Gaur Green City Fire: गाजियाबाद के इंदिरापुरम स्थित गौर ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी में बुधवार सुबह एक भीषण आग लगने की घटना सामने आई, जिसने इलाके में हड़कंप मचा दिया। सुबह करीब साढ़े आठ बजे एक बहुमंजिला इमारत के आठवें फ्लोर पर आग लगी, जो देखते ही देखते फैलकर 11वीं मंजिल तक पहुंच गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही देर में कई फ्लैट इसकी चपेट में आ गए, जिससे सोसाइटी में रहने वाले लोगों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड को सूचित किया गया, जिसके बाद दमकल विभाग की करीब 12 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने तीन दिशाओं से आग बुझाने का अभियान शुरू किया। कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार आग पर काबू पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, हालांकि कई फ्लैट्स में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।
Weather Update: दिल्ली-एनसीआर में मौसम हुआ सुहाना, पारा गिरने से मिली बड़ी राहत
25 लोगों का सुरक्षित रेस्क्यू, SDRF टीम भी पहुंची
आग लगने के तुरंत बाद राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। इस दौरान करीब 25 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। स्थानीय निवासी अजय शर्मा ने भी लोगों की मदद की और दमकल उपकरणों को सक्रिय करने में अहम भूमिका निभाई। हालांकि इस दौरान वह खुद भी घायल हो गए।
एक बुजुर्ग के घायल होने की भी खबर है, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए SDRF (राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने राहत कार्य में सहयोग किया।
फायर सेफ्टी पर उठे सवाल, लोगों ने लगाए आरोप
सोसाइटी में रहने वाले लोगों ने घटना के बाद बिल्डर और प्रशासन पर सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि सोसाइटी में पर्याप्त फायर सेफ्टी इंतजाम नहीं थे और आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए कोई ठोस योजना भी मौजूद नहीं थी। कुछ निवासियों ने यह भी आरोप लगाया कि हाइड्रोलिक मशीन समय पर नहीं पहुंची और उसके उपयोग में भी दिक्कतें आईं।
शॉर्ट सर्किट बना आग की वजह
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि आग सबसे पहले आठवें फ्लोर के एक फ्लैट में लगी थी, जो धीरे-धीरे ऊपर की मंजिलों तक फैल गई। नौवीं, दसवीं और ग्यारहवीं मंजिल के कई फ्लैट्स इसकी चपेट में आ गए।
प्रशासन सतर्क, मुख्यमंत्री ने दिए निर्देश
घटना की गंभीरता को देखते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तुरंत संज्ञान लिया और जिला प्रशासन को मौके पर पहुंचकर राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए। डीएम और एसपी सहित अन्य अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।









