Dhurandhar 2 Release Date: रणवीर सिंह की एक्शन-थ्रिलर फिल्म ‘धुरंधर’ पिछले साल दिसंबर में रिलीज हुई थी और देखते ही देखते यह साल की सबसे बड़ी बॉलीवुड फिल्मों में शामिल हो गई। फिल्म को दर्शकों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली, जिसके बाद से ही इसके सीक्वल ‘धुरंधर द रिवेंज’ का इंतजार तेज हो गया। अब मेकर्स इस बहुप्रतीक्षित फिल्म को 19 मार्च 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज करने की तैयारी कर रहे हैं।
फिल्म की रिलीज से पहले दर्शकों की नजरें इसके ट्रेलर पर टिकी हुई हैं। शुरुआत में खबरें सामने आ रही थीं कि फिल्म का ट्रेलर 6 मार्च को रिलीज किया जाएगा, लेकिन अब खुद रणवीर सिंह ने इसकी सही तारीख और समय की पुष्टि कर दी है।
Toxic Release Date: यश की कमबैक फिल्म ‘टॉक्सिक’ की डेट बदली, जानें कब होगी रिलीज
रणवीर सिंह ने पोस्टर के साथ किया आधिकारिक ऐलान

आपको बता दें कि, 6 मार्च को रणवीर सिंह ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर फिल्म का नया पोस्टर साझा किया। इसी पोस्ट के जरिए उन्होंने ट्रेलर रिलीज को लेकर फैली अटकलों पर विराम लगा दिया। पोस्ट में साफ लिखा गया है कि ‘धुरंधर 2’ का ट्रेलर 7 मार्च को सुबह 11:01 बजे रिलीज होगा। पोस्ट के साथ दी गई जानकारी के मुताबिक, फिल्म 19 मार्च 2026 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इसे हिंदी के साथ-साथ तेलुगु, तमिल, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में भी दर्शकों के लिए पेश किया जाएगा। इस घोषणा के बाद फैंस का उत्साह और भी बढ़ गया है और सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
संभावित रनटाइम और स्टार कास्ट
फिल्म के रनटाइम को लेकर भी चर्चा चल रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ‘धुरंधर 2’ का संभावित रनटाइम लगभग 3 घंटे 55 मिनट बताया जा रहा है, यानी फिल्म करीब चार घंटे लंबी हो सकती है। हालांकि, फिल्म की सटीक अवधि का खुलासा इसके आधिकारिक रिलीज के बाद ही होगा।
स्टार कास्ट की बात करें तो रणवीर सिंह के अलावा इस फिल्म में कई बड़े कलाकार नजर आने वाले हैं। इनमें संजय दत्त, सारा अर्जुन, आर. माधवन, अर्जुन रामपाल और राकेश बेदी जैसे नाम शामिल हैं। फिल्म का निर्देशन आदित्य धर ने किया है, जबकि इसे ज्योति देशपांडे, आदित्य धर और लोकेश धर ने मिलकर प्रोड्यूस किया है। यह फिल्म जियो स्टूडियो और B62 स्टूडियो के बैनर तले बनाई जा रही है।
बॉक्स ऑफिस पर किससे होगी टक्कर
पहले खबर थी कि ‘धुरंधर द रिवेंज’ का बॉक्स ऑफिस पर बड़ा मुकाबला यश की फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ से होगा, क्योंकि दोनों फिल्मों की रिलीज एक ही समय पर तय की गई थी। लेकिन हाल ही में उस फिल्म के मेकर्स ने इसकी रिलीज डेट आगे बढ़ा दी है। रिपोर्ट्स के अनुसार, गीतू मोहनदास के निर्देशन में बन रही ‘टॉक्सिक’ को अब 4 जून 2026 को रिलीज किया जाएगा। मेकर्स का कहना है कि मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और अमेरिका-इज़राइल-ईरान के बीच चल रहे हालात की वजह से यह फैसला लिया गया है।
हालांकि अब ‘धुरंधर 2’ का सीधा मुकाबला साउथ सुपरस्टार पवन कल्याण की फिल्म ‘उस्ताद भगत सिंह’ से होने वाला है। ऐसे में बॉक्स ऑफिस पर दो बड़ी फिल्मों के बीच दिलचस्प टक्कर देखने को मिल सकती है। फिलहाल, फैंस की नजरें 7 मार्च को आने वाले ट्रेलर पर टिकी हैं, जिससे फिल्म की कहानी और एक्शन की झलक मिलने की उम्मीद है।










