Gaurav Khanna Akansha Divorce: ‘मैं अपनी जिंदगी जीना चाहती हूँ’ गौरव खन्ना से अलगाव पर आकांक्षा का बड़ा बयान

टीवी इंडस्ट्री के मशहूर कपल गौरव खन्ना और आकांक्षा चमोला के तलाक की खबर ने प्रशंसकों को चौंका दिया है। 'लॉकअप सीजन 2' के प्रीमियर में आकांक्षा ने खुलासा किया कि वे पिछले एक साल से अलग रह रहे हैं। उन्होंने अपनी शादी और व्यक्तिगत आजादी की कमी को लेकर खुलकर बात की। जानें, क्यों इस आदर्श जोड़े ने सम्मान के साथ अलग होने का निर्णय लिया।

Gaurav Khanna Akansha Divorce

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

जून 29, 2026

Gaurav Khanna Akansha Divorce: टेलीविजन जगत के चहेते कलाकार गौरव खन्ना और उनकी पत्नी आकांक्षा चमोला के प्रशंसकों के लिए एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है। ‘लॉकअप सीजन 2’ के प्रीमियर एपिसोड के दौरान आकांक्षा ने एक बड़ा ऐलान करते हुए बताया कि वह और गौरव आपसी सहमति से तलाक ले रहे हैं। सोशल मीडिया पर हमेशा एक-दूसरे पर प्यार बरसाने और ‘परफेक्ट कपल’ की छवि रखने वाले इस जोड़े के अचानक अलगाव की खबर ने फैंस को स्तब्ध कर दिया है। हर कोई इस बात को जानने के लिए उत्सुक है कि आखिर 10 साल के लंबे रिश्ते के बाद दोनों ने अपनी राहें जुदा करने का फैसला क्यों किया।

कम उम्र में शादी और आजादी की तलाश का तर्क

बताते चले कि, इस चर्चा के बीच आकांक्षा चमोला का एक बयान सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है। शो की कंटेस्टेंट श्रेया कालरा द्वारा पूछे गए सवाल कि क्या वो दोबारा प्यार में पड़ना चाहेंगी, आकांक्षा ने बेबाकी से जवाब दिया। उन्होंने कहा, “फिलहाल मेरा किसी और के साथ जुड़ने का कोई इरादा नहीं है। मेरी शादी मात्र 24 साल की उम्र में हो गई थी, जिसके कारण मैं अपनी जवानी और निजी आजादी को उस तरह नहीं जी पाई, जैसा मैं चाहती थी। अब जब हमारे रिश्ते के 10 साल पूरे हो चुके हैं, तो मेरे पास खुद को समझने और दुनिया को एक्सप्लोर करने का समय है।”

बीते एक साल से अलग रह रहा है टीवी का यह मशहूर जोड़ा

आपकी जानकारी के लिए बता दे कि, गौरव खन्ना और आकांक्षा चमोला की शादी साल 2016 में हुई थी। साल 2025 में जब गौरव ‘बिग बॉस 19’ का हिस्सा बने थे, तब आकांक्षा ने एक समर्पित जीवनसाथी की तरह उनका पूरा समर्थन किया था, जिसे देखकर किसी को भनक तक नहीं थी कि दोनों के बीच सब ठीक नहीं है। लेकिन, 27 जून से नेटफ्लिक्स पर शुरू हुए ‘लॉकअप 2’ के पहले ही एपिसोड में होस्ट फराह खान और रितेश देशमुख के सामने आकांक्षा ने स्पष्ट किया कि वे पिछले एक साल से अलग रह रहे हैं। उनका यह खुलासा शो के प्रीमियर की सबसे बड़ी हेडलाइन बन गया है।

आपसी सहमति और सम्मान के साथ रिश्ते का अंत

तलाक की वजहों को लेकर चल रही अफवाहों पर विराम लगाते हुए आकांक्षा ने स्पष्ट किया कि उनके अलगाव के पीछे कोई कड़वा झगड़ा या विवाद नहीं है। उन्होंने कहा, “हम दोनों ने पिछले एक साल में अपने रिश्ते को बचाने और उसे सुधारने के लिए बहुत प्रयास किए, लेकिन अंततः हम इस नतीजे पर पहुंचे कि हम एक-दूसरे के लिए कंपैटिबल नहीं हैं।” उन्होंने जोर देते हुए कहा कि गौरव और उनकी जिंदगी के लक्ष्य अब पूरी तरह अलग हो चुके हैं। इस सच्चाई को स्वीकार करते हुए, दोनों ने गरिमा और आपसी सम्मान के साथ अपने वैवाहिक जीवन को समाप्त करने का कठिन निर्णय लिया है।