Gadchiroli Naxal Encounter: गढ़चिरौली-अबूझमाड़ मुठभेड़ में 3 नक्सली ढेर, सुरक्षाबलों ने ध्वस्त किए 2 नक्सली कैंप, हथियार बरामद

महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ में तीन माओवादी ढेर हो गए। इस सैन्य अभियान के दौरान सी-60 यूनिट के जांबाज कमांडो दीपक मडावी वीरगति को प्राप्त हुए। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में हथियार और नक्सली सामग्री बरामद की है। फिलहाल अबूझमाड़ के जंगलों में सर्च ऑपरेशन जारी है।

Gadchiroli Naxal Encounter

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

फ़रवरी 6, 2026

Gadchiroli Naxal Encounter: महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ की सीमा पर स्थित अबूझमाड़ के जंगलों में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई है। इस सैन्य अभियान में अब तक तीन नक्सलियों को मार गिराया गया है, जबकि देश की सेवा करते हुए गढ़चिरौली पुलिस के सी-60 यूनिट का एक जांबाज जवान शहीद हो गया है।

कूनो नेशनल पार्क में चीतों के बीच बाघ की एंट्री, पहली बार कैमरे में कैद हुई तस्वीर

नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता

बताते चले कि, महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। शुक्रवार सुबह तलाशी अभियान के दौरान मुठभेड़ स्थल से दो और नक्सलियों के शव बरामद किए गए, जिससे मारे गए नक्सलियों की कुल संख्या अब तीन हो गई है। सुरक्षाबलों ने मौके से एक एके-47 और एक सेल्फ लोडिंग राइफल (SLR) जैसे घातक हथियार भी जब्त किए हैं। हालांकि, मारे गए माओवादियों की शिनाख्त अभी तक नहीं हो पाई है, लेकिन पुलिस इसे नक्सली संगठन के लिए एक बड़ा झटका मान रही है।

दुर्गम अबूझमाड़ क्षेत्र में सैन्य कार्रवाई

आपको बता दे कि, यह मुठभेड़ अबूझमाड़ के उन घने जंगलों में हो रही है, जिसे नक्सलियों का सुरक्षित गढ़ माना जाता है। गढ़चिरौली और नारायणपुर के सीमावर्ती इलाकों में छिपे नक्सलियों को घेरने के लिए सी-60 कमांडो की 4 अतिरिक्त टुकड़ियों और CRPF की क्विक एक्शन टीम (QAT) को मोर्चे पर लगाया गया है। पहाड़ियों और घने जंगलों की भौगोलिक चुनौतियों के बावजूद, सुरक्षाबल चप्पे-चप्पे पर सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। पुलिस का अनुमान है कि अभी भी कुछ घायल नक्सली झाड़ियों का सहारा लेकर छिपे हो सकते हैं।

इंटेलिजेंस इनपुट पर सर्जिकल स्ट्राइक

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मंगलवार शाम को खुफिया सूचना मिली थी कि प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) की ‘कंपनी नंबर 10’ के हथियारबंद कैडर फोडेवाड़ा गांव के पास सक्रिय हैं। इस इनपुट के आधार पर भामरागड के एसडीपीओ के नेतृत्व में सी-60 की 14 यूनिट्स को रवाना किया गया। गढ़चिरौली के एसपी नीलोत्पल ने पुष्टि की है कि ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के दो बड़े बेस कैंपों को पूरी तरह तबाह कर दिया है, जहाँ से भारी मात्रा में राशन और नक्सली साहित्य बरामद हुआ है।

एक जवान जख्मी, इलाज जारी

इस सफलता के बीच सुरक्षाबलों को एक अपूरणीय क्षति भी हुई है। मुठभेड़ के दौरान सी-60 कमांडो दीपक चिन्ना मडावी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें घने जंगलों से तत्काल एयरलिफ्ट कर भामरागड़ अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। वहीं, एक अन्य जवान जोगा मडावी भी इस गोलाबारी में घायल हुए हैं, हालांकि डॉक्टरों के अनुसार उनकी स्थिति अब नियंत्रण में है। दीपक मडावी की शहादत ने पूरे जिले को गमगीन कर दिया है।

सर्च और कॉम्बिंग ऑपरेशन जारी

फिलहाल पूरे इलाके में सुरक्षाबलों का दबदबा कायम है। पुलिस यह सुनिश्चित कर रही है कि कोई भी नक्सली सीमा पार कर भागने में सफल न हो सके। अभियान के अंतिम चरण में कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया जा रहा है ताकि मुठभेड़ स्थल के आसपास छिपे अन्य संदिग्धों या हथियारों का पता लगाया जा सके। पुलिस प्रशासन का कहना है कि ऑपरेशन पूरी तरह समाप्त होने के बाद ही मारे गए नक्सलियों के नामों और उनके ओहदों का खुलासा किया जाएगा।

एमपी में ठंड ने पकड़ी रफ्तार, तापमान 10 डिग्री से कम, इंदौर-मुरैना में धूप, 8 फरवरी से नया मौसम सिस्टम