Ameesha Patel Praises Dhurandhar 2: अमीषा पटेल ने फिल्म को बताया ‘आई ओपनर’, बॉलीवुड की दुखती रग पर रखा हाथ

रणवीर सिंह की 'धुरंधर 2' बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़ रही है। फिल्म की सफलता के बीच एक्ट्रेस अमीषा पटेल ने बॉलीवुड के ट्रेंड पर निशाना साधते हुए इसे 'असली सिनेमा' बताया। रजनीकांत और एसएस राजामौली जैसे दिग्गजों ने भी फिल्म के विजन की सराहना की है।

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

मार्च 25, 2026

Ameesha Patel Praises Dhurandhar 2: भारतीय सिनेमा के इतिहास में समय-समय पर ऐसी फिल्में आती हैं जो न केवल कमाई के रिकॉर्ड तोड़ती हैं, बल्कि इंडस्ट्री की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े करती हैं। रणवीर सिंह स्टारर ‘धुरंधर 2’ (Dhurandhar 2 Box Office) इस वक्त ऐसी ही एक मिसाल बन चुकी है। फिल्म की अभूतपूर्व सफलता ने जहाँ दर्शकों को अपना दीवाना बनाया है, वहीं ‘गदर’ फेम अभिनेत्री अमीषा पटेल ने इस फिल्म की तारीफ करते हुए बॉलीवुड के ‘प्रोजेक्ट कल्चर’ पर कड़ा प्रहार किया है।

अमीषा पटेल का ‘X’ पर वायरल पोस्ट

बताते चले कि, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ (पूर्व में ट्विटर) पर अमीषा पटेल ने फिल्म के निर्देशक आदित्य धर की जमकर सराहना की। उन्होंने इस फिल्म को भारतीय सिनेमा के लिए एक ‘आई ओपनर’ करार दिया। अमीषा ने फिल्म की सफलता का श्रेय सही कास्टिंग और कहानी को देते हुए कहा कि अब समय आ गया है जब बॉलीवुड को सिर्फ ‘प्रोजेक्ट’ (मुनाफे के सौदे) बनाना बंद कर देना चाहिए और वास्तविक सिनेमा पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।

अमीषा का कास्टिंग पर तीखा हमला

आपको बता दे कि, अपने ट्वीट में अमीषा ने बॉलीवुड के मौजूदा ट्रेंड पर निशाना साधते हुए लिखा कि मेकर्स को समझना होगा कि आदित्य धर ने एक ‘फिल्म’ बनाई है, कोई व्यावसायिक ‘प्रोजेक्ट’ नहीं। उन्होंने कलाकारों के चयन की तारीफ करते हुए कहा कि इस फिल्म में असली अभिनेताओं को जगह दी गई है, न कि उन इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर्स को जो केवल पार्टियों में ट्रेंड होते हैं। अमीषा का यह बयान सोशल मीडिया पर काफी चर्चा बटोर रहा है, जिसे कई लोग इंडस्ट्री के नेपोटिज्म और दिखावे की संस्कृति पर हमला मान रहे हैं।

दिग्गज निर्देशकों ने भी माना फिल्म का लोहा

‘धुरंधर 2’ का जादू केवल हिंदी बेल्ट तक सीमित नहीं है, बल्कि दक्षिण भारतीय फिल्म जगत (South Film Industry) के दिग्गजों ने भी इसे सिनेमा की एक बेहतरीन उपलब्धि बताया है। सुपरस्टार रजनीकांत और एसएस राजामौली (Rajinikanth & Rajamouli Review) जैसे बड़े नामों ने रणवीर सिंह के अभिनय की मुक्तकंठ से प्रशंसा की है। साथ ही जूनियर एनटीआर, अल्लू अर्जुन और महेश बाबू ने भी इस फिल्म को भारतीय सिनेमा के लिए एक नया मील का पत्थर बताया है।

बॉलीवुड के बड़े सितारों ने भी की रणवीर सिंह की सराहना

रणवीर सिंह की एक्टिंग की तारीफ करने वालों में आलिया भट्ट, सिद्धार्थ मल्होत्रा, आयुष्मान खुराना और रितेश देशमुख जैसे नाम भी शामिल हैं। फिल्म विश्लेषकों का मानना है कि ‘धुरंधर’ फ्रेंचाइजी (Dhurandhar Franchise Success) ने यह साबित कर दिया है कि अगर कंटेंट दमदार हो, तो उसे सफल होने से कोई नहीं रोक सकता। नागार्जुन और राजामौली जैसे फिल्मकारों ने भी आदित्य धर के विजन को वैश्विक स्तर का बताया है, जिससे फिल्म की कमाई में लगातार उछाल देखने को मिल रहा है।