UP News: राजनीति में नई पारी की तैयारी? दिव्या मित्तल ने विंध्याचल से दिया बड़ा संकेत

IAS से इस्तीफा देकर राजनीति में आने का ऐलान करने वाली दिव्या मित्तल मिर्जापुर पहुंच गई हैं। विंध्याचल में मां विंध्यवासिनी के दर्शन के बाद उन्होंने कहा कि वह नवरात्र के नौ दिनों तक यहीं रहेंगी। इस दौरान अपने अगले कदम की घोषणा करेंगी। फिलहाल उन्होंने किसी राजनीतिक पार्टी में शामिल होने से इनकार किया है।

UP News

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

अक्टूबर 12, 2026

UP News: आईएएस पद से इस्तीफा देकर राजनीति में आने का ऐलान करने वाली दिव्या मित्तल के मिर्जापुर पहुंचते ही जिले में राजनीतिक चर्चाएं काफी तेज हो गई हैं। प्रयागराज की सीमा से जिले में प्रवेश करते ही जगह-जगह उनके स्वागत की तैयारी दिखी। पाली गांव और गैपुरा में बड़ी संख्या में समर्थक जुटे। महिलाओं ने गुलाब की पंखुड़ियां बरसाकर उनका स्वागत किया। इस दौरान भाजपा के पूर्व महामंत्री रमेश दुबे भी मौजूद रहे। भाजपा नेता की मौजूदगी के बाद उनके राजनीतिक कदम को लेकर चर्चाएं और तेज हो गईं।

हालांकि, दिव्या मित्तल ने अभी तक किसी राजनीतिक दल में शामिल होने या विधानसभा चुनाव लड़ने को लेकर कोई स्पष्ट घोषणा नहीं की है। ऐसे में यह कहना जल्दबाजी होगी कि वह किस पार्टी के साथ जाएंगी या चुनाव लड़ेंगी।

राजनीति में आने के बाद दिव्या मित्तल का अगला कदम क्या होगा?

राजनीति में आने के बाद दिव्या मित्तल का अगला कदम क्या होगा?

बताते चले कि, मिर्जापुर की पूर्व जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने स्वागत के दौरान राजनीति को सही दिशा देने की बात कही। उनके इस बयान को उनके नए राजनीतिक सफर से जोड़कर देखा जा रहा है। वहीं, भाजपा नेता रमेश दुबे ने कहा कि अच्छे लोगों का साथ देने में कोई बुराई नहीं है। उनके इस बयान के बाद भी जिले के राजनीतिक गलियारों में कई तरह की चर्चाएं होने लगी। दिव्या मित्तल ने पहले ही राजनीति में आने का ऐलान कर दिया था। अब मिर्जापुर में उनकी मौजूदगी और नौ दिनों तक यहीं रहने के फैसले ने लोगों की उत्सुकता बढ़ा दी है। हालांकि, उनके अगले कदम को लेकर अंतिम तस्वीर उनकी आधिकारिक घोषणा के बाद ही साफ होगी।

मां विंध्यवासिनी के दर्शन के बाद दिव्या मित्तल ने क्या कहा?

नवरात्र के पहले दिन रविवार को दिव्या मित्तल विंध्याचल धाम पहुंचीं। यहां उन्होंने मां विंध्यवासिनी के दर्शन-पूजन किए और इसके बाद पत्रकारों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि राजनीति में आने की घोषणा के बाद लोगों की जिज्ञासा बढ़ी है, लेकिन वह अभी किसी पार्टी में शामिल नहीं होने जा रही हैं। उन्होंने बताया कि नवरात्र के दौरान ही अपने नए कदम के बारे में सार्वजनिक रूप से जानकारी देंगी। उनके मुताबिक, आने वाले नौ दिनों में वह अपनी आगे की रूपरेखा तय करेंगी। उनके इस बयान के बाद अब सबकी नजर उनकी अगली घोषणा पर टिकी है।

डेढ़ घंटे लाइन में लगकर किए मां विंध्यवासिनी के दर्शन

विंध्याचल धाम में दिव्या मित्तल आम श्रद्धालुओं की तरह दर्शन करने पहुंचीं। वह मंदिर के गेट नंबर दो से सामान्य कतार में लगीं और करीब डेढ़ घंटे इंतजार करने के बाद गर्भगृह में मां विंध्यवासिनी के दर्शन किए। इसके बाद उन्होंने हवनकुंड में आहुति अर्पित की और नौ दिनों के अनुष्ठान का संकल्प लिया। मंदिर के पुरोहित ने उन्हें मां की चुनरी और माला पहनाकर स्वागत किया। इसके बाद मंदिर की छत पर पहुंचकर उन्होंने विशेष अनुष्ठान के लिए पुरोहित से संकल्प कराया। उनके इस धार्मिक कार्यक्रम के दौरान भी लोगों की नजर उनके अगले राजनीतिक कदम पर बनी रही।

नौ दिनों तक विंध्याचल में रहेंगी दिव्या मित्तल

नौ दिनों तक विंध्याचल में रहेंगी दिव्या मित्तल

पत्रकारों से बातचीत में दिव्या मित्तल ने साफ किया कि वह नवरात्र के नौ दिनों तक विंध्याचल में ही रहेंगी। इसी दौरान अपने आने वाले जीवन और राजनीतिक सफर को लेकर आगे की योजना तय करेंगी। उन्होंने कहा कि नए कदम की घोषणा जल्द की जाएगी। दिव्या मित्तल ने यह भी बताया कि वह इन दिनों लहुरियादह की दुईजी देवी से मुलाकात करेंगी। उन्होंने कहा कि दुईजी देवी की तबीयत खराब है और उन्हें उनका आशीर्वाद मिला है। लहुरियादह का मामला दिव्या मित्तल के कार्यकाल से जुड़ा रहा है और यह आज भी उनके एक्स हैंडल पर पिन है।

घोषणा के बाद साफ होगी राजनीतिक तस्वीर

दिव्या मित्तल की मिर्जापुर में मौजूदगी, समर्थकों का स्वागत और नौ दिनों तक विंध्याचल में रहने के फैसले ने उनके राजनीतिक सफर को लेकर चर्चाएं बढ़ा दी हैं। उनके पूर्व जिलाधिकारी के रूप में मिर्जापुर से जुड़ाव को देखते हुए यह सवाल भी उठ रहा है कि क्या वह भविष्य में इसी जिले को अपनी राजनीतिक गतिविधियों का केंद्र बनाएंगी। फिलहाल, दिव्या मित्तल ने न तो किसी पार्टी का नाम बताया है और न ही चुनाव लड़ने की पुष्टि की है। अब देखना होगा कि नवरात्र के दौरान वह अपने अगले कदम को लेकर क्या घोषणा करती हैं।