German Chancellor Friedrich Merz India Visit: जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज अपने पहले भारत दौरे पर रविवार रात अहमदाबाद पहुंचे। यह दौरा भारत-जर्मनी संबंधों के लिए बेहद अहम माना जा रहा है। दो दिन के इस दौरे की शुरुआत उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के साथ की। दोनों नेताओं ने साबरमती आश्रम का दौरा किया और इसके बाद अंतरराष्ट्रीय पतंग महोत्सव में हिस्सा लिया।
अहमदाबाद एयरपोर्ट पर स्वागत

रविवार रात चांसलर फ्रेडरिक मर्ज सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे। उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। यह दौरा ऐसे समय हो रहा है जब भारत और जर्मनी रणनीतिक, आर्थिक और सुरक्षा सहयोग को और मजबूत करना चाहते हैं।
पीएम मोदी से अहमदाबाद में मुलाकात
अहमदाबाद में चांसलर मर्ज और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मुलाकात हुई। कार्यक्रम के तहत दोनों नेताओं ने पहले साबरमती आश्रम का दौरा किया। इसके बाद दोनों ने साबरमती रिवरफ्रंट पर आयोजित अंतरराष्ट्रीय पतंग महोत्सव में हिस्सा लिया। इस दौरान चांसलर मर्ज ने पतंग भी उड़ाई, जो उनके दौरे का खास आकर्षण रहा।
औपचारिक बातचीत की शुरुआत
भारत और जर्मनी के प्रतिनिधिमंडलों के बीच औपचारिक बातचीत सोमवार सुबह 11:15 बजे महात्मा मंदिर में शुरू होगी। इन बैठकों में भारत-जर्मनी रणनीतिक साझेदारी की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। गौरतलब है कि दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी को 25 साल पूरे हो चुके हैं।
चर्चा के प्रमुख मुद्दे
अधिकारियों के अनुसार बातचीत में निम्नलिखित मुद्दों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। जिसमें व्यापार और निवेश, नई तकनीक और शिक्षा, लोगों की आवाजाही, रक्षा और सुरक्षा सहयोग, विज्ञान, शोध और नवाचार, हरित विकास, लोगों से लोगों के रिश्ते।
भारत आने का न्योता

प्रधानमंत्री मोदी और चांसलर मर्ज की पिछली मुलाकात जी7 शिखर सम्मेलन के दौरान हुई थी।उसी बैठक में पीएम मोदी ने उन्हें भारत आने का न्योता दिया था। इसी निमंत्रण के बाद यह दौरा तय हुआ।
भारत-यूरोपीय संघ शिखर सम्मेलन से पहले दौरा
जर्मन चांसलर का यह दौरा 27 जनवरी को होने वाले भारत-यूरोपीय संघ शिखर सम्मेलन से पहले हो रहा है। जर्मनी, यूरोपीय संघ के भीतर भारत का अहम साझेदार है। खासकर निर्माण, स्वच्छ ऊर्जा और रक्षा सहयोग के क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच मजबूत संबंध हैं।










