Dhurandhar 2 BO Day 6: भारतीय बॉक्स ऑफिस पर इन दिनों फिल्म ‘धुरंधर 2’ का दबदबा देखने को मिल रहा है। यह फिल्म रिलीज के पहले दिन से ही जबरदस्त प्रदर्शन कर रही है और कमाई के नए-नए रिकॉर्ड बना रही है। खास बात यह है कि जहां आमतौर पर फिल्मों की कमाई वीकेंड के बाद घटने लगती है, वहीं ‘धुरंधर 2’ वीकडेज में भी शानदार प्रदर्शन कर रही है।
आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस स्पाई थ्रिलर को शुरुआत में भले ही मिले-जुले रिव्यू मिले हों, लेकिन दर्शकों के मजबूत वर्ड ऑफ माउथ ने इसे सुपरहिट बना दिया है। रणवीर सिंह स्टारर इस फिल्म ने पेड प्रीव्यू से ही शानदार शुरुआत की थी और 43 करोड़ रुपये की कमाई कर यह संकेत दे दिया था कि यह फिल्म बड़े रिकॉर्ड बनाने वाली है।
सफलता की मिसाल बनीं मानसी पारेख, शेयर किया अपना सीक्रेट
छठे दिन का कलेक्शन भी शानदार

फिल्म ने अपने पहले दिन 102.55 करोड़ रुपये की धमाकेदार ओपनिंग की। दूसरे दिन थोड़ी गिरावट आई और कलेक्शन 80.72 करोड़ रुपये रहा। इसके बाद वीकेंड पर फिल्म ने जबरदस्त उछाल लिया। तीसरे दिन यानी शनिवार को 113 करोड़ रुपये की कमाई हुई, जबकि चौथे दिन रविवार को यह आंकड़ा बढ़कर 114.85 करोड़ रुपये पहुंच गया।
पांचवें दिन, जो कि सोमवार था और कोई छुट्टी भी नहीं थी, फिल्म ने 65 करोड़ रुपये का शानदार कलेक्शन किया। अब छठे दिन यानी मंगलवार को भी फिल्म ने अपनी पकड़ मजबूत बनाए रखी और लगभग 56.55 करोड़ रुपये की कमाई कर डाली। इस तरह सिर्फ छह दिनों में फिल्म का कुल कलेक्शन 575.67 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है, जो अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है।
कई बड़ी फिल्मों को छोड़ा पीछे
‘धुरंधर 2’ ने कमाई के मामले में कई बड़ी फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है। इसने ‘बाहुबली 2’ के हिंदी वर्जन के 511 करोड़ रुपये के रिकॉर्ड को पार कर लिया है, जो लंबे समय तक एक बेंचमार्क बना हुआ था। इतना ही नहीं, इस फिल्म ने सनी देओल की ‘गदर 2’ (525 करोड़), शाहरुख खान की ‘पठान’ (543 करोड़) और रणबीर कपूर की ‘एनिमल’ (556 करोड़) जैसी बड़ी फिल्मों के कुल कलेक्शन को भी पीछे छोड़ दिया है।
फिल्म की रफ्तार को देखते हुए माना जा रहा है कि यह जल्द ही 600 करोड़ रुपये का आंकड़ा भी पार कर लेगी। ट्रेड एक्सपर्ट्स का अनुमान है कि यह फिल्म आने वाले दिनों में और भी बड़े रिकॉर्ड बना सकती है।
स्टार कास्ट और फिल्म की खासियत
‘धुरंधर 2’ में रणवीर सिंह के अलावा आर. माधवन, अर्जुन रामपाल, संजय दत्त, सारा अर्जुन और राकेश बेदी जैसे कलाकार नजर आ रहे हैं। सभी ने अपने किरदारों को प्रभावशाली ढंग से निभाया है, जो फिल्म की सफलता में अहम भूमिका निभा रहे हैं। यह फिल्म 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और इसकी कहानी, एक्शन और निर्देशन को दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है।
रिकॉर्ड तोड़ने की ओर बढ़ती फिल्म
‘धुरंधर’ फ्रेंचाइजी की पहली फिल्म ने भी दुनियाभर में शानदार प्रदर्शन किया था और 1300 करोड़ रुपये की कमाई की थी। अब इसका सीक्वल ‘धुरंधर 2’ उससे भी बेहतर प्रदर्शन करता नजर आ रहा है।
कई ट्रेड पंडितों का मानना है कि यह फिल्म ‘दंगल’ के 2070 करोड़ रुपये के रिकॉर्ड को भी चुनौती दे सकती है। अगर यही रफ्तार बनी रही, तो ‘धुरंधर 2’ भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्मों में शामिल हो सकती है।
‘तुम्बाड 2’ की शूटिंग की तैयारी तेज, मुंबई में बन रहा विशाल सेट









