Falta assembly re-polling 2026: फाल्टा री-पोलिंग में दोपहर 3 बजे तक 74.1% बंपर वोटिंग; BJP प्रत्याशी का दावा- ‘डेढ़ लाख वोटों से जीतूंगा’

फाल्टा विधानसभा सीट पर स्वतंत्र और निष्पक्ष पुनर्मतदान सुनिश्चित करने के लिए चुनाव आयोग ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।

Falta assembly re-polling 2026

Wrriten By :

Nivedita Kasaudhan

Published On :

मई 21, 2026

Falta assembly re-polling 2026: पश्चिम बंगाल के फाल्टा विधानसभा क्षेत्र में आज गुरुवार (21 मई, 2026) को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और भारी उत्साह के बीच पुनर्मतदान कराया जा रहा है। इससे पहले बीते 29 अप्रैल को इस सीट पर हुए मतदान के दौरान व्यापक अनियमितताओं और गड़बड़ी की शिकायतें सामने आई थीं, जिसके बाद चुनाव आयोग ने उस वोटिंग को रद्द करते हुए दोबारा मतदान कराने का फैसला लिया था।

इस बार चुनाव आयोग किसी भी तरह का जोखिम उठाने के मूड में नहीं है, जिसका असर जमीन पर भी साफ दिख रहा है। चुनाव आयोग द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, फाल्टा सीट के लिए दोपहर तीन बजे तक 74.1 फीसदी बंपर मतदान दर्ज किया जा चुका है।

Abhishek Banerjee:’आप सांसद हैं, ऐसे बयान कैसे दे सकते हैं?’ गॉडफादर विवाद पर अभिषेक बनर्जी पर भड़का कलकत्ता हाईकोर्ट

सुरक्षा व्यवस्था दोगुनी

पिछले मतदान से सबक लेते हुए चुनाव आयोग ने इस बार फाल्टा विधानसभा क्षेत्र के सभी 285 मतदान केंद्रों पर केंद्रीय अर्धसैनिक बलों (CAPF) की बेहद मजबूत और अभेद्य घेराबंदी की है। सुरक्षा का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जहां 29 अप्रैल को प्रति बूथ केवल 4 जवान तैनात थे, वहीं आज हर बूथ पर जवानों की संख्या दोगुनी यानी 8 सीएपीएफ जवान कर दी गई है।

पूरे इलाके में शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए केंद्रीय बलों की लगभग 35 कंपनियों को तैनात किया गया है। किसी भी आकस्मिक स्थिति या उपद्रव से तुरंत निपटने के लिए 30 क्विक रिस्पॉन्स टीमें (QRT) पूरी तरह मुस्तैद रखी गई हैं।

वेब कैमरे से चप्पे-चप्पे पर नजर

चुनाव में पूरी पारदर्शिता बनाए रखने के लिए तकनीक का भी बड़े पैमाने पर इस्तेमाल किया जा रहा है। हर मतदान केंद्र के भीतर और बाहर अतिरिक्त कैमरे लगाए गए हैं, जिसके जरिए पूरी मतदान प्रक्रिया की लाइव वेबकास्टिंग की जा रही है। इस पूरी चुनावी प्रक्रिया की पल-पल की निगरानी सीधे जिला प्रशासन और मुख्य चुनाव अधिकारी (CEO) के कार्यालय द्वारा की जा रही है, ताकि कहीं भी फर्जी वोटिंग या हिंसा की गुंजाइश न रहे।

चुनाव के बीच टीएमसी उम्मीदवार जहांगीर खान ने वापस लिए कदम

इस पुनर्मतदान के बीच फाल्टा की सियासत में उस समय बड़ा मोड़ आ गया, जब तृणमूल कांग्रेस (TMC) के उम्मीदवार जहांगीर खान ने अचानक चुनाव लड़ने से पीछे हटने का एलान कर दिया। जहांगीर खान ने अपने इस चौंकाने वाले फैसले के पीछे मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी द्वारा क्षेत्र के लिए घोषित किए गए विशेष पैकेज को मुख्य वजह बताया। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि उनका एकमात्र सपना “गोल्डन फाल्टा” बनाना और क्षेत्र में शांति स्थापित करना था, जो अब इस विकास पैकेज से पूरा होता दिख रहा है।

‘एक से डेढ़ लाख वोटों के अंतर से जीत दर्ज करेगी बीजेपी’

दूसरी तरफ, भारतीय जनता पार्टी (BJP) के उम्मीदवार देबांग्शु पांडा ने इस री-पोलिंग में अपनी ऐतिहासिक जीत का दावा ठोका है। उन्होंने आत्मविश्वास से कहा कि बीजेपी फाल्टा सीट पर एक से डेढ़ लाख वोटों के भारी अंतर से अपनी जीत का परचम लहराएगी।

पांडा ने पिछले चुनाव में हुई धांधली को उजागर करते हुए आरोप लगाया कि 29 अप्रैल को कई बूथों पर ईवीएम में बीजेपी के चुनाव चिह्न पर सेलोटेप चिपका दिया गया था और सीसीटीवी कैमरों के रुख को मोड़कर मतदान प्रक्रिया को प्रभावित किया गया था। उन्होंने कहा कि बीजेपी की मुस्तैदी और चुनाव आयोग के सख्त कदम के बाद आज फाल्टा की जनता निडर होकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर रही है और परिणाम पूरी तरह भाजपा के पक्ष में आएंगे।

Advisory for Ebola Virus: भारत में महा-अलर्ट, देश के सभी एंट्री पॉइंट्स पर कड़े पहरे के निर्देश