
Diljit Dosanjh Concert: दिलजीत दोसांझ के फैंस के लिए बड़ी खबर है। 30 अक्टूबर 2026 को दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में होने वाले उनके कॉन्सर्ट पर संकट खड़ा हो गया है। दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से जुड़ी चिंताओं का हवाला देते हुए शो की अनुमति देने से इनकार कर दिया है। ऐसे में अब सवाल है कि क्या दिल्ली में होने वाला यह कॉन्सर्ट रद्द होगा या इसकी तारीख आगे बढ़ाई जाएगी?
दिल्ली में दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को अनुमति नहीं
बताते चले कि, दिलजीत दोसांझ करीब दो साल बाद भारत में अपने कॉन्सर्ट के जरिए लाइव परफॉर्म करने वाले थे। उनके ‘ऑरा इंडिया टूर’ की शुरुआत 30 अक्टूबर को दिल्ली से होनी थी। इसके लिए जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम को चुना गया था। लेकिन अब दिल्ली पुलिस के फैसले ने आयोजकों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

जो फैंस दिलजीत को सामने से गाते और परफॉर्म करते देखने की तैयारी कर रहे थे, उनके लिए यह खबर निराश करने वाली है। हालांकि, अभी यह साफ नहीं हुआ है कि शो की तारीख बदली जाएगी या आयोजन को लेकर कोई दूसरा रास्ता निकाला जाएगा।
बुकमायशो के आवेदन पर दिल्ली पुलिस ने दिया जवाब
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिल्ली पुलिस के दक्षिण जिले के पुलिस उपायुक्त ने टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म बुकमायशो को पत्र लिखकर आयोजन की अनुमति पर अपना जवाब दिया है। इस पत्र में 14 अक्टूबर 2026 को दिए गए आवेदन का जिक्र किया गया है।
आवेदन में 30 अक्टूबर को नई दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में दिलजीत दोसांझ के ‘ऑरा इंडिया टूर’ के तहत कॉन्सर्ट आयोजित करने की अनुमति मांगी गई थी। पुलिस ने आवेदन पर विचार करने के बाद आयोजन की इजाजत देने से इनकार कर दिया। इस फैसले के बाद अब कॉन्सर्ट के भविष्य को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
सुरक्षा कारणों से दिलजीत के दिल्ली शो को मंजूरी नहीं
दिल्ली पुलिस ने अपने जवाब में सुरक्षा से जुड़े खतरों, त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारियों का हवाला दिया है। पुलिस के मुताबिक, इन परिस्थितियों को देखते हुए फिलहाल इस आयोजन को अनुमति नहीं दी जा सकती।
हालांकि, पत्र में जिन सुरक्षा चिंताओं का जिक्र किया गया है, उनकी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसे में यह कहना जल्दबाजी होगी कि किसी खास खतरे के कारण ही कॉन्सर्ट पर रोक लगाई गई है। फिलहाल इतना स्पष्ट है कि दिल्ली पुलिस ने मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए आयोजन की अनुमति देने से मना कर दिया है।
दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट की टिकट 18 हजार रुपये तक
दिलजीत दोसांझ का ‘ऑरा इंडिया टूर’ उनके फैंस के लिए खास माना जा रहा है। इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, इस टूर के टिकटों की अधिकतम कीमत 18,000 रुपये तक रखी गई है। ऐसे में जिन लोगों ने दिल्ली वाले शो के लिए टिकट खरीदी है, उनकी चिंता बढ़ना स्वाभाविक है।

हालांकि, टिकट खरीद चुके लोगों को रिफंड मिलेगा या टिकट किसी दूसरी तारीख के लिए मान्य होगी, इस बारे में फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। फैंस को आयोजकों की ओर से जारी होने वाले अगले अपडेट का इंतजार करना होगा।
इंदौर, मुंबई और लखनऊ समेत इन शहरों में होगा दिलजीत का शो
दिल्ली के अलावा दिलजीत दोसांझ के इंडिया टूर में कई दूसरे शहर भी शामिल हैं। घोषित कार्यक्रम के मुताबिक, 15 नवंबर को इंदौर, 21 नवंबर को अहमदाबाद, 27 नवंबर को मुंबई और 29 नवंबर को बेंगलुरु में उनके कॉन्सर्ट होने हैं। इसके बाद 5 दिसंबर 2026 को लखनऊ में भी उनका शो प्रस्तावित है।
वहीं, चंडीगढ़ में होने वाले कॉन्सर्ट की तारीख का ऐलान अभी नहीं किया गया है। दिल्ली में अनुमति नहीं मिलने के बावजूद बाकी शहरों के कार्यक्रमों को लेकर किसी बदलाव की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
पोस्टपोन होगा दिलजीत दोसांझ का दिल्ली कॉन्सर्ट?
फिलहाल दिलजीत दोसांझ की टीम की ओर से दिल्ली वाले शो को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। यही वजह है कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि कॉन्सर्ट रद्द होगा, पोस्टपोन किया जाएगा या आयोजन के लिए कोई दूसरी व्यवस्था की जाएगी।
अब सभी की नजरें दिलजीत की टीम और आयोजकों के अगले फैसले पर टिकी हैं। खासकर टिकट खरीद चुके फैंस जानना चाहते हैं कि उन्हें अपने पसंदीदा सिंगर की लाइव परफॉर्मेंस देखने का मौका मिलेगा या नहीं। आधिकारिक घोषणा होने के बाद ही दिल्ली कॉन्सर्ट की आगे की स्थिति साफ हो पाएगी।











