DK Shivakumar Oath Ceremony: डीके शिवकुमार का शपथ ग्रहण आज, जानिए कैबिनेट का पूरा सियासी गणित

कर्नाटक का महा-उत्सव: 'संकटमोचक' डीके शिवकुमार आज शाम बेंगलुरु के लोक भवन में मुख्यमंत्री पद की गोपनीयता की शपथ लेंगे। सिद्दारमैया के खेमे और शिवकुमार के करीबियों के बीच विभागों के बंटवारे को लेकर दिल्ली से बेंगलुरु तक चली इस हाई-प्रोफाइल सियासी रस्साकशी के बाद कैबिनेट में कौन मारेगा बाजी? जानने के लिए पढ़ें पूरी इनसाइड स्टोरी।

DK Shivakumar Oath Ceremony

Wrriten By :

Chandan Das

Published On :

जून 3, 2026

DK Shivakumar Oath Ceremony:  कर्नाटक की राजनीति में आज एक नए अध्याय की शुरुआत होने जा रही है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डीके शिवकुमार आज राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। राज्यपाल थावरचंद गहलोत लोक भवन के ‘ग्लास हाउस’ में शाम 4:05 बजे उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। इस मुख्य समारोह में डीके शिवकुमार के साथ करीब 10 से 12 विधायकों के भी मंत्री पद की शपथ लेने की संभावना है। कैबिनेट के स्वरूप को लेकर मंगलवार को दिल्ली में कांग्रेस आलाकमान के साथ डीके शिवकुमार और पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया की एक अहम बैठक हुई थी, जिसमें मंत्रियों के नामों पर अंतिम मुहर लगाई गई।

लंबी खींचतान के बाद कमान

डीके शिवकुमार को बीते 30 मई को सर्वसम्मति से कांग्रेस विधायक दल का नेता चुना गया था। इस मुकाम तक पहुंचने से पहले पिछले कुछ महीनों के दौरान उनके और सिद्धारमैया के बीच सत्ता की कमान संभालने को लेकर काफी खींचतान देखने को मिली थी। आखिरकार, कांग्रेस हाईकमान के हस्तक्षेप और निर्देश के बाद सिद्धारमैया ने पिछले सप्ताह अपने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद शिवकुमार के मुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ हुआ। शपथ ग्रहण से ठीक पहले मंगलवार को भावुक होते हुए शिवकुमार ने गांधी परिवार का आभार जताया और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को याद करते हुए कहा कि उनकी बदौलत ही वे आज इस मुकाम पर पहुंचे हैं।

कैबिनेट में दिखेगा नया और पुराना संतुलन

कर्नाटक की नई सरकार के मंत्रिमंडल का आधिकारिक ढांचा कैसा होगा, इस पर सस्पेंस बना हुआ है। दिल्ली में मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी की मौजूदगी में हुई बैठक के बाद सूत्रों का कहना है कि शिवकुमार की कैबिनेट में नए जोश और पुराने अनुभव का मिश्रण दिखेगा। इसमें जातीय समीकरण, क्षेत्रीय संतुलन और सिद्धारमैया समर्थक नेताओं को साधने की कोशिश की जाएगी। राज्य में कुल 34 मंत्री बनाए जा सकते हैं, लेकिन आज पहले चरण में केवल 10 से 12 नेता ही शपथ लेंगे। संभावितों में जी. परमेश्वर, केजे जॉर्ज, यतींद्र सिद्धारमैया, प्रियांक खड़गे, एमबी पाटिल, सतीश जारकीहोली, कृष्णा बायरेगौड़ा, रामलिंगा रेड्डी, यूटी खदर और ईश्वर खंड्रे के नाम सबसे आगे चल रहे हैं।

उपमुख्यमंत्री पद को लेकर समर्थकों में मची होड़

नई सरकार के गठन के साथ ही राज्य में उपमुख्यमंत्री (डिप्टी सीएम) पद को लेकर भी सियासी घमासान तेज हो गया है। कयास लगाए जा रहे हैं कि इस बार एक से अधिक डिप्टी सीएम बनाए जा सकते हैं। इस रेस में जी. परमेश्वर, केएच मुनियप्पा, प्रियांक खड़गे और एमबी पाटिल जैसे बड़े नेताओं के नाम तैर रहे हैं। मंगलवार को मुनियप्पा, यतींद्र सिद्धारमैया और महादेवप्पा के समर्थकों ने बेंगलुरु, मैसूरु और चामराजनगर में रैलियां और शक्ति प्रदर्शन कर अपने-अपने नेताओं को डिप्टी सीएम बनाने की पुरजोर मांग की।

शपथ से पहले गांधी परिवार के प्रति जताया सम्मान

डीके शिवकुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक विस्तृत पोस्ट साझा कर गांधी परिवार के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने लिखा कि राजीव गांधी ने उनके भीतर की क्षमता को पहचाना और जनसेवा का आत्मविश्वास दिया। सोनिया गांधी को संकट के समय साथ खड़े रहने वाला सच्चा नेता बताते हुए उन्होंने राहुल गांधी के लोकतांत्रिक मूल्यों और प्रियंका गांधी के कार्यकर्ताओं के प्रति सम्मानजनक व्यवहार की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि एक जमीनी कार्यकर्ता से मुख्यमंत्री बनने तक के सफर में गांधी परिवार का भरोसा उनके लिए अनमोल है।

लोक भवन में भव्य समारोह की तैयारियां पूरी

शपथ ग्रहण समारोह पहले विधान सौध की सीढ़ियों पर होना था, लेकिन अब इसे लोक भवन में शिफ्ट कर दिया गया है। इस भव्य कार्यक्रम में मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, केसी वेणुगोपाल और इंडिया गठबंधन के कई राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे। समारोह में सर्वधर्म सद्भाव की झलक दिखेगी, जिसमें आदिचुंचनगिरि मठ के निर्मलानंदनाथ स्वामीजी सहित करीब 55 प्रमुख हिंदू संतों, मुस्लिम धर्मगुरुओं और ईसाई पादरियों को आमंत्रित किया गया है। बेंगलुरु पुलिस कमिश्नर सीमांत कुमार सिंह ने सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किए हैं। भारी भीड़ और ट्रैफिक को देखते हुए सरकार ने आसपास के सरकारी दफ्तरों में आधे दिन की छुट्टी की घोषणा की है।

Read More : Weather Update: केरल में मानसून की जल्द एंट्री, यूपी-दिल्ली समेत 17 राज्यों में आंधी-बारिश का भारी अलर्ट