Ghaziabad Encounter : कैश वैन लूट के दो इनामी बदमाश ढेर, 6 महीने की साजिश नाकाम

गाजियाबाद के लोनी इलाके में पुलिस और बदमाशों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई है। पुलिस ने 50-50 हजार के दो इनामी बदमाशों को मार गिराया है जो करोड़ों की कैश वैन लूटने की फिराक में थे। 6 महीने से रची जा रही इस बड़ी साजिश का अंत कैसे हुआ? जानिए एनकाउंटर की पूरी इनसाइड स्टोरी।

Ghaziabad Encounter

Wrriten By :

Chandan Das

Published On :

मई 13, 2026

Ghaziabad Encounter : उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में पुलिस और अपराधियों के बीच हुई एक भीषण मुठभेड़ में दो कुख्यात बदमाशों को मार गिराया गया है। यह एनकाउंटर थाना वेव सिटी क्षेत्र में हुआ, जहां पुलिस कमिश्नरेट की टीम ने घेराबंदी कर बदमाशों को दबोचने की कोशिश की थी। मारे गए बदमाशों की पहचान जुबेर और समीर के रूप में हुई है, जिन पर पुलिस ने एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। ये दोनों बदमाश हाल ही में हुई एक बड़ी कैश वैन लूट की घटना में मुख्य आरोपी थे।

स्वाट टीम और वेव सिटी पुलिस का संयुक्त अभियान

इस सफल ऑपरेशन का नेतृत्व एडीसीपी क्राइम पीयूष सिंह, एसीपी क्राइम अमित सक्सेना और निरीक्षक अनिल राजपूत ने किया। स्वाट टीम और अपराध शाखा को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बदमाश इलाके में छिपे हुए हैं। जैसे ही पुलिस ने इलाके को चारों तरफ से घेरा, बदमाशों ने खुद को फंसता देख पुलिस टीम पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं, जिसमें दोनों बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गए और बाद में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। इस मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।

6 महीने की रेकी और फिल्मी अंदाज में लूट की वारदात

पूछताछ और जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि बदमाश पिछले 6 महीनों से कैश वैन की रेकी कर रहे थे। इस डकैती की योजना में कुल 6 लोग शामिल थे, जिनमें मोहम्मद रिजवान नाम का आरोपी रेकी का मुख्य सूत्रधार था। बदमाशों ने कई बार वैन का पीछा किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। अंततः 6 मई को एचपी पेट्रोल पंप के पास उन्होंने वारदात को अंजाम दिया। वे बिना नंबर प्लेट वाली बलेनो कार से दो घंटे पहले ही मौके पर पहुंच गए थे और कैश वैन के आने का इंतजार कर रहे थे।

हथियारों के बल पर ड्राइवर को फेंका और वैन लेकर हुए फरार

घटना के दिन जैसे ही कैश वैन रुकी और उसमें सवार कैशियर व गनमैन ‘इंडिया वन’ एटीएम में कैश डालने के लिए गली के अंदर गए, बदमाशों ने मौका देख लिया। वैन में ड्राइवर को अकेला पाकर बदमाशों ने हथियारों के बल पर फायरिंग की और ड्राइवर को धक्का देकर नीचे गिरा दिया। इसके बाद वे कैश वैन लेकर दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे के रास्ते मेरठ की ओर फरार हो गए थे। पुलिस तब से ही इन शातिर अपराधियों की तलाश में जुटी थी।

कमिश्नर जे रविंदर गौड के कार्यकाल का छठा ‘फुल एनकाउंटर’

यह ऑपरेशन डीसीपी धवल जयसवाल, एडीसीपी क्राइम पीयूष सिंह और क्राइम ब्रांच स्वाट टीम के प्रभारी अनिल राजपूत की देखरेख में पूरा हुआ। इस टीम में थाना सिहानी गेट प्रभारी कुलदीप दीक्षित और एसओ वेव सिटी मानवेंद्र सिंह भी शामिल रहे। उल्लेखनीय है कि गाजियाबाद पुलिस कमिश्नर जे रविंदर गौड के कार्यकाल में यह छठा फुल एनकाउंटर है, जो जिले में अपराधियों के खिलाफ पुलिस के कड़े रुख को दर्शाता है। इस कार्रवाई से अपराध जगत में हड़कंप मच गया है और पुलिस अन्य फरार साथियों की तलाश कर रही है।