Gold Price Today: देशभर में सोने की कीमतों में गिरावट का सिलसिला जारी है। 14 मार्च की सुबह सोने के दाम में कमी दर्ज की गई, जिससे खरीदारों को कुछ राहत मिली है। राजधानी दिल्ली में 24 कैरेट सोने की कीमत घटकर 1,60,830 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई है। वहीं मुंबई में 24 कैरेट सोने का भाव 1,60,680 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया है।
सराफा बाजार के आंकड़ों के अनुसार, एक दिन पहले दिल्ली में सोने की कीमत में करीब 2,000 रुपये या लगभग 1.21 प्रतिशत की गिरावट आई थी, जिसके बाद यह 1,65,200 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया था। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि सोने की कीमतों में गिरावट का मुख्य कारण अमेरिकी डॉलर की मजबूती और वैश्विक मौद्रिक नीतियों को लेकर बनी अनिश्चितता है।
IDFC First Bank घोटाले में जांच तेज: 19 लोकेशन पर रेड, 90+ बैंक खाते सीज
वैश्विक परिस्थितियों का भी असर

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सोने की कीमतों में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और संघर्ष के कारण कच्चे तेल की कीमतें तेजी से बढ़ रही हैं। तेल की कीमतों में उछाल से महंगाई बढ़ने का खतरा पैदा हो गया है। ऐसी स्थिति में दुनिया के कई केंद्रीय बैंक महंगाई को नियंत्रित करने के लिए सख्त मौद्रिक नीति अपनाने के लिए मजबूर हो सकते हैं।
इसी वजह से निवेशक सतर्क रुख अपना रहे हैं, जिसका असर सोने और चांदी की कीमतों पर भी दिखाई दे रहा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में फिलहाल हाजिर सोना लगभग 5,088 डॉलर प्रति औंस के आसपास कारोबार कर रहा है।
प्रमुख शहरों में सोने का ताजा भाव
अगर देश के बड़े शहरों की बात करें तो सोने की कीमत में थोड़ा-बहुत अंतर देखने को मिल रहा है। दिल्ली में 24 कैरेट सोने की कीमत 1,60,830 रुपये प्रति 10 ग्राम है, जबकि 22 कैरेट सोना 1,47,440 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बिक रहा है। वहीं मुंबई, चेन्नई और कोलकाता जैसे प्रमुख शहरों में 22 कैरेट सोने की कीमत लगभग 1,47,290 रुपये प्रति 10 ग्राम है। इन शहरों में 24 कैरेट सोने का भाव करीब 1,60,680 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया है।
पुणे और बेंगलुरु में भी सोने की कीमत लगभग इसी स्तर पर बनी हुई है। यहां 24 कैरेट सोने की कीमत 1,60,680 रुपये प्रति 10 ग्राम और 22 कैरेट सोने की कीमत 1,47,290 रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास है।
अन्य शहरों की बात करें तो अहमदाबाद और भोपाल में 24 कैरेट सोने का भाव लगभग 1,60,730 रुपये प्रति 10 ग्राम है, जबकि 22 कैरेट सोने की कीमत करीब 1,47,340 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज की गई है। जयपुर, लखनऊ और चंडीगढ़ में 24 कैरेट सोना लगभग 1,60,830 रुपये प्रति 10 ग्राम और 22 कैरेट सोना करीब 1,47,440 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा है।
चांदी की कीमत में भी गिरावट

सोने के साथ-साथ चांदी की कीमत में भी कमी देखी जा रही है। 14 मार्च की सुबह चांदी का भाव घटकर लगभग 2,79,800 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गया है। इससे पहले दिल्ली के सराफा बाजार में चांदी की कीमत में करीब 11,000 रुपये यानी लगभग 3.97 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई थी, जिसके बाद इसका भाव 2,65,500 रुपये प्रति किलोग्राम रह गया था।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी चांदी की कीमत में हलचल देखी जा रही है। फिलहाल वैश्विक बाजार में चांदी का हाजिर भाव लगभग 83.14 डॉलर प्रति औंस के आसपास बना हुआ है। गौरतलब है कि इसी साल जनवरी महीने में चांदी की कीमतों ने रिकॉर्ड स्तर को छू लिया था और यह 4 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के आंकड़े को पार कर गई थी। हालांकि अब बाजार में गिरावट के कारण इसकी कीमतों में नरमी देखने को मिल रही है।










