England vs Argentina Highlights: फीफा विश्व कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में फुटबॉल प्रेमियों को बेहद रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। एक समय ऐसा लग रहा था कि इंग्लैंड आसानी से फाइनल का टिकट हासिल कर लेगा, लेकिन अंतिम कुछ मिनटों में अर्जेंटीना ने शानदार वापसी करते हुए मुकाबले का रुख पूरी तरह बदल दिया। निर्धारित समय समाप्त होने से कुछ मिनट पहले तक इंग्लैंड 1-0 की बढ़त बनाए हुए था, लेकिन डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना ने दबाव में भी संयम नहीं खोया और लगातार दो गोल दागकर 2-1 से यादगार जीत दर्ज कर ली।
ZIM vs BAN: तीन गेंदबाजों ने झटके चार-चार विकेट, फिर भी जीत का असली हीरो कौन?
पहले हाफ में इंग्लैंड ने दिखाया दम
आपको बता दें कि, मुकाबले की शुरुआत से ही इंग्लैंड की टीम आक्रामक अंदाज में खेलती नजर आई। पहले हाफ के दौरान उसने कई बार अर्जेंटीना के गोलपोस्ट पर हमला किया और गोल करने के कई अवसर बनाए। हालांकि अर्जेंटीना की मजबूत रक्षापंक्ति ने हर प्रयास को नाकाम कर दिया। दूसरी ओर, इंग्लैंड के डिफेंडरों ने भी अर्जेंटीना के स्टार खिलाड़ियों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया, जिसके चलते पहले 45 मिनट तक दोनों टीमें गोल करने में सफल नहीं हो सकीं।
दूसरे हाफ में इंग्लैंड ने बनाई बढ़त
दूसरे हाफ के 55वें मिनट में इंग्लैंड को उसकी मेहनत का फल मिला। एंथोनी गॉर्डन ने शानदार फिनिश के साथ गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचाकर टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। इसके बाद इंग्लैंड ने बढ़त बनाए रखने के लिए रक्षात्मक रणनीति अपनाई और लंबे समय तक अर्जेंटीना को बराबरी का मौका नहीं दिया। जैसे-जैसे मैच समाप्ति की ओर बढ़ रहा था, इंग्लैंड की जीत लगभग तय मानी जा रही थी।
मेसी के नेतृत्व में अर्जेंटीना की शानदार वापसी
मैच के अंतिम सात मिनटों में अर्जेंटीना ने अपनी असली ताकत दिखाई। 85वें मिनट में लियोनेल मेसी के बेहतरीन मूव और सटीक पास का फायदा उठाते हुए एंजो फर्नांडीज ने शानदार गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। इस गोल ने अर्जेंटीना में नया जोश भर दिया और टीम ने लगातार आक्रमण जारी रखा।
निर्धारित 90 मिनट पूरे होने के बाद मिले अतिरिक्त समय में अर्जेंटीना ने निर्णायक हमला किया। 90+2 मिनट में मेसी ने दाएं छोर से शानदार क्रॉस दिया, जिस पर लौटारो मार्टिनेज ने बेहतरीन हेडर लगाकर गेंद को नेट में पहुंचा दिया। इस गोल के साथ अर्जेंटीना ने 2-1 की बढ़त हासिल कर ली। इसके बाद इंग्लैंड वापसी नहीं कर सका और अंतिम सीटी बजते ही अर्जेंटीना ने जीत के साथ फाइनल में प्रवेश कर लिया।
अब स्पेन से होगी खिताब की जंग
लगातार दूसरी बार अर्जेंटीना ने विश्व कप के फाइनल में जगह बनाई है। पिछली बार टीम ने खिताब अपने नाम किया था और अब वह अपने खिताब का बचाव करने के बेहद करीब है। कप्तान लियोनेल मेसी के लिए यह विश्व कप बेहद खास माना जा रहा है, क्योंकि इसे उनका आखिरी विश्व कप बताया जा रहा है। ऐसे में वह ट्रॉफी जीतकर अपने अंतरराष्ट्रीय करियर को यादगार बनाना चाहेंगे।
अब फाइनल मुकाबले में अर्जेंटीना का सामना स्पेन से होगा। स्पेन ने पहले सेमीफाइनल में फ्रांस को 2-0 से हराकर फाइनल का टिकट हासिल किया था। दोनों दिग्गज टीमों के बीच खिताबी मुकाबला 20 जुलाई को भारतीय समयानुसार रात 12:30 बजे खेला जाएगा, जिस पर पूरी दुनिया की नजरें रहेंगी।
ICC का ऐतिहासिक फैसला, अफगानिस्तान की शरणार्थी महिला क्रिकेटरों के सपनों को मिला नया जीवन










