Flydubai Flight Attack: फ्लाईदुबई की फ्लाइट में भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार पर हुए हमले की जांच अब राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने अपने हाथ ले ली। आरोप है कि 30 सितंबर को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाइट के कॉकपिट में उनके को-पायलट ने चाकू से हमला किया था, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इस मामले में विमान को हाईजैक करने या क्रैश कराने की आशंका की भी जांच की जा रही है।
NIA ने फ्लाईदुबई फ्लाइट में पायलट पर हमले का मामला दर्ज किया

बताते चले कि, फ्लाईदुबई की फ्लाइट में भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार पर हुए हमले का मामला अब राष्ट्रीय जांच एजेंसी के पास है। अधिकारियों के मुताबिक, NIA ने 9 अक्टूबर को इस मामले में एफआईआर दर्ज की। अब एजेंसी घटना की पूरी कड़ी, हमले की वजह और इसके पीछे की मंशा का पता लगाने में जुटेगी। इस मामले में एंटी-हाइजैकिंग एक्ट, 2016 और गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम, 1967 यानी यूएपीए की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। इन कानूनों के तहत जांच से साफ है कि एजेंसी विमान की सुरक्षा से जुड़े गंभीर पहलुओं को भी ध्यान में रख रही है।
दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाइट में क्या हुआ था?
अधिकारियों के मुताबिक, यह घटना 30 सितंबर को फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में हुई थी। विमान दुबई से तेल अवीव जा रहा था। इसी दौरान कॉकपिट के अंदर कैप्टन स्मित मच्छार पर उनके को-पायलट ने कथित तौर पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में स्मित गंभीर रूप से घायल हो गए।
NIA की एफआईआर में आशंका जताई गई है कि हमला विमान को हाईजैक करने या उसे क्रैश कराने की कोशिश से जुड़ा हो सकता है। इसी वजह से मामले की जांच गंभीरता से की जा रही है। हालांकि, हमले के पीछे की असली वजह क्या थी और आरोपी की मंशा क्या थी, इसका अंतिम जवाब जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।
कौन हैं कैप्टन स्मित मच्छार?
आपकी जानकारी के लिए बता दे कि, कैप्टन स्मित मच्छार भारतीय पायलट हैं और फ्लाईदुबई में काम करते हैं। उनका बचपन मुंबई के घाटकोपर ईस्ट में बीता, जहां उनका परिवार कारोबार से जुड़ा था। उनका परिवार मूल रूप से गुजरात के अमरेली जिले के सावरकुंडला का रहने वाला है। स्मित के पिता उपेंद्र मच्छार उनके जन्म से पहले ही मुंबई आकर बस गए थे।

बताई गई जानकारी के मुताबिक, स्मित ने साल 2011 में स्पाइसजेट के साथ पायलट के तौर पर उड़ान भरना शुरू किया था। उन्होंने करीब 11 साल तक इस एयरलाइन में काम किया। इसके बाद वह फ्लाईदुबई से जुड़ गए और अपने काम के सिलसिले में दुबई चले गए। घटना के समय उनकी उम्र 39 साल बताई गई थी।
कहां रहता है स्मित मच्छार का परिवार ?
स्मित मच्छार की पत्नी का नाम सोनल है। उनके दो बच्चे हैं—बेटी जीवा और बेटा क्रिष। जानकारी के अनुसार, उनकी बेटी पांच साल और बेटा दो साल का है। स्मित अपने परिवार के साथ दुबई में रहते हैं, जबकि उनके ससुराल के सदस्य मुंबई में रहते हैं। उनकी मां का नाम गीता मच्छार है। परिवार के बारे में सामने आई जानकारी के बाद इस घटना ने लोगों का ध्यान उनकी निजी जिंदगी की ओर भी खींचा है। हालांकि, इस मामले की सबसे अहम बात विमान के कॉकपिट में हुआ हमला और उसकी जांच है।
स्मित मच्छार से पीएम त्री मोदी ने भी की थी बात
फ्लाईदुबई की फ्लाइट में हमले की खबर सामने आने के बाद कैप्टन स्मित मच्छार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में आ गए। खबरों के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उनसे बातचीत की थी।अब NIA की जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि कॉकपिट में हमला किन परिस्थितियों में हुआ, इसके पीछे क्या वजह थी और क्या विमान को हाईजैक करने या क्रैश कराने की कोई योजना थी। फिलहाल, इस मामले में अंतिम निष्कर्ष सामने आने का इंतजार है।










