Goa News: गोवा जाने वालों की संख्या क्यों बढ़ी? सामने आए चौंकाने वाले आंकड़े

गोवा में पर्यटन का क्रेज लगातार बढ़ रहा है। 2025 में राज्य में 1.02 करोड़ से ज्यादा घरेलू पर्यटक पहुंचे, जबकि विदेशी पर्यटकों की संख्या 5.17 लाख पार रही। 2026 के पहले सात महीनों में भी 61.37 लाख से ज्यादा पर्यटक गोवा पहुंचे। सरकार अब ‘Goa Beyond Beaches’ और रिजनरेटिव टूरिज्म पर फोकस कर रही है।

Goa News

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

सितम्बर 5, 2026

Goa News: गोवा की खूबसूरत समुद्री तटों, प्राकृतिक नजारों और पर्यटन स्थलों का आकर्षण लगातार बढ़ रहा है। राज्य में आने वाले पर्यटकों की संख्या पिछले कुछ वर्षों में तेजी से बढ़ी है। विधानसभा में पेश किए गए आंकड़ों के मुताबिक, 2025 में गोवा आने वाले घरेलू पर्यटकों की संख्या 1.03 करोड़ के करीब पहुंच गई, जबकि 2022 में यह आंकड़ा करीब 70.19 लाख था। यानी महज तीन साल में घरेलू पर्यटन में बड़ा इजाफा दर्ज किया गया।

2022 से 2025 तक गोवा आने वाले भारतीय पर्यटकों में बड़ा इजाफा

बताते चले कि, गोवा के पर्यटन मंत्री रोहन खौंटे की ओर से हाल में संपन्न मानसून सत्र के दौरान पेश आंकड़ों के अनुसार, 2022 में कुल 70,18,945 घरेलू पर्यटक गोवा पहुंचे थे। इसके बाद पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ती गई। 2023 में यह आंकड़ा बढ़कर 81,75,460 और 2024 में 99,41,285 हो गया। वहीं, 2025 में घरेलू पर्यटकों की संख्या बढ़कर 1,02,84,608 पहुंच गई।

गोवा में विदेशी पर्यटकों की संख्या भी लगातार बढ़ी

सिर्फ भारतीय ही नहीं, बल्कि विदेशी पर्यटकों के बीच भी गोवा की लोकप्रियता बढ़ती दिखाई दे रही है। आंकड़ों के मुताबिक, 2022 में गोवा आने वाले विदेशी पर्यटकों की संख्या 1,69,005 थी। 2023 में यह संख्या बढ़कर 4,52,702 हो गई। इसके बाद 2024 में 4,67,911 और 2025 में विदेशी पर्यटकों की संख्या बढ़कर 5,17,802 पहुंच गई।
यह आंकड़े बताते हैं कि गोवा घरेलू पर्यटन के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों के लिए भी लगातार आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

2026 में भी गोवा टूरिज्म की रफ्तार जारी

गोवा में पर्यटकों की बढ़ती संख्या का सिलसिला 2026 में भी जारी है। इस साल के शुरुआती सात महीनों यानी जनवरी से जुलाई के दौरान राज्य में 59,01,769 घरेलू पर्यटक पहुंच चुके हैं। इसी अवधि में 2,36,113 विदेशी पर्यटकों ने भी गोवा का रुख किया। इस तरह जनवरी से जुलाई 2026 के बीच राज्य में कुल 61.37 लाख से ज्यादा पर्यटक पहुंचे हैं।पर्यटन क्षेत्र से जुड़े आंकड़ों में लगातार हो रही बढ़ोतरी राज्य की अर्थव्यवस्था के लिए भी अहम मानी जा रही है।

गोवा की GDP में पर्यटन का बड़ा योगदान

राज्य सरकार के मुताबिक, पर्यटन क्षेत्र गोवा के सकल घरेलू उत्पाद यानी GDP में प्रत्यक्ष रूप से अनुमानित 16.43 प्रतिशत योगदान देता है। पर्यटकों की बढ़ती संख्या से होटल, रेस्टोरेंट, ट्रांसपोर्ट, स्थानीय कारोबार और रोजगार जैसे कई क्षेत्रों को फायदा मिलता है।हालांकि, सरकार ने यह भी माना है कि पर्यटकों की संख्या में लगातार वृद्धि से राज्य के बुनियादी ढांचे, प्राकृतिक संसाधनों और स्थानीय समुदायों पर दबाव बढ़ सकता है। ऐसे में अब पर्यटन को ज्यादा संतुलित और टिकाऊ बनाने पर जोर दिया जा रहा है।

‘Goa Beyond Beaches’ से पर्यटन का दायरा बढ़ाने की तैयारी

पर्यटकों को गोवा के पारंपरिक समुद्री तटों तक सीमित रखने के बजाय राज्य के अंदरूनी इलाकों तक पहुंचाने के लिए सरकार ने ‘गोवा बियॉन्ड बीचेज’ पहल शुरू की है। इसके तहत मानसून टूरिज्म, ग्रामीण पर्यटन, विरासत स्थलों, स्थानीय संस्कृति और अनुभव आधारित पर्यटन को बढ़ावा दिया जा रहा है।सरकार का उद्देश्य पर्यटकों की भीड़ को चुनिंदा तटीय इलाकों से आगे ले जाकर गोवा के ग्रामीण और कम चर्चित क्षेत्रों तक पहुंचाना है। इससे स्थानीय समुदायों और छोटे कारोबारियों को भी पर्यटन का सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।

गोवा बना ‘रिजनरेटिव टूरिज्म’ अपनाने वाला पहला राज्य

राज्य सरकार ने दावा किया है कि गोवा देश का पहला ऐसा राज्य बन गया है जिसने ‘रिजनरेटिव टूरिज्म’ की अवधारणा को अपनाया है। इसके तहत केवल पर्यटकों की संख्या बढ़ाने के बजाय पर्यटन से होने वाले पर्यावरणीय नुकसान को कम करने और प्राकृतिक संसाधनों की स्थिति सुधारने पर ध्यान दिया जा रहा है। इस मॉडल में स्थानीय समुदायों, प्राकृतिक संसाधनों और पर्यटन स्थलों के संरक्षण को प्राथमिकता दी जाती है। यानी गोवा का लक्ष्य अब सिर्फ ज्यादा पर्यटक बुलाना नहीं, बल्कि ऐसा पर्यटन मॉडल तैयार करना है जिससे पर्यटन बढ़े, पर्यावरण बचे और स्थानीय लोगों को भी उसका फायदा मिले।