Digital Payment: भारत में डिजिटल भुगतान व्यवस्था को और अधिक आसान बनाने की दिशा में एक बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) ने पहले ही देश में लेनदेन का तरीका बदल दिया है और अब जल्द ही ऐसा फीचर आने की संभावना है, जिससे बिना इंटरनेट कनेक्शन के भी UPI के जरिए भुगतान किया जा सकेगा। इस नई सुविधा का उद्देश्य उन परिस्थितियों में भी निर्बाध भुगतान सुनिश्चित करना है, जहां इंटरनेट उपलब्ध नहीं होता।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) ऐसी तकनीक विकसित कर रहा है, जिससे खराब नेटवर्क, एयरप्लेन मोड या अंडरग्राउंड क्षेत्रों में भी डिजिटल भुगतान संभव हो सकेगा।
AWS की गड़बड़ी से यूजर को दिखा 130 लाख करोड़ का बिल, मचा हड़कंप
NFC तकनीक पर आधारित होगा नया फीचर
आपको बता दें कि, नई सुविधा नियर फील्ड कम्युनिकेशन (NFC) तकनीक पर आधारित होगी। इस तकनीक में भुगतान करने के लिए QR कोड स्कैन करने की आवश्यकता नहीं होगी। यदि आपके पास NFC सपोर्ट वाला स्मार्टफोन है, तो केवल फोन को पेमेंट मशीन के पास टैप करने से भुगतान पूरा हो जाएगा।
इस सिस्टम की सबसे बड़ी खासियत यह होगी कि लेनदेन के समय न तो ग्राहक के मोबाइल में इंटरनेट की जरूरत होगी और न ही दुकानदार के POS (Point of Sale) टर्मिनल को ऑनलाइन रहने की आवश्यकता होगी।
UPI Lite वॉलेट से होगा ऑफलाइन भुगतान
बताते चलें कि, शुरुआती चरण में इस सुविधा के जरिए एक बार में अधिकतन 2,000 रुपए तक का भुगतान किया जा सकेगा। इसके लिए उपयोगकर्ताओं को पहले इंटरनेट उपलब्ध होने पर अपने UPI Lite Wallet में राशि जोड़नी होगी। इसके बाद उसी बैलेंस का उपयोग इंटरनेट न होने की स्थिति में भी किया जा सकेगा। रिपोर्ट्स के अनुसार, छोटे भुगतानों के लिए हर बार UPI PIN दर्ज करने की आवश्यकता भी नहीं होगी, जिससे भुगतान प्रक्रिया पहले से अधिक तेज और सुविधाजनक बन जाएगी।
फ्लाइट और मेट्रो यात्रियों को मिलेगा सबसे ज्यादा फायदा
यह नई सुविधा खासतौर पर उन स्थानों के लिए उपयोगी साबित हो सकती है, जहां इंटरनेट कनेक्टिविटी कमजोर या बिल्कुल नहीं होती। उदाहरण के तौर पर हवाई यात्रा के दौरान एयरप्लेन मोड में या अंडरग्राउंड मेट्रो स्टेशनों पर नेटवर्क की समस्या के कारण अक्सर डिजिटल भुगतान करना मुश्किल हो जाता है। नई तकनीक लागू होने के बाद यात्री फ्लाइट में भोजन या अन्य सेवाओं का भुगतान और मेट्रो स्टेशनों पर खरीदारी जैसी सुविधाओं के लिए आसानी से UPI का इस्तेमाल कर सकेंगे, चाहे इंटरनेट उपलब्ध हो या नहीं।
दुकानदारों को भी करनी होगी तकनीकी तैयारी
इस सुविधा का लाभ केवल ग्राहकों के स्मार्टफोन तक सीमित नहीं रहेगा। इसके लिए व्यापारियों के POS टर्मिनल भी NFC आधारित ऑफलाइन UPI भुगतान के अनुरूप प्रमाणित (Certified) होने चाहिए। रिपोर्ट्स के मुताबिक, NPCI जल्द ही ऐसे POS टर्मिनलों के प्रमाणन की प्रक्रिया शुरू कर सकता है। इसके बाद बैंक और विभिन्न UPI ऐप प्रदाता भी अपने प्लेटफॉर्म पर इस फीचर को जोड़ेंगे, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका उपयोग कर सकें।
अभी विकास के चरण में है नई सुविधा
फिलहाल यह तकनीक विकास (Development) के चरण में है और आम उपभोक्ताओं के लिए उपलब्ध नहीं है। NPCI की ओर से अभी इसकी आधिकारिक लॉन्च तारीख की घोषणा नहीं की गई है। हालांकि, मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि इस पर तेजी से काम चल रहा है और भविष्य में इसे चरणबद्ध तरीके से शुरू किया जा सकता है।
6000 आवेदन, 16 महीने संघर्ष के बाद जॉन को मिली नई नौकरी
डिजिटल भुगतान होगा पहले से ज्यादा आसान
यदि यह सुविधा शुरू होती है, तो भारत की डिजिटल भुगतान व्यवस्था को एक नई मजबूती मिलेगी। इंटरनेट की अनुपलब्धता के कारण भुगतान रुकने या असफल होने जैसी समस्याएं काफी हद तक कम हो सकती हैं। यात्रा, ग्रामीण क्षेत्रों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और कमजोर नेटवर्क वाले इलाकों में भी लोग बिना किसी परेशानी के UPI के जरिए भुगतान कर सकेंगे। इस नई तकनीक के लागू होने से डिजिटल लेनदेन पहले की तुलना में अधिक तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक बनने की उम्मीद है, जिससे देश में कैशलेस भुगतान को और अधिक बढ़ावा मिलेगा।










