर रही हैं। इसके अलावा अमेरिकी ब्याज दरों को लेकर भी बाजार की नजर बनी हुई है। आम तौर पर ब्याज दरों में बढ़ोतरी की संभावना से सोने पर दबाव देखा जा सकता है, क्योंकि निवेशकों के लिए ब्याज आधारित परिसंपत्तियां अधिक आकर्षक हो सकती हैं। मजबूत डॉलर भी अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतों को प्रभावित करने वाला एक अहम कारक है। फिलहाल सोने-चांदी के बाजार में वैश्विक घटनाक्रम, डॉलर की चाल, ब्याज दरों और महंगाई से जुड़े संकेतों पर निवेशकों की नजर बनी हुई है।
Gold Rate Today: सोना-चांदी खरीदने का सही मौका? एक हफ्ते में कीमतों में भारी










