Rahul Gandhi Protest: प्रधानमंत्री आवास (7, लोक कल्याण मार्ग) के बाहर विपक्ष के हालिया विरोध प्रदर्शन को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) और विपक्ष के बीच जुबानी जंग बेहद तेज हो गई है। केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता गिरिराज सिंह ने बुधवार (22 जुलाई, 2026) को राहुल गांधी पर तीखा हमला बोलते हुए उनके खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा दर्ज करने की मांग कर डाली। गिरिराज सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि विपक्ष का नेता होने का यह बिल्कुल मतलब नहीं है कि कोई भी व्यक्ति देश के कानून को अपने हाथ में ले ले। वहीं दूसरी ओर, कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने दिल्ली पुलिस की कार्रवाई को तानाशाही बताते हुए केंद्र सरकार को घेरा है।
केंद्रीय मंत्री ने राहुल गांधी पर लगाया संविधान के उल्लंघन का आरोप
बताते चले कि, संसदीय गलियारों में मीडिया से बात करते हुए केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने राहुल गांधी के नेतृत्व में हुए इस घेराव पर गहरी आपत्ति जताई। भाजपा नेता ने कहा, “राहुल गांधी ने एक बेहद जिम्मेदार और संवैधानिक पद पर आसीन रहते हुए देश के संविधान की गरिमा को पूरी तरह से तार-तार कर दिया है।” उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता दूसरे देशों में होने वाले हिंसक प्रदर्शनों और उपद्रव की नकल करके भारत में भी वैसा ही माहौल पैदा करना चाहते हैं। गिरिराज सिंह ने सुरक्षा का हवाला देते हुए कहा कि यदि प्रधानमंत्री आवास जैसी अति-संवेदनशील जगह के पास कोई अप्रिय घटना घट जाती, तो उसकी जिम्मेदारी किसकी होती? इसी आधार पर उन्होंने मांग की कि इस पूरे घटनाक्रम के लिए राहुल गांधी पर देशद्रोह का मुकदमा चलना चाहिए।
पीएम हाउस के घेराव पर गिरिराज सिंह की सख्त टिप्पणी
सुरक्षा व्यवस्था और लोकतांत्रिक मर्यादाओं का हवाला देते हुए केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा कि भारत के लोकतंत्र का यह अर्थ कतई नहीं निकाला जा सकता कि आप सीधे देश के प्रधानमंत्री के निवास स्थान में जबरन घुसने का प्रयास करें। गिरिराज सिंह ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि प्रधानमंत्री आवास की सुरक्षा अत्यंत महत्वपूर्ण है और अगर प्रदर्शन के दौरान वहां कोई बड़ी दुर्घटना या सुरक्षा चूक हो जाती, तो आज पूरी दुनिया भारत के लोकतंत्र और उसकी सुरक्षा व्यवस्था पर हंस रही होती। उन्होंने साफ किया कि विरोध प्रदर्शन के नाम पर इस तरह के गैर-जिम्मेदाराना आचरण को स्वीकार नहीं किया जा सकता।
कन्हैया कुमार का मोदी सरकार पर तीखा पलटवार
गिरिराज सिंह के बयानों और दिल्ली पुलिस की कार्रवाई के जवाब में कांग्रेस के फायरब्रांड नेता कन्हैया कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट साझा कर मोदी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। कन्हैया कुमार ने केंद्र सरकार पर युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए लिखा, “देश के विद्यार्थियों और नौजवानों के साथ मोदी सरकार लगातार अन्याय कर रही है और उनका भविष्य छीन रही है। जब यही युवा अपने हक और न्याय की मांग करते हैं, तो यह सरकार उन्हें तोहफे में लाठियां और आंसू गैस के गोले देती है।” उन्होंने कहा कि दिल्ली में हुई इस बर्बरता के बाद अब पूरा देश ही जंतर-मंतर में तब्दील हो चुका है, क्योंकि युवाओं को जुमला नहीं बल्कि नौकरी और जवाबदेही चाहिए।
विपक्ष के सांसदों से बदसलूकी पर RJD ने उठाए गंभीर सवाल
इस पूरे सियासी संग्राम में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के प्रमुख लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने भी कूदते हुए राहुल गांधी और विपक्षी सांसदों के साथ हुए दुर्व्यवहार को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया। रोहिणी ने केंद्र सरकार पर सीधा निशाना साधते हुए कहा कि मोदी सरकार के इशारे पर काम कर रही दिल्ली पुलिस इस समय बर्बरता और बेशर्मी की सारी हदें पार कर चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास के बाहर लोकतांत्रिक व शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन कर रहे विपक्ष के शीर्ष नेताओं और सांसदों के साथ पुलिस ने जो हिंसक और अपमानजनक बर्ताव किया है, वह न सिर्फ शर्मनाक है बल्कि यह साफ दिखाता है कि आज देश में लोकतंत्र गंभीर खतरे में है।










