Karan Johar on Dhurandhar 2: आदित्य धर के निर्देशन में बनी ‘धुरंधर 2’ सिनेमाघरों में रिलीज होते ही चर्चा का केंद्र बन गई है। आलिया भट्ट, रजनीकांत और अल्लू अर्जुन जैसे सुपरस्टार्स के बाद अब बॉलीवुड के मशहूर फिल्ममेकर करण जौहर ने इस फिल्म को लेकर एक बेहद भावुक और विस्तृत नोट साझा किया है।
करण जौहर का ‘धुरंधर 2’ पर वायरल रिव्यू
बताते चले कि, करण जौहर ने इंस्टाग्राम पर फिल्म का एक विस्तृत विश्लेषण साझा करते हुए इसे भारतीय सिनेमा का एक नया मील का पत्थर बताया है। उन्होंने लिखा कि आदित्य धर की निर्देशित फिल्म केवल एक्शन और ‘अल्फा एनर्जी’ तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें भावनाओं का एक गहरा समंदर है। करण के अनुसार, फिल्म में जसकिरत की दिल दहला देने वाली बैकस्टोरी और मातृभूमि के लिए दिए गए बलिदान दर्शकों को अंदर तक झकझोर देते हैं। उन्होंने फिल्म की ‘बेमिसाल कारीगरी’ और साउंडस्केप की जमकर सराहना की, जो इसे एक सिनेमाई मास्टरपीस (Cinematic Masterpiece) बनाता है।
आदित्य धर के निर्देशन और टैलेंट का जलवा
फिल्ममेकर करण जौहर ने आदित्य धर के विजन की तारीफ करते हुए कहा कि वह न केवल मेनस्ट्रीम सिनेमा का स्तर ऊंचा उठा रहे हैं, बल्कि भविष्य के निर्देशकों के लिए एक नया पैमाना भी तय कर रहे हैं। करण ने विश्वास जताया कि ‘धुरंधर 2’ का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन पुराने सभी कीर्तिमानों को ध्वस्त कर देगा। उन्होंने लिखा, “ये फिल्म बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड तोड़कर घुसेगी भी और हर रिकॉर्ड मारेगा भी।” उनके मुताबिक, विलेन के किरदार को जिस तरह मानवीय परतों के साथ पेश किया गया है, वह आदित्य धर की निर्देशन क्षमता का बेहतरीन प्रमाण है।
करण जौहर ने बताया ‘सच्चा धुरंधर मूवी स्टार’
रणवीर सिंह की एक्टिंग की सराहना करते हुए करण जौहर काफी भावुक नजर आए। उन्होंने रणवीर को संबोधित करते हुए लिखा कि यह उनके करियर का अब तक का सबसे बेहतरीन काम है। करण के अनुसार, रणवीर का हर आंसू, उनकी खामोश निगाहें और स्क्रीन पर उनका ‘बेमिसाल स्वैग’ यह साबित करता है कि वह वर्तमान पीढ़ी के सबसे महान कलाकारों में से एक हैं। रणवीर सिंह का ‘धुरंधर’ अवतार उन्हें आने वाले कई सालों तक इंडस्ट्री के एक दिग्गज सुपरस्टार के रूप में स्थापित रखेगा।
सिंगल स्क्रीन के दौर की यादें हुईं ताजा
करण जौहर ने बताया कि ‘धुरंधर 2’ देखने के बाद वह 70 के दशक के उन दिनों में वापस चले गए, जब वे सिंगल स्क्रीन सिनेमाघरों में शुद्ध हिंदी फिल्में देखा करते थे। उन्होंने कहा कि इस फिल्म ने उन्हें गर्व और आभार महसूस कराया है कि वह इस फिल्म बिरादरी का हिस्सा हैं। हिंदी फिल्म इंडस्ट्री (Bollywood Industry) में ‘धुरंधर 2’ ने एक ऐसा जोश भर दिया है, जिसकी कमी लंबे समय से महसूस की जा रही थी। फिल्म देखने के बाद करण ने खुद को एक प्रशंसक के रूप में पाया और सिनेमा के प्रति अपने प्यार को फिर से महसूस किया।
आलिया भट्ट से लेकर रजनीकांत तक ‘धुरंधर’ के हुए दीवाने
फिल्म की सफलता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि रिलीज के चंद दिनों के भीतर ही दक्षिण से लेकर उत्तर भारत तक के सभी बड़े सितारों ने इसकी तारीफ की है। आलिया भट्ट, विकी कौशल, महेश बाबू, विजय देवरकोंडा, अल्लू अर्जुन और राम चरण जैसे दिग्गजों ने ‘धुरंधर 2’ की सफलता पर अपनी मुहर लगा दी है। फिल्म की आंधी ऐसी है कि दूसरे हफ्ते में भी इसके शो हाउसफुल जा रहे हैं और यह साल 2026 की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर बनने की राह पर है।









