Dhurandhar 2 Advance Booking Day 1: बॉक्स ऑफिस पर ‘धुरंधर 2’ का तांडव, एडवांस बुकिंग में उड़ाए सबके होश

आदित्य धर के निर्देशन में बनी 'धुरंधर 2' ने रिलीज से पहले ही बॉक्स ऑफिस पर गदर मचा दिया है। फिल्म की कुल एडवांस बुकिंग (ब्लॉक सीटों के साथ) 135 करोड़ रुपये के पार पहुंच गई है। हाई डिमांड के चलते मुंबई और अहमदाबाद जैसे शहरों में फिल्म के शोज 24 घंटे चलाने का फैसला लिया गया है।

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

मार्च 17, 2026

Dhurandhar 2 Advance Booking Day 1: आदित्य धर के निर्देशन में बनी फिल्म ‘धुरंधर 2’ को लेकर दर्शकों का उत्साह सातवें आसमान पर है। 19 मार्च को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली यह स्पाई-एक्शन फिल्म रिलीज से पहले ही कमाई के नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है। पेड प्रीव्यू और ओपनिंग डे की एडवांस बुकिंग ने संकेत दे दिए हैं कि यह फिल्म भारतीय सिनेमा के इतिहास की सबसे बड़ी ओपनर साबित हो सकती है।

रिकॉर्ड ब्रेकिंग एडवांस बुकिंग

बताते चले कि, ‘धुरंधर: द रिवेंज’ के लिए काउंटडाउन शुरू हो चुका है। फिल्म ने 18 मार्च को होने वाले प्रीमियर शोज के लिए 40.70 करोड़ रुपये की शानदार एडवांस बुकिंग (ब्लॉक सीटों के साथ) दर्ज की है। वहीं, 19 मार्च (ओपनिंग डे) के लिए भी रुझान बेहद सकारात्मक हैं। 17 मार्च की दोपहर तक ही पहले दिन के लिए 30.75 करोड़ रुपये की टिकटें बिक चुकी हैं, जिसमें 15,000 से अधिक शोज और 6.70 लाख टिकटों की बिक्री शामिल है।

ओवरसीज मार्केट में फिल्म का दबदबा

फिल्म का जादू सिर्फ भारत ही नहीं बल्कि विदेशों में भी सिर चढ़कर बोल रहा है। ओवरसीज मार्केट में वीकेंड के लिए प्री-सेल्स का आंकड़ा 65 करोड़ रुपये को पार कर चुका है। यदि ब्लॉक बुकिंग और अंतरराष्ट्रीय आंकड़ों को मिला दिया जाए, तो ‘धुरंधर 2’ का कुल एडवांस कलेक्शन अब तक 135 करोड़ रुपये से अधिक हो चुका है। बिना ब्लॉक सीटों के भी घरेलू बाजार में फिल्म 22.39 करोड़ का मजबूत आधार बना चुकी है।

हिंदी बेल्ट में जबरदस्त क्रेज

‘धुरंधर 2’ के हिंदी वर्जन में सबसे ज्यादा टिकटों की बिक्री हो रही है। हालांकि, फिल्म के तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ डब वर्जन भी शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। दक्षिण भारत में इस फिल्म का मुकाबला पवन कल्याण की ‘उस्ताद भगत सिंह’ से है, लेकिन इसके बावजूद आदित्य धर की फिल्म अपनी रफ्तार बनाए हुए है और भाषाई सीमाओं को तोड़ते हुए अखिल भारतीय स्तर पर सफल हो रही है।

सिनेमाघरों में 24 घंटे चलेंगे शोज

फिल्म की अभूतपूर्व मांग को देखते हुए कई सिनेमाघरों ने 24 घंटे शो चलाने का निर्णय लिया है। मुंबई, ठाणे और अहमदाबाद जैसे शहरों में देर रात और तड़के (सुबह 1:50 बजे) के शोज भी हाउसफुल जा रहे हैं। पीवीआर और मूवी मैक्स जैसे बड़े मल्टीप्लेक्स चेन ने आधी रात के बाद के स्लॉट भी अलॉट कर दिए हैं। सुरक्षा और लॉजिस्टिक्स को ध्यान में रखते हुए, पश्चिमी और दक्षिणी भारत के कई थिएटर अगले 24 घंटों में और अधिक नाइट शोज जोड़ने की तैयारी में हैं।

फिल्म की स्टार कास्ट और प्रोडक्शन टीम

रणवीर सिंह स्टारर इस फिल्म में अर्जुन रामपाल, संजय दत्त, आर माधवन और सारा अर्जुन जैसे दिग्गज कलाकार मुख्य भूमिकाओं में हैं। जियो स्टूडियोज और बी62 स्टूडियोज के बैनर तले बनी इस फिल्म का संगीत शाश्वत सचदेव ने दिया है। विकास नौलखा की सिनेमैटोग्राफी और आदित्य धर का विजन इस स्पाई-एक्शन थ्रिलर को साल की सबसे बड़ी फिल्म बनाने की राह पर है।