FIFA World Cup 2026 Day 4: सुपर संडे पर जर्मनी की कुराकाओ से भिड़ंत, जापान के सामने नीदरलैंड

फीफा वर्ल्ड कप 2026 के चौथे दिन 'सुपर संडे' पर होने जा रहा है सबसे बड़ा महाउलटफेर! चार बार की चैंपियन जर्मनी का सामना एक ऐसी टीम से है जिसे कम आंकना भारी पड़ सकता है, वहीं एशिया की नंबर वन टीम जापान और ताकतवर नीदरलैंड के बीच होने वाली खूनी जंग का असली विजेता कौन बनेगा?

FIFA World Cup 2026 Day 4

Wrriten By :

Chandan Das

Published On :

जून 14, 2026

FIFA World Cup 2026 Day 4:  ग्लोबल फुटबॉल के महाकुंभ ‘फीफा वर्ल्ड कप 2026’ का रोमांच हर गुजरते पल के साथ नई ऊंचाइयों को छू रहा है। टूर्नामेंट के चौथे दिन फुटबॉल प्रेमियों को मैदान पर एक से बढ़कर एक हाई-वोल्टेज मुकाबले देखने को मिलने वाले हैं। इस खास दिन जहां एक तरफ चार बार की विश्व विजेता जर्मनी अपने नए अभियान का आगाज करने उतरेगी, वहीं दूसरी तरफ एशिया की महाशक्ति जापान और यूरोपीय दिग्गज नीदरलैंड के बीच कांटे की टक्कर होने की उम्मीद है। इसके अलावा आइवरी कोस्ट बनाम इक्वाडोर और स्वीडन बनाम ट्यूनीशिया के बीच होने वाले मैच भी खेल प्रेमियों की धड़कनें बढ़ाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। कुल मिलाकर फुटबॉल फैंस के लिए यह दिन बेहद मनोरंजक होने वाला है।

जर्मनी की साख दांव पर

चौथे दिन का पहला मुकाबला बेहद दिलचस्प होने वाला है, जिसमें दिग्गज जर्मन टीम का सामना बेहद छोटे से देश कुराकाओ से होगा। जर्मनी की टीम पिछले दो फीफा विश्व कप (2018 और 2022) में मिली करारी शिकस्त और ग्रुप स्टेज से बाहर होने की निराशा को भूलकर एक नई शुरुआत करना चाहती है। साल 2014 में चैंपियन बनने के बाद से जर्मन फुटबॉल में लगातार गिरावट देखी गई है, इसलिए इस बार टीम पर अपनी खोई हुई साख वापस पाने का भारी दबाव होगा। दूसरी ओर, महज 1.56 लाख की बेहद कम आबादी वाला देश कुराकाओ पहली बार फीफा वर्ल्ड कप के मुख्य दौर में जगह बनाने में कामयाब रहा है। उनके लिए दिग्गज जर्मनी के खिलाफ खेलना एक ऐतिहासिक पल होगा।

जापान और नीदरलैंड के बीच दिखेगा असली दम

दिन का सबसे बड़ा और सबसे प्रतीक्षित मुकाबला नीदरलैंड और जापान के बीच खेला जाएगा। नीदरलैंड की टीम को फुटबॉल इतिहास की सबसे मजबूत टीमों में गिना जाता है, जो तीन बार वर्ल्ड कप के फाइनल तक पहुंची है लेकिन अब तक खिताब नहीं जीत सकी है। डच टीम का रिकॉर्ड रहा है कि वह 1974 के बाद से जब भी क्वालिफाई की है, नॉकआउट स्टेज तक जरूर पहुंची है। वहीं, एशिया की सबसे ताकतवर फुटबॉल टीम जापान उन्हें कड़ी टक्कर देने के लिए तैयार है। जापान की टीम लगातार आठवें वर्ल्ड कप में अपनी उपस्थिति दर्ज करा रही है। साल 1998 में पहली बार खेलने के बाद से जापानी टीम ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा है और वे उलटफेर करने में माहिर माने जाते हैं।

आइवरी कोस्ट की 12 साल बाद वापसी

ग्रुप-ई के एक अन्य बेहद महत्वपूर्ण मुकाबले में अफ्रीकी दिग्गज आइवरी कोस्ट का सामना मजबूत दक्षिण अमेरिकी टीम इक्वाडोर से होने जा रहा है। इक्वाडोर की टीम लगातार दूसरे और अपने कुल पांचवें वर्ल्ड कप में हिस्सा ले रही है। दक्षिण अमेरिकी क्वालिफायर मुकाबलों में इक्वाडोर ने शानदार खेल दिखाते हुए अर्जेंटीना जैसी मजबूत टीम के बाद दूसरा स्थान हासिल कर सीधे टिकट कटाया था। वहीं, आइवरी कोस्ट की टीम पूरे 12 साल के लंबे इंतजार के बाद विश्व कप के मंच पर वापसी कर रही है। अफ्रीकी क्वालिफिकेशन राउंड में अजेय रहकर आने वाली आइवरी कोस्ट की टीम साल 2014 के बाद इस बार इतिहास रचने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।

इतिहास बदलने उतरेगा ट्यूनीशिया

दिन के आखिरी मुकाबले में स्वीडन और ट्यूनीशिया की टीमें आमने-सामने होंगी। ट्यूनीशिया की टीम सातवीं बार वर्ल्ड कप खेल रही है और यह लगातार तीसरी बार है जब वह इस बड़े टूर्नामेंट का हिस्सा बनी है। हालांकि, टीम का पिछला रिकॉर्ड खराब रहा है और वे कभी भी ग्रुप स्टेज की बाधा को पार नहीं कर पाए हैं। इस बार वे इस मिथक को तोड़ना चाहेंगे। दूसरी तरफ, स्वीडन का फुटबॉल इतिहास बेहद समृद्ध रहा है और यह उनका 13वां फीफा वर्ल्ड कप है। स्वीडन की टीम ने साल 1994 में अमेरिका की धरती पर हुए वर्ल्ड कप में तीसरा स्थान हासिल कर सबको चौंका दिया था, और इस बार भी टीम कुछ वैसा ही करिश्मा दोहराने के इरादे से उतरेगी।

नोट कर लें समय

भारतीय फुटबॉल फैंस को इन रोमांचक मुकाबलों का सीधा लुत्फ उठाने के लिए अपनी घड़ियां सेट कर लेनी चाहिए। चौथे दिन के मैचों का भारतीय समयानुसार (IST) पूरा कार्यक्रम इस प्रकार है:

  • जर्मनी बनाम कुराकाओ: रात 10:30 बजे (14 जून, IST)

  • नीदरलैंड बनाम जापान: रात 01:30 बजे (15 जून, IST)

  • आइवरी कोस्ट बनाम इक्वाडोर: सुबह 04:30 बजे (15 जून, IST)

  • स्वीडन बनाम ट्यूनीशिया: सुबह 07:30 बजे (15 जून, IST)

Read More :  Oman Coast Rescue : ओमान में डूबी भारत की Dhow नाव! 14 क्रू को बचाने तेज रेस्क्यू ऑपरेशन