Esha Gupta: एक्ट्रेस ईशा गुप्ता ने बयां किया अबू धाबी का मंजर, सरकार और सुरक्षा बलों का जताया आभार

मिडल ईस्ट में ईरान और इजरायल के बीच बढ़ते सैन्य तनाव के कारण एक्ट्रेस ईशा गुप्ता अबू धाबी एयरपोर्ट पर फंस गईं। मिसाइल हमलों और अफरा-तफरी के बीच ईशा ने अपनी जान बचाई और अब सुरक्षित भारत लौट आई हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर यूएई प्रशासन और भारत सरकार का आभार जताते हुए अपनी आपबीती साझा की है।

Esha Gupta

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

मार्च 3, 2026

Esha Gupta: ईशा गुप्ता, जो हाल ही में पश्चिम एशिया में छिड़ी जंग और हवाई हमलों के कारण संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में फंस गई थी, अब सुरक्षित अपने वतन वापस आ गई हैं। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए अपनी इस खौफनाक आपबीती को साझा करते हुए भारत और यूएई सरकार की तत्परता की सराहना की है।

ईरान छोड़कर भारत में रहने वाली एक्ट्रेस मंदाना खामनेई की मौत से खुश, क्या कह रही हैं?

युद्ध के बीच ईशा गुप्ता की आपबीती और वतन वापसी

बताते चले कि, अभिनेत्री ईशा गुप्ता ने मंगलवार को इंस्टाग्राम पर एक भावुक नोट साझा करते हुए बताया कि वे रविवार (28 तारीख) को अबू धाबी एयरपोर्ट पर थी, जब अचानक स्थितियां बिगड़ गईं। दोपहर 1 बजे तक एयरपोर्ट को पूरी तरह बंद कर दिया गया और चारों तरफ अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। ईशा ने लिखा कि मिसाइल हमलों की खबरों के बीच कोई नहीं जानता था कि अगले ही पल क्या होने वाला है। उन्होंने अजनबियों को एक-दूसरे को दिलासा देते और परिवारों को डरे हुए फोन करते देखा। उन्होंने इस कठिन समय में प्रार्थना करने वालों का आभार व्यक्त किया।

UAE प्रशासन की मुस्तैदी

संकट के उन घंटों के दौरान अबू धाबी एयरपोर्ट और स्थानीय सुरक्षा बलों के व्यवहार की ईशा ने जमकर तारीफ की। उन्होंने बताया कि भले ही हर कोई डरा हुआ था, लेकिन ग्राउंड स्टाफ और सुरक्षाकर्मियों ने गजब का धैर्य और अनुशासन दिखाया। ईशा ने समय रहते चेक-इन नहीं किया था, इसलिए वे तुरंत वापस अपने होटल लौट गईं। उन्होंने साझा किया कि किस तरह होटल में मिले अन्य यात्रियों ने उस भयानक रात की रोंगटे खड़े कर देने वाली कहानियाँ उन्हें सुनाईं।

दिल्ली एयरपोर्ट (DIAL) की एडवाइजरी

पश्चिम एशिया के इस तनाव का सीधा असर भारत के हवाई यातायात पर भी पड़ा है। दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (DIAL) ने आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (IGI) से पश्चिम की ओर जाने वाली कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के समय में बदलाव किया गया है। एयरपोर्ट अथॉरिटी ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे घर से निकलने से पहले अपनी एयरलाइन से संपर्क करें और उड़ान की नवीनतम स्थिति की जाँच अवश्य करें।

नागरिक उड्डयन मंत्रालय का नया रूट प्लान

भारत सरकार मध्य पूर्व के बदलते घटनाक्रम और एयरस्पेस की स्थिति पर पैनी नजर रखे हुए है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अनुसार, भारतीय विमानन कंपनियों (Indian Carriers) ने अपने शेड्यूल में बदलाव किया है। अब लंबी दूरी की उड़ानें प्रतिबंधित एयरस्पेस से बचकर वैकल्पिक रास्तों से संचालित की जा रही हैं। फंसे हुए यात्रियों की सुरक्षित वापसी और उनकी आवाजाही को सुगम बनाने के लिए सरकार द्वारा विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।

पश्चिम एशिया में बढ़ता सैन्य तनाव

इस पूरे संकट की जड़ में ईरान और इजरायल-अमेरिका के बीच बढ़ती सैन्य तकरार है। हालिया रिपोर्टों के अनुसार, अमेरिकी और इजरायली हमलों में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला खामेनेई और कई वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों की मौत हो गई, जिसके बाद तेहरान समेत कई शहरों में धमाके हुए। इसके जवाब में ईरान ने इजरायल के साथ-साथ बहरीन, कुवैत, कतर, सऊदी अरब और यूएई जैसे देशों में स्थित अमेरिकी ठिकानों पर बैलिस्टिक मिसाइलें और ड्रोन दाग दिए हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में युद्ध जैसी स्थिति बन गई है।

The Kerala Story 2 BO Day 4: मंडे टेस्ट में कैसी रही ‘द केरल स्टोरी 2’, जानें चार दिनों का हाल